द.अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा पर लगा 1 टेस्ट मैच का बैन
बेन स्टोक्स को आउट करने के बाद दी थी गाली
Published On Jul 08, 2017, 06:31 AM IST
Last UpdatedJul 08, 2017, 06:31 AM IST

लॉर्ड्स टेस्ट में दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए कुछ भी अच्छा नहीं घट रहा है। पहले इंग्लैंड की टीम ने 4 विकेट जल्दी गिरने के बावजूद 458 रन बना डाले, उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी में 214 रन पर 5 विकेट गिर गए और अब उसके तेज गेंदबाज कागीसो रबाडा पर एक टेस्ट मैच का बैन लग गया है और वो अब ट्रेंट ब्रिज में होने वाला अगला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। रबाडा को बेन स्टोक्स के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द इस्तेमाल करने का दोषी पाया गया है। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में बेन स्टोक्स को आउट करने के बाद रबाडा ने गाली दी थी।
रबाडा पर क्यों लगा एक टेस्ट का बैन?
रबाडा पर एक टेस्ट मैच का बैन सिर्फ स्टोक्स को गाली देने की वजह से नहीं लगा है। दरअसल कागीसो रबाडा ने फरवरी में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में भी गाली का इस्तेमाल किया था। केपटाउन वनडे में उन्होंने बल्लेबाज निरोशन डिकवेला के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था जिसके बाद उनके 3 अंक काट लिए गए थे। अब एक बार फिर उन्होंने बेन स्टोक्स के खिलाफ भी कुछ ऐसा ही किया जिसकी वजह से उनका एक अंक और कटा, जिसके बाद रबाडा के 4 नकरात्मक अंक हो गए और उन पर एक टेस्ट मैच का बैन लग गया। ये भी पढ़ें-दूसरे दिन मेजबान रहे हावी, मेहमान टीम के 5 खिलाड़ी पवेलियन लौटे
लॉर्ड्स टेस्ट की बात करें तो पहली पारी में कागीसो रबाडा का प्रदर्शन का कुछ खास नहीं रहा। रबाडा ने 3 विकेट जरूर लिए लेकिन इसके लिए उन्होंने 4.39 के इकॉनमी रेट से 123 रन खर्च कर डाले। इंग्लैंड की ओर से कप्तान जो रूट ने 190, मोइन अली, स्टोक्स, स्टुअर्ट ब्रॉड ने अर्धशतकीय पारियां खेली जिसके जवाब में द.अफ्रीकी टीम दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 214 रन ही बना सकी और उसके 5 विकेट गिर गए।