×

INDW VS SLW: जेमिमा रोड्रिग्स की तूफानी पारी, T20I सीरीज में टीम इंडिया की जीत से शुरुआत

भारत के सामने जीत के लिए 122 रन का लक्ष्य था, जेमिमा रोड्रिग्स के अर्धशतक की मदद से भारत ने 15वें ओवर में टारगेट को हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 21, 2025 10:26 PM IST

INDW VS SLW 1st T20I: जेमिमा रोड्रिग्स की तूफानी पारी से भारतीय महिला टीम ने टी-20 सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है. रविवार को विशाखापट्टनम में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया. भारत ने जीत के साथ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. सीरीज का दूसरा मैच 23 दिसंबर को विशाखापट्टनम में ही खेला जाएगा. जेमिमा रोड्रिग्स को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

भारतीय महिला टीम ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को छह विकेट पर 121 रन के स्कोर पर रोक दिया. श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज विष्मी गुणरत्ने 43 गेंद में 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं, उनके अलावा हसिनी परेरा ने 20 और हर्षिता समरविक्रमा ने 21 रन का योगदान दिया. जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद अर्धशतक की मदद से भारत ने टारगेट को 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. जेमिमा रोड्रिग्स 44 बॉल में 69 रन बनाकर नाबाद रहीं. जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी पारी में 10 चौके लगाए. हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 15 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 25 रन और शेफाली वर्मा ने नौ रन का योगदान दिया.

लगभग 50 दिन बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी करते हुए भारतीय महिला टीम ने फील्डिंग में निराश किया और तीन कैच टपकाए.

भारत ने टॉस जीतकर चुनी थी गेंदबाजी

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू ने शुरुआत में ही आक्रामक रुख अपनाया और क्रांति गौड़ की एक साधारण गेंद को चौके के लिए भेजा. हाल में भारत के वनडे विश्व कप जीत के अभियान में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहीं दीप्ति (चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) ने अगले ओवर में शानदार डाइव लगाकर लगभग तय चौके को एक रन में बदल दिया, इसके बाद अटापट्टू ने गौड़ की तीन गेंदों में दो चौके जड़ दिए. बाएं हाथ की बल्लेबाज अटापट्टू के आक्रामक खेल को देखते हुए गौड़ ने ‘अराउंड द विकेट’ गेंदबाजी की और गौड़ को एंगल में बदलाव का फायदा मिला, उनकी गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकलते हुए स्टंप्स से जा टकराई जिससे भारत को पहली सफलता मिली.

हसिनी परेरा ने गौड़ की गेंद पर डीप फाइन लेग की दिशा में खेलते हुए एक चौका लगाया जिसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पावरप्ले के अंदर ही दीप्ति शर्मा को गेंद सौंप दी. हसिनी ढीली गेंदों का फायदा नहीं उठा सकीं जिससे दीप्ति ने अपना पहला ओवर मेडन फेंका. पावरप्ले के अंत तक श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 31 रन था.

डेब्यू मैच में वैष्णवी शर्मा ने किया प्रभावित

बाएं हाथ की स्पिन साथी श्री चरणी की तुलना में काफी धीमी गेंदबाजी करते हुए पदार्पण करने वाली वैष्णवी शर्मा (चार ओवर में 16 रन) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने करियर की शुरुआत किफायती स्पैल से की, 20 वर्षीय वैष्णवी ने अपने पहले ओवर में सिर्फ तीन रन दिए. हसिनी ने श्री चरणी की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते हुए एक चौका लगाया, अगले ओवर में श्री चरणी ने शॉर्ट फाइन लेग पर उनका एक आसान कैच छोड़ दिया जिससे श्रीलंकाई बल्लेबाज को जीवनदान मिला, अगर वह कैच पकड़ा जाता तो वैष्णवी को अपने करियर का पहला विकेट मिल जाता.

हालांकि तेजी से रन बनाने की कोशिश में हसिनी अगले ओवर में आउट हो गईं. वह दीप्ति की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में गौड़ को कैच थमा बैठीं. धीरे-धीरे ओस बढ़ रही थी और भारतीय गेंदबाजों को गेंद पकड़ने में दिक्कत हो रही थी, इसके बावजूद उन्होंने गेंद पर शानदार नियंत्रण दिखाते हुए पहले 10 ओवर में श्रीलंका को दो विकेट पर 55 रन तक सीमित रखा. श्री चरणी का मैदान पर दिन खराब रहा और उन्होंने अरुंधति रेड्डी की गेंद पर हर्षिता समरविक्रमा का भी कैच टपका दिया. श्रीलंका की तीन बल्लेबाज रन आउट हुईं. भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को एक एक विकेट मिला.

शेफाली वर्मा ने किया निराश

122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पहला विकेट दूसरे ही ओवर में गंवा दिया. शेफाली वर्मा ने निराश किया और सिर्फ नौ रन की पारी खेलकर आउट हो गई. स्मृति मंधाना ने टी-20 इंटरनेशनल में चार हजार रन पूरा करने का कारनामा किया. वह ऐसा करने वाली भारत की पहली और न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स के बाद ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी खिलाड़ी है. स्मृति मंधाना 25 रन (25 गेंद) बनाकर आउट हुईं.

TRENDING NOW

जेमिमा रोड्रिग्स ने जड़ा अर्धशतक

स्मृति मंधाना के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ नाबाद 55 रन की साझेदारी कर भारत को 14.4 ओवर में जीत दिला दी. जेमिमा रोड्रिग्स 69 रन (44 बॉल) और हरमनप्रीत कौर 15 रन (16 बॉल) नाबाद रहीं.