KKR VS RR: क्या केकेआर को मिलेगी पहली जीत ? हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, पिच और मौसम का हाल
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है, हालांकि पिच से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है
Published On Apr 19, 2026, 11:13 AM IST
Last UpdatedApr 19, 2026, 11:13 AM IST
KKR
IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर मुकाबला खेला जाएगा. पहले मैच में केकेआर का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा. केकेआर को पहली जीत की तलाश है, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर टीम की नजरें जीत पर होगी.
आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स एकमात्र ऐसी टीम है जिसे एक भी जीत हासिल नहीं हो सकी है, रविवार को अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में केकेआर के सामने सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स को हराकर पहली जीत हासिल करने की चुनौती है. केकेआर ने सीजन में अब तक 6 मैच खेले हैं, इसमें 5 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, और इसी कारण केकेआर को 1 अंक मिला था.
हर विभाग में केकेआर ने किया है निराश
सीजन में केकेआर खेल के हर विभाग में, चाहे बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और कप्तानी में, कमजोर नजर आई है, बल्लेबाज रन बनाते हैं तो गेंदबाज कमजोर पड़ जाते हैं. प्लेइंग इलेवन में सही खिलाड़ियों का चुनाव और उन्हें सही क्रम पर बल्लेबाजी या गेंदबाजी कराना भी केकेआर की चुनौती रही है. कप्तान रहाणे की ओपनिंग वाली जगह को छोड़कर किसी भी खिलाड़ी का बल्लेबाजी क्रम तय नहीं है, इसका नुकसान केकेआर को उठाना पड़ रहा है.
प्लेइंग इलेवन और बेहतर रणनीति के साथ उतरना चाहेगा केकेआर
कोई बल्लेबाज या गेंदबाज केकेआर के लिए सीजन में निरंतरता के साथ प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है. सीजन के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए केकेआर की संभावनाएं हर हार के बाद कम हो रही हैं. ऐसे में आरआर के खिलाफ जीत के लिए केकेआर को सही प्लेइंग इलेवन और बेहतर रणनीति के साथ उतरना होगा.
शानदार फॉर्म में है राजस्थान की टीम
आरआर की टीम आईपीएल 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है. पांच मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक लेकर टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. आरआर ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों ही विभागों में जोरदार प्रदर्शन किया है. बल्लेबाजी में आरआर के लिए वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, और ध्रुव जुरेल शानदार रहे हैं, तो गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रवि बिश्नोई धारदार रहे हैं. इन छह खिलाड़ियों ने टीम को मजबूत बनाया है, अन्य खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग मौकों पर अच्छा प्रदर्शन दिखाया है.
आरआर को 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, केकेआर के खिलाफ टीम फिर से जीत की लय हासिल करने उतरेगी.
बल्लेबाजी के लिए अनुकूल होगी केकेआर की पिच
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है, हालांकि पिच से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, इसके बावजूद केकेआर-आरआर के मैच में रनों की बारिश हो सकती है. कोलकाता में रविवार दोपहर को बारिश का कोई अनुमान नहीं है, मौसम उमस से भरा रहेगा, तापमान 35 और से 36 डिग्री के बीच रहेगा.
हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
केकेआर और आरआर के बीच अब तक 32 मैच खेले गए हैं. केकेआर ने 16 और आरआर ने 14 मैच जीते हैं. दो मैचों का परिणाम नहीं आया है.