×

लॉकडाउन ने एहसास कराया कि मैं अपने खेल को कितना पसंद करता हूं: बुमराह

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के साथ 13वें आईपीएल सीजन का आगाज करेंगे।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - September 10, 2020 11:50 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम (Team India) के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के 13वें सीजन में हिस्सा लेने के लिए मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) स्क्वाड के साथ यूएई पहुंचे हैं। इंजरी की वजह से लिए ब्रेक के बाद न्यूजीलैंड दौरे के साथ टीम इंडिया में लौटे बुमराह के लिए ये सीरीज खास अच्छी नहीं रही थी। ऐसे में वो आगामी टूर्नामेंट को लेकर काफी उत्साहित हैं।

लॉकडाउन के चौथे चरण के दौरान जब खिलाड़ियों को अपने स्टेट ग्राउंड में ट्रेनिंग करने की इजाजत मिली तो बुमराह काफी खुश हुए थे। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “एक बार लॉकडाउन आंशिक रूप से खत्म हुआ तो मुझे जिस भी मैदान पर जाने का मौका मिला, मैं उसका फायदा उठाया- लेकिन वहां कोई और नहीं था।”

बुमराह ने कहा, “ऐसा लग रहा था कि मैं छोटे बच्चे की तरह अकेले पार्क में खेल रहा था। एक महीने तक एक सिंगल विकेट पर गेंदबाजी करने से आप काफी कुछ सीख सकते हैं। आप अपने रन-अप, अपने हाथ के एंगल और लाइन पर डटे रहने के बारे में ज्यादा सोचने लगते हैं।”

भारतीय गेंदबाज ने आगे कहा, “उदाहरण के लिए, उन चीजों का पता लगाना जो मेरे लिए काम नहीं कर रही थीं, उन पर काम करना, बेसिक्स पर वापस लौटना। लगातार स्टंप पर गेंदबाजी करना बोरिंग लग सकता है लेकिन ये अच्छी चीजें सिखाता है। बिना किसी बल्लेबाज के यॉर्कर डालना। मैं केवल अपनी गेंदबाजी का आनंद ले रहा था। लॉकडाउन ने मुझे एहसास दिलाया कि मैं अपने खेल का कितना आनंद लेता हूं।”

बुमराह 19 सितंबर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के लिए ओपनिंग मैच खेलकर आईपीएल 2020 सीजन का आगाज करेंगे।