धोनी के फैसले की कपिल देव और गौतम गंभीर ने की जमकर तारीफ
बोले- माही के सेना के साथ समय बिताने से युवा होंगे प्रेरित
Published On Jul 26, 2019, 03:37 PM IST
Last UpdatedJul 26, 2019, 03:37 PM IST
MS Dhoni @AFP
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सेना के साथ दो महीने बिताने के फैसले की विश्व विजेता कप्तान कपिल देव और पूर्व ओपनर गौतम गंभीर ने तारीफ करते हुए कहा है कि धोनी का यह फैसला देश के कई युवाओं को प्रेरित करेगा।
पढ़ें: धोनी की जगह लेने पर पंत बोले, ‘पता है, बहुत बड़ी जगह को भरना है’
पूर्व क्रिकेटर और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गंभीर पहले कई बार यह कह चुके हैं कि धोनी को सेना की वर्दी तभी पहननी चाहिए जब वह सेना के लिए कुछ करें, लेकिन अब गंभीर ने धोनी के सेना के साथ समय बिताने के कदम को ऐतिहासिक बताया है।
गंभीर ने समाचार चैनल ‘एबीपी न्यूज’ द्वारा करगिल युद्ध के 20 साल पूरे होन पर आयोजित किए गए शिखर सम्मेलन के दौरान कहा, ‘धोनी का यह कदम कमाल का है। मैंने पहले कई बार कहा है कि धोनी को सेना की वर्दी तभी पहननी चाहिए जब वो सेना के लिए कुछ करें और अब धोनी ने सेना के साथ समय बिताने का फैसला किया है। इससे पता चलता है कि वह सेना के प्रति कितने समर्पित और गंभीर हैं। धोनी का यह कदम देश के कई युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा और युवा सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे।’
पढ़ें: अरुण का गेंदबाजी कोच बने रहना लगभग तय, बांगड़ की हो सकती है छुट्टी
गंभीर की बात को भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव का समर्थन मिला। कपिल ने कहा, ‘धोनी ने जो किया है, वो बड़ा फैसला है। इससे देश का युवा प्रेरित होगा। मुझे लगता है कि देश के युवाओं को कुछ समय सेना में जरूर बिताना चाहिए, जिससे देश का भला हो सके और युवाओं को नई सीख मिल सके।’
विश्व कप के बाद धोनी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को बता दिया था कि वह सेना के साथ समय बिताने के लिए क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लेंगे। इसी कारण धोनी को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे और टी-20 सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया।