add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

Ranji Tropy: आकिब नबी ने गेंद से बरपाया कहर, 67 साल में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची जम्मू कश्मीर की टीम

पहली पारी में सात विकेट चटकाने वाले नबी ने दूसरी पारी में पांच विकेट झटके. 291 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही मध्य प्रदेश की टीम 234 रन पर आउट हो गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 9, 2026 5:11 PM IST

तेज गेंदबाज आकिब नबी के करियर के सर्वश्रेष्ठ 12 विकेट से जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच के चौथे दिन सोमवार को मध्य प्रदेश को 56 रन से हराकर अपने 67 साल के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह पक्की की.

पहली पारी में सात विकेट चटकाने वाले 29 साल के नबी ने दूसरी पारी में पांच विकेट झटके जिससे जीत के लिए 291 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही 2021-22 की चैंपियन मध्य प्रदेश की टीम 234 रन पर आउट हो गई.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

जम्मू कश्मीर के सामने सेमीफाइनल में बंगाल और आंध्र के बीच खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ने वाली टीम की चुनौती होगी. दूसरे सेमीफाइनल में उत्तराखंड की टक्कर कर्नाटक से होगी.

आकिब ने दूसरी पारी में चटकाए पांच विकेट

आकिब ने बीते दिन 23 रन देकर तीन विकेट लिये थे जिससे मध्य प्रदेश का स्कोर दूसरी पारी में पांच विकेट पर 84 रन था, आकिब ने मैच के चौथे दिन रामवीर गुर्जर (11) और फिर मध्य प्रदेश की आखिरी उम्मीद सारांश जैन (81 गेंद में 64 रन) को आउट कर मैच में दूसरी बार पांच विकेट झटकने का कारनामा पूरा किया. आर्यन पांडे (22) आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे.

इससे पहले दिन की शुरुआत में टीम ने अभी 20 रन ही जोड़े थे कि अनुभवी वेंकटेश अय्यर (17) सुनील कुमार की गेंद को विकेटकीपर के हाथों में खेल गये. सारांश ने इसके बाद शुभम शर्मा (32) और रामवीर के साथ अहम साझेदारियां कर जम्मू कश्मीर के जीत के इंतजार को बढ़ाया. आबिद मुश्ताक ने 49 रन देकर तीन विकेट चटकाए.

आकिब नबी को आईपीएल ऑक्शन में मिले थे 8.40 करोड़

आकिब नबी को लेकर आईपीएल ऑक्शन में फ्रेंचाइजी टीमों के बीच जमकर संघर्ष दिखा था. दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ की बड़ी बोली के साथ उन्हें अपनी टीम के साथ जोड़ा था.

राहुल के शतक से मुंबई को हराकर कर्नाटक भी सेमीफाइनल में

भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के 24वें प्रथम श्रेणी शतक की बदौलत कर्नाटक ने सोमवार को 42 बार के चैंपियन मुंबई को चार विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया. राहुल ने 182 गेंद में 14 चौकों और एक छक्के से 130 रन की पारी खेली जिससे कर्नाटक ने 325 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट पर 325 रन बनाकर जीत दर्ज की.

बेंगलुरु में अगले हफ्ते होने वाले सेमीफाइनल में कर्नाटक की भिड़ंत अब उत्तराखंड से होगी.

रविचंद्रन स्मरण ने खेली दमदार पारी

भारत की टेस्ट और एकदिवसीय टीम के अहम सदस्य राहुल को रविचंद्रन स्मरण (नाबाद 83, 123 गेंद, 11 चौके) के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला, दोनों ने मैच के चौथे दिन चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करके कर्नाटक की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

राहुल की पारी की बदौलत आठ बार का चैंपियन कर्नाटक लंच तक तीन विकेट पर 265 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में था. राहुल हालांकि लंच के तुंरत बाद तुषार देशपांडे का शिकार बने. देशपांडे और तनुष कोटियान ने इसके बाद कर्नाटक का स्कोर छह विकेट पर 285 रन कर दिया.

स्मरण-विद्याधर पाटिल ने दिलाई जीत

बाइस साल के स्मरण ने इसके बाद अपना विकेट बचाने को तरजीह जबकि विद्याधर पाटिल ने 30 गेंद में चार चौकों और एक छक्के से नाबाद 31 रन की पारी खेलकर कर्नाटक को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. इससे पहले राहुल ने अपनी पारी के दौरान काफी धैर्य दिखाया और कोटियान की गेंद पर चौके के साथ शतक पूरा किया.

इनपुट- भाषा