×

BAN VS AFG: आखिरी ओवर में करीम जनत की हैट्रिक, मगर फिर भी हारा अफगानिस्तान

आखिरी ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ छह रन बनाने थे और उसके पांच विकेट शेष थे, मगर करीम जनत ने हैट्रिक लेकर मैच में रोमांच ला दिया

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - July 15, 2023 11:51 AM IST

अफगानिस्तान के गेंदबाज करीम जनत के आखिरी ओवर में हैट्रिक के बावजूद अफगानिस्तान को बांग्लादेश के हाथों पहले टी-20 मैच में हार का सामना करना पड़ा. बांग्लादेश ने रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को दो विकेट से हराया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य रखा था, आखिरी ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ छह रन बनाने थे और उसके पांच विकेट शेष थे, मगर करीम जनत ने हैट्रिक लेकर मैच में रोमांच ला दिया, मगर बांग्लादेश ने इस थ्रिलर मैच को दो विकेट से अपने नाम कर लिया.

आखिरी ओवर का हाल

पहली बॉल पर मेहदी हसन मिराज ने करीम जनत की गेंद पर चौका जड़ा, मगर ओवर की दूसरी बॉल पर करीम जनत ने मेहदी हसन मिराज को नबी के हाथों कैच करवाया. तीसरी बॉल पर तस्कीन अहमद विकेट के पीछे लपके गए. ओवर की चौथी बॉल पर करीम जनत ने नासुम अहमद का विकेट लेकर टी-20 में अपना पहला हैट्रिक लिया. अब आखिरी दो बॉल पर दो रन बनाने थे और बांग्लादेश के दो विकेट शेष थे. ओवर की पांचवीं बॉल को शोरीफुल इस्लाम ने चौका लगाकर बांग्लादेश को रोमांचक जीत दिला दी. बांग्लादेश ने एक गेंद शेष रहते इस मुकाबले को जीत लिया.

हैट्रिक लेने वाले दूसरे अफगान प्लेयर बने करीम जनत

करीम जनत ने मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद और नासुम अहमद को तीन गेंदों पर आउट कर टी-20 में पहला हैट्रिक लिया. ऐसा करने वाले वह अफगानिस्तान के दूसरे खिलाड़ी है. अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टीम के लिए पहला हैट्रिक लिया था, राशिद ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिया था.

बांग्लादेश को सीरीज में 1-0 की बढ़त

इस मैच की बात करें तो अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 154 रन बनाए. मोहम्मद नबी ने 40 गेंद में 54 रन की नाबाद पारी खेली, वहीं अजमातुल्लाह ने 33 रन (18 गेंद) बनाए. गुरबाज ने 16 रन का योगदान दिया. बांग्लादेश ने तौहीद ह्रदय के नाबाद 47 रन और शमीम हुसैन के 33 रन की मदद से लक्ष्य को आखिरी ओवर में आठ विकेट खोकर हासिल कर लिया. तौहीद ह्रदय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस जीत के साथ बांग्लादेश ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है. सीरीज का दूसरा मैच 16 जुलाई को खेला जाएगा.