×

Pakistan में फिर भूचाल, जेसन गिलेस्पी की होगी छुट्टी! यह खिलाड़ी बनेगा नया हेड कोच

पाकिस्तान क्रिकेट में फिर बड़ा बदलाव होने वाला है. टीम के मौजूदा हेड कोच जेसन गिलेस्पी की छुट्टी होना तय हो गया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Saurav Kumar
Last Updated on - November 17, 2024 6:35 PM IST

Jason Gillespie Remove From Head Coach Role: पाकिस्तान क्रिकेट में आए दिन कुछ न कुछ बड़े भूचाल होते रहते हैं. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर चल रहे बवाल के बीच अब पाकिस्तानी टीम के अंदर भी बड़ी हलचल हुई है. दरअसल, पाकिस्तान टीम के मौजूदा हेड कोच जेसन गिलेस्पी को उनके पद से हटाया जाना तय हो गया है.

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज जेसन पाकिस्तान टीम के टेस्ट कोच हैं वह वर्तमान में व्हाइट बॉल टीम के भी अंतरिम कोच हैं. हालांकि अब खबर सामने आ रही है कि उन्हें सभी फॉर्मेट के कोचिंग से हटाया जा रहा है. उनकी जगह पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी आकिब जावेद को सभी फॉर्मेट का हेड कोच बनाया जा सकता है.

जेसन गिलेस्पी की छु्ट्टी तय

जेसन गिलेस्पी के कोच के पद से बर्खास्त किए जाने की घोषणा सोमवार तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा कर दी जाएगी. पाकिस्तान सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलेगी. ऐसे में यह गिलेस्पी के बतौर पाकिस्तान के हेड कोच के रूप में आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला हो सकता है.

जेसन गिलेस्पी को हटाए जाने के पीछे उनके और पीसीबी के बीच तकरार है. रिपोर्ट्स के अनुसार पीसीबी ने गिलेस्पी को चैंपियंस ट्रॉफी तक सभी फॉर्मेट के कोच के रूप में कार्य करने को कहा था. हालांकि इसके लिए पीसीबी उनके कॉन्ट्रैक्ट में कोई बदलाव नहीं करना चाहता था. गिलेस्पी अन्य दो फॉर्मेट में बिना अधिक पेमेंट के काम करने के लिए तैयार नहीं थे और उन्होंने पीसीबी का यह ऑफर ठुकरा दिया. गिलेस्पी के फैसला ठुकराते ही पीसीबी ने उन्हें टेस्ट की कोचिंग से भी बर्खास्त करने का फैसला कर लिया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब एक आकिब जावेदा को तीनों फॉर्मेट का कोच बनाने के लिए तैयार है.

गिलेस्पी के लिए उथल-पुथल भरी रही पाकिस्तान कोचिंग

जेसन गिलेस्पी के लिए बतौर पाकिस्तानी कोच उनका कार्यकाल उतार-चढ़ाव भरा रहा. गिलेस्पी की अगुवाई में पाकिस्तान को बांग्लादेश के हाथों टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि पाकिस्तान की टीम ने उनके कार्यकाल में इंग्लैंड को शिकस्त दी. इतना ही नहीं पाकिस्तान ने गिलेस्पी के कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया को उन्हीं के घर में वनडे सीरीज में हराया. हालांकि टी20 सीरीज में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा.