- क्रिकेट न्यूज़
- News
- KL Rahul Opens About The Pressure During Captaincy in IPL says Too Much Scrutiny
'जिन्हें क्रिकेट की समझ नहीं...', केएल राहुल ने IPL कप्तानी पर पहली बार खुलकर की बात
KL Rahul Captaincy in IPL: दिल्ली कैपिटल्स की टीम के सदस्य केएल राहुल ने आईपीएल में कप्तानी पर लेकर पहली बार खुलकर बात की है. उन्होंने बताया है कि इस लीग में कप्तानी करना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी करने से किस दर्जे तक मुश्किल है.
Published On Nov 18, 2025, 09:41 AM IST
Last UpdatedNov 18, 2025, 09:41 AM IST
kl-rahul-sanjiv-goenka
नई दिल्ली: केएल राहुल जब लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के कप्तान थे तब उनके और टीम के मालिक संजीव गोयनका के रिश्तों को लेकर तमाम सवाल किए जाते थे. और अब राहुल ने भी माना है कि इंडियन प्रीमियर लीग में कप्तानी करते हुए काफी दबाव का सामना करना पड़ता है. राहुल ने यहां तक कहा है कि आईपीएल में कप्तानी करने का दबाव कई बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव से भी आगे निकल जाता है. राहुल तीन साल तक लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के कप्तान रहे. इससे पहले वह पंजाब किंग्स की टीम की अगुआई भी कर चुके हैं. लखनऊ की कप्तानी के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के मालिक और राहुल के बीच जिस अंदाज में बातचीत हुई थी, उसके वीडियो ने खूब बवाल काटा था.
प्रजेंटर जतिन सप्रू के साथ ह्यूमन फॉर बॉम्बे में राहुल ने बताया कि आईपीएल में कप्तानी करते हुए कितने दबाव का सामना करना पड़ता है. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि आपसे ऐसे लोग सवाल पूछते हैं जिन्हें क्रिकेट के बारे में बहुत कम जानकारी होती है.
राहुल ने कहा, ‘आईपीएल में कप्तानी के दौरान मुझे सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण यह लगा कि आपको कितनी मीटिंग्स और रिव्यू से गुजरना पड़ता है. आपको मालिकों को अपने फैसलों के बारे में समझाना पड़ता है. आईपीएल खत्म होते-होते मुझे अहसास हुआ कि मैं 10 महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद इतना नहीं थकता जितना मैं 2 महीने आईपीएल खेलकर थक गया था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘कोच और कप्तान से लगातार सवाल पूछे जाते हैं. एक वक्त के बाद आपको ऐसा लगता है कि आपसे पूछताछ हो रही है- ‘आपने वह बदलाव क्यों किया? वह प्लेइंग इलेवन में क्यों खेला? विपक्षी टीम 200 रन कैसे बना गई और हम 120 भी क्यों नहीं बना पाए? उनके गेंदबाजों को ज्यादा स्पिन कैसे मिल रही है?.’
राहुल ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस तरह के सवाल नहीं उठाए जाते क्योंकि कोच और सिलेक्टर्स को खेल की बारीकियों की बेहतर समझ होती है.
उन्होंने कहा, ‘कई ऐसे सवाल होते हैं जो हमसे पूरे साल नहीं पूछे जाते क्योंकि कोच को पता होता है कि क्या चल रहा है. आप सिर्फ कोचों और सिलेक्टर्स के लिए जवाबदेह हैं, वे सब क्रिकेट खेल चुके हैं और वे खेल को बेहतर ढंग से समझते हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप क्या करते हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, आप कितने सही काम करते हैं इससे फर्क नहीं पड़ता, खेल में ऐसा कुछ नहीं जो आपको जीत की गारंटी देता हो. यह उन लोगों को समझाना मुश्किल होता है जो खेल की पृष्ठभूमि से नहीं आते.’
तीन सीजन तक लखनऊ की कप्तानी करने के बाद राहुल दिल्ली कैपिटल्स की टीम में पहुंचे. साल 2025 के मेगा-ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 14 करोड़ रुपये मे खरीदा. वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कप्तान की भूमिका में नहीं हैं. यहां कमान अक्षर पटेल के हाथों में है. राहुल अब सिर्फ अपने खेल और बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहते हैं.
राहुल और संजीव गोयनका में हुआ था विवाद
लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक ने राहुल का नाम लिए बिना आईपीएल 2025 की नीलामी से पहले से कहा था कि वह ऐसे खिलाड़ी टीम में चाहते हैं जो अपने प्रदर्शन से पहले टीम को रखें. यह अंदाजा लगाया गया कि वह राहुल पर निशाना साध रहे हैं जो खुद तो बल्ले से अच्छा कर रहे हैं लेकिन उनकी टीम 2022 के बाद प्लेऑफ में नहीं पहुंची. गोयनका ने राहुल को रिलीज कर दिया था और वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम से जुड़े. वहीं गोयनका ने दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे ऋषभ पंत को अपनी टीम में 27 करोड़़ रुपये की रकम देकर जोड़ा था.