WI VS SL: होल्डर-जोसेफ के आगे श्रीलंका ने किया सरेंडर, शाई होप ने बल्ले से किया कमाल
श्रीलंका से मिले 148 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.2 ओवर में आसानी से सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. शाई होप ने 65 रन की नाबाद पारी खेली.
Published On Jun 12, 2026, 01:46 PM IST
Last UpdatedJun 12, 2026, 01:46 PM IST
WI VS SL T20 Match
WI VS SL 1st T20I: जेसन होल्डर (तीन विकेट) और शमार जोसेफ (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद शाई होप के अर्धशतक की मदद से वेस्टइंडीज ने पहले टी-20 मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया. किंगस्टन के सबीना पार्क में श्रीलंका से मिले 148 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.2 ओवर में आसानी से सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत दमदार रही. पहले विकेट के लिए कप्तान शाई होप ने ब्रैंडन किंग के साथ मिलकर 6.2 ओवर में 67 रन जोड़े. ब्रैंडन किंग ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की शानदार पारी खेली, अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए. किंग ने अपनी पारी के दौरान टी-20 इंटरनेशनल में दो हजार रन भी पूरे कर लिए. नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे शिमरोन हेटमायर ने आगाज तो शानदार अंदाज में किया, लेकिन वह 9 गेंदों में 17 रन बनाने के बाद वानिंदु हसरंगा का शिकार बने.
शाई होप ने खेली दमदार पारी
शाई होप ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 65 रनों की कप्तानी पारी खेली और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे. होप ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. रोस्टन चेज ने 26 गेंदों में 16 रन बनाए, तो रोवमैन पॉवेल 6 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से सर्वाधिक दो विकेट वानिंदु हसरंगा ने चटकाए.
श्रीलंका के ओपनर्स ने दिलाई टीम को अच्छी शुरुआत
इससे पहले, श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 147 रन लगाए. श्रीलंका टीम को पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े. निसांका 18 रन बनाकर आउट हुए, वहीं, मेंडिस ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 36 रन बनाए.
होल्डर- जोसेफ ने बरपाया कहर
वेस्टइंडीज के गेंदबाज जेसन होल्डर और शमार जोसेफ ने इसके बाद कहर बरपाया. लसिथ क्रुस्पुल्ले को जेसन होल्डर ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा, जबकि पवन रत्नायके ने चार रन बनाए. एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद कामिंदु मेंडिस एक एंड पर खड़े रहे और उन्होंने 39 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रनों की बेशकीमती पारी खेली, वहीं, दासुन शनाका ने 22 रनों का योगदान दिया.
जेसन होल्डर ने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए. वहीं शमार जोसेफ ने 29 रन देकर श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. रोस्टन चेज ने एक विकेट चटकाया.