- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Josh Inglis Century helps Australia beat Scotland by 70 runs win Series
SCO VS AUS: 07 चौके, 07 छक्के...जोश इंग्लिस का धमाकेदार शतक, ऑस्ट्रेलिया ने जीती सीरीज
ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में स्कॉटलैंड को 70 रन से हराया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है.
Published On Sep 07, 2024, 07:37 AM IST
Last UpdatedSep 07, 2024, 07:37 AM IST
Josh Inglis Century against Scotland: जोश इंग्लिस के धमाकेदार शतक से ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में स्कॉटलैंड को 70 रन से हरा दिया. जोश इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में सबसे तेज शतक लगाया, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में चार विकेट पर 196 रन बनाए, स्कॉटलैंड की टीम मार्कस स्टॉयनिस (चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के आगे 126 रन पर सिमट गई.
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज पर कब्जा कर लिया है. तीन मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 की अजेय बढ़त हासिल हो चुकी है. जोश इंग्लिस ने 49 गेंद में 103 रन की पारी खेली, अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और सात छक्के लगाए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया.
जोश इंग्लिस ने बनाया रिकॉर्ड
जोश इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने सिर्फ 43 गेंद में शतक पूरा किया. जोश इंग्लिस ने आरोन फिंच को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 47 गेंद में शतक लगाने का रिकॉर्ड था. जोश इंग्लिस इसके अलावा टी-20 करियर के पहले दो अर्धशतक को शतक में बदलने वाले पहले खिलाड़ी भी बने हैं.
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में सबसे तेज शतक
जोश इंग्लिस- 43 बॉल
आरोन फिंच- 47 बॉल
जोश इंग्लिस- 47 बॉल
ग्लेन मैक्सवेल- 47 बॉल
ग्लेन मैक्सवेल- 49 बॉल
क्या रहा मैच का हाल ?
इस मैच की बात करें तो स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया, ऑस्ट्रेलिया ने जोश इंग्लिस के 49 गेंद में 103 रन के अलावा कैमरन ग्रीन के 29 गेंद में 36 रन और मार्कस स्टॉयनिस के नाबाद 20 रन की मदद से 196/4 रन बनाए. स्कॉटलैंड की टीम 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.4 ओवर में 126 रन पर सिमट गई. स्कॉटलैंड के लिए ब्रैंडन मैकमुलेन (59 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. जार्श मुंशी (19 रन) को छोड़कर कोई और बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. मार्कस स्टॉयनिस ने 3.4 ओवर में 23 रन देकर चार विकेट लिए. कैमरन ग्रीन को दो सफलता मिली.