- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Khaleel Ahmed is maturing quickly says Rohit Sharma
खलील अहमद बहुत जल्दी परिपक्व हो रहे हैं- रोहित शर्मा
बाएं हाथ के इस युवा गेंदबाज खलील अहमद से उप कप्तान रोहित शर्मा काफी प्रभावित हैं। रोहित का कहना है खलील काफी जल्दी परिपक्व हो रहे हैं।
Published On Oct 30, 2018, 10:42 AM IST
Last UpdatedOct 30, 2018, 10:42 AM IST
Khaleel Ahmed and Rohit Sharma@ians
भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार गेंदबाजी से सबका दिल जीत लिया। खलील ने महज 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए। बाएं हाथ के इस युवा गेंदबाज से उप कप्तान रोहित शर्मा काफी प्रभावित हैं। रोहित का कहना है खलील काफी जल्दी परिपक्व हो रहे हैं।
एशिया कप में हांग कांग के खिलाफ डेब्यू मैच में 48 रन देकर तीन विकेट लेकर खलील ने सबका ध्यान खींचा था। उनको अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टाई मैच में धोनी की कप्तानी में खेलने का मौका मिला। वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई में खेले गए सीरीज के चौथे वनडे में खलील ने पांच औवर में महज 13 रन दिए और तीन विकेट हासिल किया।
खलील ने चौथे वनडे में शानदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज की कमर तोड़ कर रख दी। शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेयमेयर, रोबमैन पॉवेल और अनुभवी मार्लोन सैम्युअल्स का विकेट निकाल भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
रोहित शर्मा ने खलील की गेंदबाजी पर कहा, ”खलील अहमद काफी होनहार खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशिया कप में शुरुआत की और तब से अब तक काफी सुधार दिखाया है। यही वजह है कि वह टीम में हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज होना हमेशा ही फायदा देता है। जब बाएं हाथ का तेज गेंदबाज बॉल स्विंग कराता है जैसा कि आज खलील ने किया, बल्लेबाज को मुश्किल में डालता है चाहे वह किसी के भी सामने गेंदबाजी करे।”
”जैसा उन्होंने आज स्विंग किया अगर गेंद को वैसे स्विंग कराते हैं तो दुनिया के हर बल्लेबाज को परेशानी में डालेंगे। वह अपनी गेंदबाजी को समझ रहे हैं और बहुत जल्दी परिपक्व हो रहे हैं। मैनेजमेंट को भी पता है विश्व कप के लिए उनकी जरूरत होगी। इसमें अभी काफी वक्त है लेकिन उससे पहले काफी मुकाबले मिलेंगे। मैं नहीं कहना चाहूंगा किसी की भी जगह पक्की है। हमें अभी भी बहुत सारे मुकाबले खेलने हैं। उम्मीद है वह ऐसे ही बेहतर करते रहेंगे क्यों यह हमारे भविष्य के लिए बेहतर होगा।”