चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद, जीटी ने भी किया क्वालीफाई
सनराइजर्स हैदराबाद ने सीएसके को 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है. वहीं इस हार के साथ ही चेन्नई का सफर इस सीजन लगभग खत्म हो गया है.
Published On May 19, 2026, 12:00 AM IST
Last UpdatedMay 19, 2026, 12:00 AM IST
सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को आईपीएल 2026 के 63वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से मात दी. इस जीत के साथ एसआरएच ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है. इस टीम के साथ गुजरात टाइटंस ने भी अगले दौर का टिकट पक्का किया. एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए. जिसका पीछा करते हुए हैदराबाद ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य अपने नाम कर लिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 13 मुकाबलों में 9 जीत के साथ पहले ही प्लेऑफ में प्रवेश कर चुकी थी. जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस ने भी टॉप-4 में अपनी जगह बना ली है.
नहीं चला सीएसके के बल्लेबाजों का जादू
एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए. सीएसके ने 48 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. जिसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (15) ने कार्तिक शर्मा (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की. चेन्नई ने 100 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे.
जहां से डेवाल्ड ब्रेविस ने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया. डेवाल्ड ब्रेविस 27 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए. जबकि शिवम दुबे ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. विपक्षी खेमे से पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए. साकिब हुसैन ने 2 विकेट निकाले.
प्लेऑफ में पहुंची एसआरएच
इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम ने महज 18 के स्कोर पर ट्रेविस हेड (6) का विकेट गंवा दिया था. जिसके बाद अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ 31 गेंदों में 38 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया. अभिषेक 21 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 4 बाउंड्री शामिल रहीं. यहां से हेनरिक क्लासेन ने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 75 रन जोड़कर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया.
क्लासेन 26 गेंदो में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए. जहां से ईशान किशन ने मोर्चा संभाला. किशन 47 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 70 रन की पारी खेलकर आउट हुए. जब तक ईशान का विकेट गिरा, तब तक टीम जीत की दहलीज तक पहुंच गई थी. सलिल अरोड़ा (10) और स्मरण रविचंद्रन (5) ने नाबाद रहते हुए टीम को प्लेऑफ का टिकट दिलाया. विपक्षी खेमे से मुकेश चौधरी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अंशुल कंबोज, नूर अहमद और अकील हुसैन ने 1-1 विकेट निकाला.