जेडन सील्स की इतनी कंजूस गेंदबाजी, टूटा 46 साल का रिकॉर्ड; वेस्टइंडीज का बांग्लादेश पर शिकंजा
वेस्टइंडीज के पेसर जेडन सील्स ने बहुत ही किफायती गेंदबाजी की. उन्होंने 15.5 ओवर में सिर्फ 10 रन दिए.
Published On Dec 02, 2024, 12:23 PM IST
Last UpdatedDec 02, 2024, 12:23 PM IST
jayden-seales cricket west indies economical bowling
जेडन सील्स (Jayden Seales) की धाकड़ गेंदबाजी ने बांग्लादेश को सिर्फ 164 रन पर समेटने का काम किया. वेस्टइडीज के इस पेसर ने 15.5 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए. सबीना पार्क में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में सील्स ने बहुत किफायती गेंदबाजी की. उन्होंने 46 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. यह साल 1978 से टेस्ट क्रिकेट में सबसे किफायती गेंदबाजी (कम से कम 60 गेंद) है. तब पाकिस्तान के माजिद खान ने 10 ओवर में 8 मेडिन फेंकते हुए तीन रन दिए.
बांग्लादेश के स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज ने भी माइकल लुईस का विकेट जल्दी खो दिया लेकिन क्रेग ब्रेथ वेट और कीसी कार्टी ने स्कोर को एक विकेट पर 70 रन तक पहुंचाया. खराब रोशनी के चलते लगातार दूसरे दिन पूरा खेल नहीं हो पाया.
बांग्लादेश को शुरुआती झटका शेमार जोसफ ने दिया. एक वक्त पर बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 83 रन था. लेकिन अगली 34 गेंद पर उसने चार विकेट खो दिए और सिर्फ 15 रन जोड़े. स्कोर 6 विकेट पर 98 रन हो गया. जोसफ ने इन चार में से तीन विकेट लिए.
जोसफ ने पहले शादमान इस्लाम और शहादत हुसैन के बीच हुई 73 रनों की साझेदारी को तोड़ा. उन्होंने हुसैन को 22 के स्कोर पर आउट किया. इसके बाद जोसफ ने जाकर अली को विकेट के पीछे एक शॉर्ट पिच गेंद पर कैच करवा दिया. इसके बाद उन्होंने शादमान को जोशुआ डिसिल्वा के हाथों कैच करवाया. विकेटकीपर का यह इस पारी में चौथा कैच था. वहीं इस बीच सील्स ने लिट्टन दास को 1 के स्कोर पर पहली स्लिप में कैच करवाया.
लंच के बाद वेस्टइंडीज ने शॉर्ट पिच गेंदबाजी की रणनीति अपनाई. मेहदी हसन मिराज और ताइजुल इस्लाम ने इसका बखूबी सामना किया. दोनों ने 116 गेंदों तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया और 41 रन की साझेदारी की. आखिर ताइजुल अलजारी जोसफ की एक शॉर्ट पिच गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच थमा बैठे.
इसके बाद सील्स ने आखिरी तीन विकेट पर पांच रन के भीतर निकाल दिए. तस्कीन पुल शॉट खेलने के चक्कर में विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए. सील्स ने मेहदी हसन को फाइन लेग पर कैच करवाया और फिर नाहिद राणा को बोल्ड कर पारी का अंत किया.
बांग्लादेश के पेसर्स ने भी ‘कंजूसी’ के साथ शुरुआत की. चाय से पहले 10 ओवरों में उन्होंने सिर्फ 16 रन दिए. राणा ने लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार को पार किया और लुईस को विकेट के पीछे 12 के स्कोर पर आउट भी किया.