WPL 2024: किरण नवगिरे की तूफानी पारी, यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया
MIW VS UPW: मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य रखा था, यूपी की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया
Published On Feb 28, 2024, 10:43 PM IST
Last UpdatedFeb 28, 2024, 10:43 PM IST
(Photo-WPL Twitter page)
बेंगलुरु. किरण नवगिरे के तूफानी अर्धशतक के बाद ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी से यूपी वॉरियर्स ने वीमेंस प्रीमियर लीग 2024 में पहली जीत दर्ज की. यूपी वॉरियर्स ने पिछले सीजन की विजेता मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया. मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य रखा था, यूपी की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. मुंबई को लगातार दो जीत के बाद इस सीजन में पहली हार मिली है. किरण नवगिरे को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
इससे पहले यूपी वॉरियर्स की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज के अर्धशतक की मदद से मुंबई इंडियंस ने यूपी वारियर्स के खिलाफ धीमी शुरुआत से उबरकर छह विकेट पर 161 रन का चुनौती पूर्ण स्कोर खड़ा किया. हरमनप्रीत की जगह नेट सीवर ब्रंट ने मुंबई की कप्तानी की. मैथ्यूज ने 47 गेंद पर 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए, उन्होंने यास्तिका भाटिया (22 गेंद पर 26 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और नेट साइवर ब्रंट (14 गेंद पर 19 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की.
इनके अलावा अमेलिया केर ने 16 गेंद पर 23, पूजा वस्त्रकर ने 12 गेंद पर 18 और इसी वांग ने 6 गेंद पर नाबाद 15 रन का योगदान दिया. मुंबई ने अंतिम चार ओवर में तीन विकेट गंवाए लेकिन इस बीच 48 रन भी जोड़े जिससे टीम धीमी शुरुआत के बावजूद अच्छा स्कोर बनाने में सफल रही.
किरण नवगिरे का तूफानी अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स की टीम को ओपनर किरण नवगिरे और एलिसा हिली ने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच 9.1 ओवर में 94 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई. किरण नवगिरे ने अर्धशतक लगाया और 31 गेंद में 57 रन (06 चौके, 04 छक्के) की पारी खेलकर आउट हुई. किरण नवगिरे को वृंदा दिनेश के चोटिल होने के बाद ओपनिंग करने का मौका मिला था और उन्होंने शानदार पारी खेली.
एलिसा हिली (29 गेंद में 33 रन) और ताहिला मैकग्रा (01) इस्सी वॉन्ग के एक ही ओवर में आउट हुईं, उसके बाद मुंबई की उम्मीदें जगी, मगर ग्रैस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. दोनों बल्लेबाजों के बीच 28 गेंद में ही 50 रन की साझेदारी हुई. यूपी की टीम ने 16.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया. ग्रेस हैरिस ने 17 गेंद में नाबाद 38 (06 चौके, एक छक्का) और दीप्ति शर्मा ने 20 गेंद में नाबाद 27 रन (04 चौका) बनाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच 65 रन की साझेदारी हुई.