• Home
  • News
  • J&K pacer Auqib Nabi joins India squad as net bowler for Afghanistan Test

IND vs AFG: आकिब नबी की भारतीय टीम में एंट्री, अफगानिस्तान टेस्ट से पहले BCCI ने लिया फैसला

India vs Afghanistan Test: भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी. इस मैच से पहले बीसीसीआई ने एक बड़ा फैसला किया है. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी को इस मैच के लिए बतौर नेट बॉलर भारतीय टीम में शामिल किया गया है. नबी के लिए रणजी सीजन काफी शानदार रहा था.

Edited By : Bhaskar Tiwari |Jun 02, 2026, 04:56 PM IST

Published On Jun 02, 2026, 04:56 PM IST

Last UpdatedJun 02, 2026, 04:56 PM IST

आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद अब भारतीय टीम एक्शन में नजर आएगी. टीम इंडिया को 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है. जिसके लिए बीसीसीआई ने स्क्वाड का भी ऐलान कर दिया है. जिसमें शुभमन गिल टीम की कमान संभालते हुए दिखाई देंगे. इस सीरीज में जम्मू एंड कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को शामिल किए जाने की चर्चा तेज थी. लेकिन नबी का चयन टीम इंडिया में नहीं हुआ. हालांकि अब आकिब के लिए एक अच्छी खबर है. उनको अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बतौर नेट बॉलर भारतीय टीम में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. ताकि वह न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच की तैयारी में भारत की मदद कर सकें.

रणजी ट्रॉफी में किया था शानदार प्रदर्शन

29 वर्षीय आकिब नबी रणजी ट्रॉफी सीजन के बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में से एक थे. जिसमें उन्होंने 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि नबी को अफगानिस्तान के विरुद्ध टेस्ट टीम में चुना जाएगा. लेकिन चयनकर्ताओं ने मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ बैक-अप तेज गेंदबाजी विकल्प के तौर पर पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को चुना. आकिब नबी 41 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 18.37 की औसत के साथ 156 विकेट हासिल कर चुके हैं. जबकि 36 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 56 विकेट निकाले हैं. 39 टी20 मैच में आकिब 43 विकेट प्राप्त किए हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

टीम में चयन नहीं होने पर क्या बोले थे अगरकर

अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की घोषणा के दौरान आकिब नबी को टीम में न चुने जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन को लेकर हमेशा चर्चा होती है. जब आप भारत में टेस्ट टीम चुनते हैं, तो जरूरी नहीं कि बहुत ज्यादा तेज गेंदबाजों को ही चुनें. वह टीम में जगह बनाने के काफी करीब थे, लेकिन इस समय, हमने उन तीन गेंदबाजों को ही चुना है, जिन्हें पहले ही चुन लिया था.

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे. जबकि ऋषभ पंत की जगह केएल राहुल को उप-कप्तानी सौंपी गई है. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद बरार, सुथार और दुबे भारत ‘ए’ टीम के नियमित सदस्य रहे हैं. गिल, राहुल और पंत के अलावा, बल्लेबाजी ग्रुप में यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल शामिल हैं. इस एकमात्र टेस्ट के लिए रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है. ऐसे में कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे. दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला गया है. साल 2018 में खेले गए उस मैच में टीम इंडिया ने पारी और 262 रनों से जीत दर्ज की थी.

Editor's Pick