- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Kl rahul on batting in the middle order in the odis havent really thought about it 3930723
वनडे सीरीज में मध्यक्रम बल्लेबाज की भूमिका में लौटने पर राहुल का जवाब- अभी उस बारे में सोचा नहीं
भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज 5 फरवरी से शुरू होगी।
Published On Feb 03, 2020, 01:50 PM IST
Last UpdatedFeb 03, 2020, 01:50 PM IST
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में सलामी बल्लेबाजी करते हुए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने वाले भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल को 5 फरवरी से शुरू होने वाले वनडे सीरीज में फिर से मध्यक्रम बल्लेबाज की भूमिका में लौटना पड़ेगा। राहुल का कहना है कि फिलहाल वो इस बारे में नहीं सोच रहे हैं।
राहुल ने पिछली दो सीमित ओवर फॉर्मेट सीरीज में भारत के लिए नंबर एक से लेकर पांच तक बल्लेबाजी की है। साथ ही उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका भी निभाई है। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट मांगुनई में खेले गई पांचवें टी20 के दौरान राहुल कप्तानी करते हुए भी नजर आए। भले ही राहुल इन अलग अलग भूमिकाओं को आसानी से निभाते दिख रहे हों लेकिन किसी भी खिलाड़ी के लिए ये काम उतना आसान नहीं होता है। न्यूजीलैंड दौरे पर आगामी वनडे सीरीज में राहुल फिर से नंबर चार या पांच पर लौटेंगे।
इस बारे में राहुल ने कहा, “इस बारे में फिलहाल नहीं सोच रहा हूं। इतना ट्रेवल और फिर 5-0 से सीरीज जीतना हर रोज नहीं होता है इसलिए हम अगले कुछ दिनों तक इसे इंज्वाय करेंगे और आराम करेंगे।”
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में रोहित शर्मा के साथ युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ पारी की शुरुआत करते दिखेंगे। कप्तान विराट कोहली अपने तय नंबर तीन पर खेलेंगे। ऐसे में राहुल और श्रेयस अय्यर को नंबर 4 या 5 पर भेजा जाएगा।
हालांकि कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के हालिया भारत दौरे पर खेले गए पहले टी20 मैच में राहुल को अपनी जगह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने भेजा था लेकिन इसके लिए टीम मैनेजमेंट को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
राहुल उस मैच में 61 गेंदो पर 47 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं 28 ओवर के बाद क्रीज पर आए कोहली मात्र 16 रन बनाकर एडम जम्पा का शिकार हुए। जिसके बाद दूसरे वनडे के लिए कोहली अपने निश्चित नंबर तीन पर लौट आए थे और राहुल को नंबर पांच पर खिलाया गया था। दूसरे वनडे में राहुल ने 52 गेंदो पर 80 रन की शानदार पारी खेली थी।