×

जेसन गिलेस्पी ने खोली PCB की पोल, प्रताड़ना और नजरअंदाज, जानें क्यों छोड़ा पाकिस्तान का साथ

जेसन गिलेस्पी को जिन हालात में पाकिस्तान क्रिकेट का साथ छोड़ा उसकी खूब चर्चा हुई. कई सवाल उठे लेकिन पुख्ता जवाब नहीं मिला. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके रिश्ते काफी तल्ख रहे. अब ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व गेंदबाज ने बताया है कि आखिर पूरा मसला क्या था.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 2, 2026 10:15 AM IST

जेसन गिलेस्पी ने पिछले साल पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कोचिंग से इस्तीफा देने का फैसला किया था. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर को अप्रैल 2024 में टेस्ट टीम का कोच बनाया गया था लेकिन उन्होंने सिर्फ 8 महीने बाद ही इस्तीफा दे दिया था. गिलेस्पी ने पाकिस्तान की साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के बाद अपना पद छोड़ दिया था.

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर सवाल-जवाब सेशन में गिलेस्पी ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐसे कई फैसले लिए जिनसे उन्हें प्रताड़ित महसूस हुआ. उन्होंने आगे कहा कि सहायक कोच टिम नील्सन को हटाने से पहले पीसीबी ने उनसे बात नहीं की थी. उन्होंने इस फैसले को अस्वीकार्य बताया.

एक फैन ने गिलेस्पी से पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) पर गिलेस्पी की राय पूछी. उन्होंने जवाब दिया, ‘यह एक शानदार लीग है.’ एक और फैन ने पूछा कि आखिर उन्होंने अगर उन्हें पीएसएल इतना पसंद है तो उन्होंने पाकिस्तान क्यों छोड़ा. गिलेस्पी ने जवाब दिया कि इसकी वजह पाकिस्तान क्रिकेट के साथ उनके बिताए वक्त में हुए अनुभव हैं.

गिलेस्पी ने लिखा, ‘मैं उस वक्त पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कोचिंग कर रहा था. पीसीबी ने हमारे सीनियर असिस्टेंट कोच को मुझसे बिना कोई बात किए हटा दिया. एक हेड कोच होने के नाते मेरे लिए यह स्थिति बिलकुल अस्वीकार्य था. इसके अलावा कई ऐसी समस्याएं थीं जिन्होंने मुझे पूरी तरह से प्रताड़ित महसूस करवाया.’

गिलेस्पी की कोचिंग में कैसा रहा पाकिस्तान का प्रदर्शन

गिलेस्पी को जब पाकिस्तानी टेस्ट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई तो टीम इस फॉर्मेट में संघर्ष कर रही थी. उनके कार्यकाल की शुरुआत बहुत ही मुश्किल वक्त में हुई. पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस निराशाजनक नतीजे ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी की खामियों को उजागर किया. इसके साथ ही टीम की कई कमजोरियां सामने आईं.

इसके बाद पाकिस्तान टेस्ट टीम के प्रदर्शन में सुधार हुआ. पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की. अक्टूबर में इस घरेलू सीरीज में पाकिस्तान की शुरुआत खराब हुई थी. टीम को पहले टेस्ट में हार मिली. इसके बाद पाकिस्तान ने स्पिनर्स के लिए मददगार पिचें बनाईं और उन पर बेहतर खेल दिखाकर सीरीज अपने नाम की.

TRENDING NOW

हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ गिलेस्पी के रिश्ते तल्ख ही रहे. इसमें सिलेक्शन का अधिकार और कोचिंग स्टाफ सिलेक्शन को लेकर विवाद के चलते गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट का साथ छोड़ने का फैसला किया.