IPL 2024 में ब्रेक लेंगे SRH के बॉलिंग कोच डेल स्टेन, जेम्स फ्रैंकलिन संभाल सकते हैं जिम्मेदारी
साउथ अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी कोच के रूप में अपनी भूमिका से ब्रेक का अनुरोध किया है.
Published On Mar 03, 2024, 07:50 AM IST
Last UpdatedMar 03, 2024, 07:50 AM IST
PIC- @DaleSteyn62
हैदराबाद। न्यूजीलैंड के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेम्स फ्रैंकलिन 22 मार्च से शुरू होने वाले आगामी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी कोच के रूप में डेल स्टेन की जगह ले सकते हैं. साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज स्टेन, जिन्होंने 2022 में SRH के गेंदबाजी कोच का पद संभाला था, ने व्यक्तिगत कारणों से फ्रेंचाइजी से उन्हें इस सीज़न के लिए ब्रेक देने का अनुरोध किया है.
आईपीएल के एक सूत्र ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ”हम उनसे (फ्रैंकलिन) बात कर रहे हैं क्योंकि डेल स्टेन इस सीजन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.”
फ्रैंकलिन को खासा अनुभव
43 वर्षीय ने इससे पहले 2011 और 2021 सीज़न में मुंबई इंडियंस के लिए खेला था, लेकिन आईपीएल में कोच के रूप में यह उनका पहला कार्यकाल है. हालाँकि, फ्रैंकलिन को इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में डरहम और पाकिस्तान सुपर लीग टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ सहायक कोच के रूप में कोचिंग का अनुभव है.
SRH में, फ्रैंकलिन अपने पूर्व साथी डैनियल विटोरी के साथ जुड़ेंगे, जिन्हें आईपीएल 2023 के बाद टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया था. इससे पहले, उन्होंने काउंटी क्रिकेट में मिडलसेक्स के साथ-साथ बर्मिंघम फीनिक्स इन द हंड्रेड के साथ भी काम किया है. फ्रैंकलिन ने 2001 से 2013 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 31 टेस्ट, 110 वनडे और 38 T20 मैच खेले हैं.
23 मार्च से SRH करेगी आगाज
IPL 2016 की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद 23 मार्च को ईडन गार्डन्स में दो बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने 2024 अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद 27 मार्च को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस.के खिलाफ अपना पहला घरेलू मैच खेलेगी.