×

जेमिमा रोड्रिग्स के शतक से महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, भारत ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.5 ओवर में 338 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी, भारत ने इस लक्ष्य को जेमिमा रोड्रिग्स के शतक की मदद से आसानी से हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - October 30, 2025 11:17 PM IST

INDW VS AUSW: जेमिमा रोड्रिग्स की शतकीय पारी (127*) से भारतीय महिला टीम ने सात बार की वर्ल्ड कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. गुरुवार को खेले गए मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया. भारतीय टीम का अब दो नवंबर (रविवार) को साउथ अफ्रीका से फाइनल में सामना होगा. भारत ने तीसरी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है.

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.5 ओवर में 338 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी, भारत ने इस लक्ष्य को जेमिमा रोड्रिग्स के शतक की मदद से 48.3 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारत ने इस जीत के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है. भारत ने वनडे वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा टारगेट भी हासिल किया है, इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 331 रन का टारगेट हासिल किया है. इसके अलावा भारत ने ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ (लगातार 15 जीत) को रोक दिया.

339 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत निराशाजनक रही. शेफाली वर्मा (10) बड़ी पारी नहीं खेल सकी. स्मृति मंधाना भी 24 रन की पारी खेलकर आउट हो गई.

जेमिमा- हरमनप्रीत के बीच रिकॉर्ड पार्टनरशिप

दो विकेट जल्दी गिरने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर ने भारत की पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाए और भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड साझेदारी (167) भी की. हरमनप्रीत कौर शतक से चूक गईं और 88 बॉल में 89 रन (10 चौके, दो छक्के) की पारी खेलकर आउट हो गईं.

जेमिमा ने जड़ा वनडे करियर का तीसरा शतक

जेमिमा रोड्रिग्स ने वनडे करियर का तीसरा शतक जड़ा और नाबाद 127 रन की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई. रोड्रिग्स ने अपनी पारी में 134 गेंदों का सामना किया और 14 चौके लगाए. दीप्ति शर्मा 17 गेंद में 24 रन की पारी खेलकर रन आउट हुईं, वहीं ऋचा घोष ने 16 बॉल में 26 रन (दो चौके, दो छक्के) की तेजतर्रार पारी खेली. अमनजोत कौर ने आठ बॉल में नाबाद 15 रन (दो चौके) बनाए और चौका लगाकर भारतीय टीम को नौ गेंद शेष रहते फाइनल में पहुंचाया.

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी थी बल्लेबाजी

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सलामी बल्लेबाज फोबे लिचफील्ड (119 रन) के शतक तथा एलिस पैरी (77 रन) और एश्ले गार्डनर (63 रन) के अर्धशतकों की बदौलत 49.5 ओवर में 338 रन बनाए.

बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (49 रन देकर दो विकेट) ने आखिरी स्पेल में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ नौ रन दिए और दो विकेट हासिल किए, जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम बड़ा स्कोर बनाने से चूक गई. श्री चरणी ने बेथ मूनी (24) और फॉर्म में चल रही एनाबेल सदरलैंड (03) को आउट किया.

TRENDING NOW

लिचफील्ड ने जड़ा वनडे करियर का तीसरा शतक

लिचफील्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 77 गेंद में तीसरा वनडे शतक जड़ दिया जिससे ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़े स्कोर की नींव पड़ी. लिचफील्ड ने 93 गेंद की पारी के दौरान 17 चौके और तीन छक्के जड़े। पैरी ने 88 गेंद में छह चौके और दो छक्के जमाए। लिचफील्ड और पैरी ने दूसरे विकेट के लिए 133 गेंद में 155 रन की साझेदारी निभाई. भारतीय गेंदबाजों को अनुशासित रहने की जरूरत थी लेकिन क्रांति गौड़ लाइन एवं लेंथ में अनिरंतर रहीं तो रेणुका सिंह अपनी चिर परिचित इन स्विंग नहीं हासिल कर पाईं, भारत की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली दीप्ति (73 रन देकर दो विकेट) को आखिरी क्षणों में दो विकेट मिले. बारिश ने पारी के शुरू में थोड़ी देर के लिए खलल डाला था