जेम्स एंडरसन ने छुआ नया कीर्तिमान, बने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने वाले तेज गेंदबाज
इससे पहले वेस्टइंडीज के कोर्टनी वाल्श साल 2001 में क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने से पहले 30,019 गेंद डाल चुके हैं।
Published On Apr 03, 2018, 12:37 PM IST
Last UpdatedApr 03, 2018, 12:37 PM IST
जेम्स एंडरसन © Getty Images
क्रिकेट में कहा जाता है कि हर रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनता है। भले ही रिकॉर्ड को टूटने में दशकों का समय ही क्यों न लग जाए, लेकिन समय के साथ नई जनरेशन के खिलाड़ी अपनी काबिलियत से पूर्व खिलाड़ियों के रिकॉर्ड को तोड़ ही देते हैं। इसी कड़ी में अब इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे टेस्ट मैच में उन्होंने अपने टेस्ट करियर की 30,020 वीं गेंद डाली। इसके साथ ही वो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा गेंद डालने वाले सीम गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज के कोर्टनी वाल्श साल 2001 में क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने से पहले 30,019 गेंद डाल चुके हैं। एंडरसन को उनके रिकॉर्ड को तोड़ने में 17 साल का समय लगा।
जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में 27.34 की औसत से 531 विकेट ली हैं, जबकि वाल्श ने 24.44 की औसत से 519 विकेट को अपने नाम किया था। हालांकि अगर टेस्ट क्रिकेट में ओवरऑल सबसे ज्यादा गेंद डालने की बात करें तो इसमें एंडरसन चौथे स्थान पर आते हैं। उनसे उपर सभी गेंदबाज स्पिनर हैं। श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन ने टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा 44,039 गेंद फेंकी हैं।
टेस्ट क्रिकेट में किसी तेज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने की बात करें तो एंडरसन दूसरे नंबर पर आते है। वो ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रा से पीछे हैं। मैकग्रा ने अपने टेस्ट करियर में 563 विकेट ली हैं, जबकि एंडरसन अब तक 531 विकेट ले चुके हैं। जिस तरह से एंडरसन गेंदबाजी कर रहे हैं उसे देखकर लगता है कि वो जल्द ही टेस्ट इंतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन जाएंगे।