एशिया कप फाइनल में चोटिल हुए केदार जाधव का स्कैन होगा
भारतीय बल्लेबाज केदार जाधव बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल मैच में चोटिल हो गए थे।
Published On Sep 29, 2018, 12:57 PM IST
Last UpdatedSep 29, 2018, 12:57 PM IST
Kedar Jadhav (AFP Photo)
बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप फाइनल मैच में जीत का रन बनाने वाले केदार जाधव को हैमस्ट्रिंग सर्जरी के चलते जल्द स्कैन से गुजरना होगा। लक्ष्य का पीछा करते हुए छठें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जाधव दर्द से परेशान होकर खेल छोड़कर मैदान से चले गए थे। हालांकि 48वें ओर में रविंद्र जडेजा के आउट होने के बाद जाधव क्रीज पर लौटे और भारत को जीत तक पहुंचाया।
मैच के बाद अपनी इंजरी के बारे में जाधव ने कहा, “ये ग्रेड ए या दो की चोट है, कल देखते हैं।” स्कैन के बाद ही जाधव की चोट की गंभीरता का पता चल सकेगा। बता दें कि साल की शुरुआत में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए आईपीएल का पहला मैच खेलते समय भी जाधव को बांए पैंर में हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी। जाधव इसी मैच के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। जाधव पहले हैमस्ट्रिंग के लिए बाएं पैर की सर्जरी करा चुके हैं।
पीटीआई से बातचीत में बीसीसीआई के अधिकारी ने कहा, “केदार के दाएं पैर में हैमस्ट्रिंग का दर्द है। स्कैन किए जाएंगे और कुछ ही दिन में पूरी अपडेट मिल जाएगी।” एशिया कप टूर्नामेंट में जाधव जिस तरह से खेले हैं, आने वाली सीमित ओवर सीरीज में भारतीय टीम को उनकी जरूरत रहेगी। उम्मीद करते हैं जाधव की चोट ज्यादा गंभीर ना हो और वो जल्द से जल्द टीम में वापसी करें