- Home
- News
- kagiso rabada breaks mohammed shami record of taking most wickets in powerplay in an ipl season rcb vs gt ipl 2026
आईपीएल 2026 में कगिसो रबाडा का तहलका, पावरप्ले में बनाया ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड, बड़े-बड़े दिग्गज रह गए दंग
Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 मैच में कगिसो रबाडा ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है.
Published On May 26, 2026, 10:04 PM IST
Last UpdatedMay 26, 2026, 10:04 PM IST
आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-1 मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है.जिसमें जीटी के गेंदबाज कगिसो रबाडा ने इतिहास रच दिया है. रबाडा आईपीएल के एक सीजन में ‘पावरप्ले’ के दौरान सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं. आईपीएल 2026 के ‘क्वालीफायर-1’ में रबाडा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दूसरे ओवर की आखिरी बॉल पर वेंकटेश अय्यर को कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया.
आईपीएल 2026 में कगिसो रबाडा ने रचा इतिहास
आईपीएल 2026 में पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) के दौरान कगिसो रबाडा का 18वां विकेट था. इसी के साथ उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. जिन्होंने साल 2023 में पावरप्ले के दौरान 17 विकेट हासिल किए थे. मिशेल जॉनसन (2013) और ट्रेंट बोल्ट (2020) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं. जिन्होंने एक ही सीजन में पावरप्ले के दौरान 16-16 विकेट हासिल किए थे. कगिसो रबाडा ने क्वालीफायर-1 में जीटी के खिलाफ 2 विकेट हासिल किए, जिसके साथ इस सीजन उनके विकेटों की संख्या 26 पहुंच गई है.
धर्मशाला में गरजा पाटीदार का बल्ला
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए. इस टीम के लिए कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 9 छक्कों और 5 चौकों के साथ 93 रन की नाबाद पारी खेली. जबकि विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने 43-43 रन टीम के खाते में जुटाए. विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट निकाले. प्रसिद्ध कृष्णा के हाथ 1 विकेट लगा. क्वालीफायर-1 जीतने वाली टीम 31 मई को खेले जाने वाले फाइनल का टिकट हासिल करेगी, जबकि इस मैच को गंवाने वाली टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 खेलेगी, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मैच के विजेता से होगा.