KKR VS LSG: कोलकाता में कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल ? हेड टू हेड में कौन आगे
केकेआर को अपने पहले 2 मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, पंजाब किंग्स के खिलाफ तीसरा मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था.
Published On Apr 09, 2026, 04:08 PM IST
Last UpdatedApr 09, 2026, 04:08 PM IST
KKR VS LSG
आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम खराब फॉर्म से गुजर रही है. केकेआर की टीम आज लखनऊ सुपरजायंट्स का सामना करेगी और टीम को एलएसजी के खिलाफ अपने घरेलू मैदान में सीजन की पहली जीत का इंतजार है, हालांकि एलएसजी के खिलाफ केकेआर के रिकॉर्ड को देखते हुए यह आसान नहीं होने वाला है.
केकेआर ने सीजन में अब तक 3 मैच खेले हैं. टीम को अपने पहले 2 मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, पंजाब किंग्स के खिलाफ तीसरा मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था. इस कारण टीम को एक अंक मिले, हालांकि इस मैच में भी केकेआर की स्थिति ठीक नहीं थी. अंकतालिका में केकेआर नौवें नंबर पर है. इसमें सुधार के लिए टीम को गुरुवार को इडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ होने वाले मैच में जीत दर्ज करनी होगी.
हेड टू हेड रिकॉर्ड्स में कौन आगे ?
केकेआर के लिए एलएसजी के खिलाफ मुकाबला कभी आसान नहीं रहा है. हेड टू हेड मैचों की बात करें तो एलएसजी और केकेआर के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, एलएसजी का पलड़ा इस दौरान भारी रहा है, एलएसजी ने 4 मैच जीते हैं, जबकि केकेआर को महज 2 मैचों में जीत मिली है. आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच एक ही मुकाबला खेला गया था जिसमें एलएसजी 4 रन से विजयी रही थी.
इस सीजन लखनऊ का मिलाजुला प्रदर्शन
एलएसजी के आईपीएल 2026 में प्रदर्शन पर नजर डालें तो 2 मैचों में 1 जीत और 1 हार के साथ टीम अंकतालिका में सातवें स्थान पर है. एलएसजी ने अपना पिछला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसके घर में जीता था, इस मैच में एलएसजी की गेंदबाजी खतरनाक दिखी थी. खासकर तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने हैदराबाद की बल्लेबाजी तहस-नहस कर दी थी. वहीं बल्लेबाजी में कप्तान ऋषभ पंत लंबे समय बाद लय में दिखे थे, टीम की जीत में उनकी नाबाद 68 रन की पारी का योगदान अहम रहा था।
कोलकाता में कैसी है पिच ?
कोलकाता के इडेन गार्डन्स की पिच तेज गेंदबाजों के मददगार साबित हो सकती है. ओवरकॉस्ट कंडीशन होने की वजह से शुरुआत में बल्लेबाजों को मुश्किल हो सकती है. टॉस जीतने वाली टीम फील्डिंग करना पसंद करेगी और लाइट में चेज करना आसान हो सकता है. इडेन गार्डन्स में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 43 मैच जीते हैं, जबकि चेज करते हुए टीमों ने 57 मैच जीते हैं.
कैसा है मौसम ?
मैच से पहले कोलकाता के मौसम की बात करें तो पूरे दिन बारिश के आसार हैं. लेकिन जैसे-जैसे शाम होगी, बारिश की संभावना भी कम होती जाएगी. मैच के दौरान आसमान में बादल जरूर छाए रहेंगे, मगर क्रिकेट फैंस पूरे मैच का अंदाज ले पाएंगे. मौसम की वजह से खेल के प्रभावित होने की आशंका नहीं है.