- Home
- News
- Justin Langer believes Steve Smith and David Warner will be under no extra pressure facing South Africa
'दक्षिण अफ्रीका के सामने अतिरिक्त दबाव में नहीं होंगे स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर'
ऑस्ट्रेलिया शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी विश्व कप 2019 का अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी।
Published On Jul 05, 2019, 11:45 AM IST
Last UpdatedJul 05, 2019, 11:45 AM IST
ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर किसी तरह के अतिरिक्त दबाव में नहीं होंगे। गौरतलब है कि पिछले साल न्यूलैंड्स टेस्ट के दौरान हुए बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद पहली बार स्मिथ और वार्नर का सामना प्रोटियाज टीम से होगा।
मामले में दोषी साबित हुए तत्कालीन कप्तान और उप कप्तान पर एक साल का बैन लगाया गया था। 12 महीनों तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद विश्व कप में वापसी कर रहे स्मिथ और वार्नर को इंग्लैंड के दर्शकों की ओर से लगातार हूटिंग का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दोनों ही खिलाड़ी इसे नजरअंदाज कर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
आखिरी लीग मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई कोच ने कहा, “उन्हें किस माहौल का सामना करना पड़ेगा, इसका एहसास उन्हें इंग्लैंड पहुंचने के बाद ही हो गया था। ये मैच कई खिलाड़ियों के लिए अहम होगा लेकिन हमें सारी भावनाओं को खेल से दूर रखना होगा। हम यहां पर दो अंक लेने आए हैं, जीत का मूमेंटम बरकरार रखना चाहते हैं।”
ऑस्ट्रेलियाई कोच ने आगे कहा, “उनके लिए ये विश्व कप का एक और दिलचस्प मुकाबला है। वो दोनों ऑस्ट्रेलिया के लिए फिर से खेलने का आनंद ले रहे हैं। वो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”