बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया का होगा दबदबा... पूर्व क्रिकेटर जेसन गिलेस्पी ने की भविष्यवाणी
पांच मैचों की इस सीरीज का आगाज 22 नवंबर से पर्थ में होगा. यह 1991-92 के बाद पहली बार है जब दोनों टीमें आपस में पांच मैचों की सीरीज खेलेगी.
Published On Sep 17, 2024, 07:04 PM IST
Last UpdatedSep 17, 2024, 07:04 PM IST
(Image credit- ICC X)
मेलबर्न. पाकिस्तान की टेस्ट टीम के मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी का मानना है कि ‘शानदार लय में चल रही’ भारतीय टीम पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन की मौजूदगी वाली ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी आक्रमण भारी पड़ेगी.
ऑस्ट्रेलिया 2014-15 सत्र के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को अपने नाम करने में विफल रहा है. भारत दोनों देशों के बीच पिछली चार टेस्ट सीरीज को जीतने में सफल रहा है, जिसमें से 2018-19 और 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर ऐतिहासिक जीत भी शामिल है. ऑस्ट्रेलिया के लिए 71 टेस्ट मैचों में 259 विकेट लेने वाले गिलेस्पी का मानना है टीम की मौजूदा गेंदबाजी इकाई के पास इस परिणाम को बदलने की क्षमता है.
उन्होंने ‘फॉक्स स्पोर्ट्स’ से कहा, मैं ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का समर्थन करूंगा और मैं आश्वस्त हूं कि वे इस काम को कर सकते हैं. इस पूर्व गेंदबाज ने कहा, वे देश के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है, उनके रिकॉर्ड उनकी कामयाबी की कहानी बयां करते हैं. लियोन की मौजूदगी इस चौकड़ी को काफी मजबूत बनाती है.
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की मौजूदा चरण में एक भी सीरीज नहीं हारी है. भारत ने इस चरण में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को हराया है जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसकी सीरीज ड्रॉ रही है.
ऑस्ट्रेलिया के पास भारतीय टीम को हराने का मौका: गिलेस्पी
गिलेस्पी ने कहा, भारतीय टीम शानदार लय में है और वे पिछले कुछ समय से टेस्ट मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने हालिया श्रृंखलाओं में ऑस्ट्रेलिया को हराया है लेकिन मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया के पास इस बार भारतीय टीम को हराने का मौका है. पांच मैचों की इस सीरीज का आगाज 22 नवंबर से पर्थ में होगा. यह 1991-92 के बाद पहली बार है जब दोनों टीमें आपस में पांच मैचों की सीरीज खेलेगी.