• Home
  • News
  • Karnataka Changed Captain in mid Ranji season Now Devdutt Padikkal Will lead the Team in Place of Mayank Agarwal

कर्नाटक ने बीच सीजन में बदल दिया कप्तान, मयंक अग्रवाल की जगह किसे मिली जिम्मेदारी

रणजी ट्रॉफी सीजन के बीच में ही कर्नाटक ने अपना कप्तान बदल दिया है. सीनियर बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के स्थान पर देवदत्त पडिक्कल को टीम का कप्तान बनाया गया है.

Edited By : Bharat Malhotra |Jan 27, 2026, 11:12 AM IST

Published On Jan 27, 2026, 11:12 AM IST

Last UpdatedJan 27, 2026, 11:12 AM IST

Mayank Agarwal Removed as Karnataka Captain

Mayank Agarwal Removed as Karnataka Captain

कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी सीजन के बीच में ही अपना कप्तान बदल दिया है. टीम ने मयंक अग्रवाल की जगह देवदत्त पडिक्कल को अपनी टीम की कमान सौंपी है. कर्नाटक का आखिरी लीग मैच 29 जनवरी से पंजाब के खिलाफ मुल्लांपुर में होगा.

अग्रवाल को हालांकि 15 सदस्यीय टीम में रखा गया है. इसके साथ ही इस टीम में केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे भारतीय टीम के लिए खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं. यह राहुल का बीते एक साल में पहला रणजी मैच होगा. इससे पहले वह जनवरी 2025 में हरियाणा के खिलाफ खेले थे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

कैसा रहा है मयंक अग्रवाल का रणजी सीजन

अग्रवाल के लिए यह सीजन अभी तक बहुत अच्छा नहीं रहा. उन्होंने नौ पारियों में 33 के औसत से 298 रन बनाए हैं. इसमें एक सेंचुरी और दो हाफ सेंचुरी शामिल हैं. मयंक अग्रवाल ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच श्रीलंका के खिलाफ बेंगलुरु में साल 2022 में खेला था. उन्होंने भारत के लिए 21 टेस्ट मैचों में 41.33 के औसत से 1488 रन बनाए हैं.

पडिक्कल को बनाया गया है कर्नाटक का कप्तान

देवदत्त पडिक्कल ने सौराष्ट्र के खिलाफ सीजन के पहले मैच में 96 और 15 रन की पारियां खेली थीं. राजकोट में हुए इस मैच के बाद वह राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन गए थे.

हालांकि रणजी में उनकी वापसी अच्छी नहीं रही थी. पिछले सप्ताह अलूर में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच में वह दोनों पारियों में खाता भी नहीं खोल पाए थे. लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था. उन्होंने नौ पारियों में 725 रन बनाए थे. उनका औसत 90.62 का था.

फॉर्म से बाहर चल रहे अभिनव मनोहर को ड्रॉप कर दिया गया है. उन्होंने अभी तक सीजन में 231 रन बनाए हैं. उनके स्थान पर युवा प्रतिभाशाली बल्लेबाज ध्रुव प्रभाकर को जगह मिली है.

कर्नाटक की टीम में और क्या-क्या बदलाव

रविचंद्रन स्मरण, जो पिछला मैच कंधे में तकलीफ की वजह से पिछले मैच में नहीं खेले थे, ने भी वापसी की है. बाएं हाथ के बल्लेबाज स्मरण ने इस सीजन में अभी तक 595 रन बनाए हैं. वहीं वरिष्ठ बल्लेबाज करुण नायर जो चोट की वजह से मध्य प्रदेश के खिलाफ नहीं खेले थे, अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं. नायर ने कर्नाटक की दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं की थी और निकिन जोस कनकशन सब्सिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे थे. नायर ने अभी तक 614 रन बनाए हैं. टीम को उनकी कमी खलेगी. इस मैच में कर्नाटक को 197 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.

रणजी ट्रॉफी के इस सीजन की बात करें तो टीम अभी ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर है. उसके 21 अंक हैं. वहीं 24 अंकों के साथ महाराष्ट्र टॉप पर और 22 अंकों के साथ मध्य प्रदेश की टीम तीसरे नंबर पर है. नॉक आउट में पहुंचने के लिए कर्नाटक को पंजाब को हराना जरूरी है. अगर वह ऐसा कर लेती है तो बिना किसी अगर-मगर के अगले राउंड में पहुंच जाएगी.

कर्नाटक की टीम
देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, के.एल. राहुल, के.वी. अनीश, आर. स्मरण, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा, एम. वेंकटेश, विद्याधर पाटिल, विदवथ कावेरप्पा, प्रिसिध कृष्णा, मोहसिन खान, शिखर शेट्टी, के.एल. श्रीजीत, ध्रुव प्रभाकर.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick