×

IND v SA: जसप्रीत बुमराह रचेंगे कटक में इतिहास, यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनेंगे

IND vs SA T20 सीरीज के पहले मैच में Jasprit Bumrah वह मुकाम हासिल कर सकते हैं जो किसी अन्य भारतीय गेंदबाज ने नहीं किया है. वह दुनिया के पांचवें गेंदबाज होंने जिनका नाम इस लिस्ट में शामिल होगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 9, 2025 9:43 AM IST

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज, मंगलवार से पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज हो रहा है. और भारत के प्रीमियम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. बुमराह वह करिश्मा कर सकते हैं जो आज से पहले किसी भारतीय गेंदबाज ने नहीं किया है.

टेस्ट सीरीज में भारत को 0-2 से करारी हार मिली. इसके बाद साउथ अफ्रीका को भारत ने वनडे सीरीज में 2-1 से हराया. अब टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 सीरीज खेलने उतरेगी. यह सीरीज अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम है. अगले साल सात फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप भारत में ही खेला जाएगा.

जसप्रीत बुमराह के पास 100 विकेट पूरे करने का मौका

जसप्रीत बुमराह की बात करें तो उनके पास टी20 इंटरनेशनल मैचों में 100 विकेट लेने का मौका होगा. अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो अर्शदीप सिंह के बाद दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे जिनके नाम इस फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट होंगे. अभी बुमराह ने 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 18.11 के औसत से 99 विकेट लिए हैं. वहीं अर्शदीप ने 68 मैचों में 105 विकेट लिए हैं.

भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

गेंदबाजमैचविकेट
1अर्शदीप सिंह68105
2जसप्रीत बुमराह8099
3हार्दिक पंड्या12098
4युजवेंद्र चहल8096
5भुवनेश्वर कुमार8790

तीनों फॉर्मेट में हो जाएंगे 100 विकेट

बुमराह टी20 इंटरनेशनल में 100वां विकेट लेते ही पहले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे जिनके नाम तीनों फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट होंगे. दुनिया में सिर्फ चार ही गेंदबाज ऐसे हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 100 से ज्यादा विकेट हैं. इसमें श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा, न्यूजीलैंड के पेसर टिम साउदी, बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का नाम शामिल है.

TRENDING NOW

सीरीज में बुमराह अगर 18 विकेट ले लेते हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 विकेट का आंकड़ा भी पार कर लेंगे. अभी तक 221 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 482 विकेट लिए हैं. उनका औसत 20.60 का रहा है. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर छह विकेट रहा है. उन्होंने 13 बार पारी में चार विकेट और 18 बार पारी में पांच विकेट लिए हैं.