×

जसप्रीत बुमराह पर रॉबिन उथप्पा ने दी काम की सलाह, कहा यह बहुत जरूरी…

रॉबिन उथप्पा ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का ऐक्शन इस तरह का है कि उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट की जरूरत है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 18, 2025 7:30 PM IST

Jasprit Bumrah Workload: जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को लेकर कई बार चर्चा हुई है. और टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा भी इस बात से सहमत हैं. उनका मानना हैकि बुमराह का जिस तरह का ऐक्शन है और जो उनकी स्पीड है उससे उनके शरीर पर बहुत दबाव पड़ता है. और इसी वजह से उन्हें पूरी तरह फिट रखने के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट बहुत जरूरी हो जाता है.

बुमराह को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में आराम दिया गया था. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वापसी की. इस सीरीज के पहले शुरुआती दो मैचों में बुमराह खेले. इसके बाद तीसरे मैच में वह निजी कारणों से नहीं खेले थे. वहीं बुधवार को कोहरे के कारण सीरीज का चौथा मैच नहीं हो पाया था.

उथप्पा ने जियोस्टार के ‘क्रिकेट लाइव’ पर कहा, ‘वह बेमिसाल मैच विजेता हैं और उनके कार्यभार का प्रबंध करना बेहद जरूरी है. तेज गेंदबाजी शायद इस खेल का सबसे मुश्किल कौशल है और बुमराह इसे बेहद तेज गति से और चुनौतीपूर्ण एक्शन के साथ करते हैं.’

उन्होंने कहा, ‘आप उन्हें पूरी तरह से फिट बनाए रखना चाहते हैं लेकिन साथ ही आप यह भी चाहते हैं कि वह पर्याप्त क्रिकेट खेलें. हम सभी उनकी प्रतिभा से वाकिफ है और उम्मीद है कि वह विश्व कप से पहले होने वाले मैचों में निरंतरता बनाए रखने में सफल रहेंगे.’

साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन अभी तक उतार चढ़ाव वाला रहा है लेकिन इसके पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने कहा कि उनकी टीम ने भारत दौरे पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है.

स्टेन ने कहा, ‘टेस्ट सीरीज जीतना शानदार रहा और उन्होंने वनडे में भी कड़ी चुनौती पेश की. पहले वनडे में टॉस जीतने के बावजूद वह हार गए थे. अगर वे वह मैच जीत जाते, तो वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर सकते थे.’ इस दिग्गज तेज गेंदबाज ने कहा कि अगर भारत टी20 सीरीज जीतता है तो वह इसका हकदार है.

TRENDING NOW

उन्होंने कहा, ‘अब तक खेले गए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत बेहतर टीम रही है. एक मैच में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को सस्ते में आउट कर दिया, दूसरे में रन लुटाए, लेकिन धर्मशाला में फिर से दबदबा कायम किया. अगर भारत यह श्रृंखला जीतता है, तो मैं कहूंगा कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. वे इसके हकदार हैं. लेकिन मुझे उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका वापसी करेगा. उनका यह दौरा शानदार रहा है.’