- क्रिकेट न्यूज़
- News
- KL Rahul turn match in hazelwood over ice cold celebration after dc beat rcb at chinnaswamy stadium video viral
VIDEO: केएल राहुल ने इस ओवर में पलट दिया था खेल, जीत के बाद आरसीबी के घर में ठोकी ताल
चिन्नास्वामी स्टेडियम में केएल राहुल के बल्ले से धमाके की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी है.
Published On Apr 10, 2025, 11:49 PM IST
Last UpdatedApr 10, 2025, 11:49 PM IST
KL Rahul Celebration Viral: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 में अपने विजय रथ को जारी रखा है. दिल्ली की टीम ने गुरुवार को आरसीबी को उनके घर में पटखनी दी है. इस मुकाबले में दिल्ली ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल का खेल दिखाते हुए 6 विकेट से महत्वपूर्ण जीत अर्जित की है.
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस मैच में टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल का जलवा देखने को मिला. अपने घर बेंगलुरु में दिल्ली की ओर से खेलते हुए केएल ने आरसीबी के खिलाफ बल्ले से गजब का प्रहार किया और 93 रन ठोक टीम को शानदार जीत दिलाई. जीत के बाद केएल राहुल खास अंदाज में जश्न मनाते हुए भी नजर आए.
हेजलवुड के ओवर में पलट दिया पूरा मैच
आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में केएल राहुल का बल्ला एक बार पिर जमकर चला है. राहुल ने इस मुकाबले में 53 गेंद पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली. अपनी पारी में राहुल ने बल्ले से फैंस का जमकर मनोरंजन करते हुए 7 चौके और 6 छक्के लगाए. इस मैच में बारिश के बौछार भी आई जिसके बाद डकवर्थ लुईस का गणित दोनों टीम के खिलाड़ी लगाने लगे.
14वें ओवर तक दिल्ली कैपिटल्स डकवर्थ लुईस के स्कोर से पीछे चल रही थी. केएल यह गणित समझ चुके थे और उन्होंने 15वें ओवर में आरसीबी के सबसे शानदार गेंदबाज जोश हेजलवुड की जमकर कुटाई कर दी. इस ओवर में राहुल ने 3 चौके और 1 छक्का समेत 22 रन ठोक दिए और दिल्ली को डीएलएस के स्कोर से आगे पहुंचा दिया. हालांकि बाद में बारिश दोबारा नहीं आई और केएल के इस धमाकेदार बल्लेबाजी ने दिल्ली की जीत इस ओवर में ही पक्की कर दी थी.
जीत के बाद मैदान पर ठोकी ताल
केएल राहुल बेंगलुरु के ही रहने वाले हैं. चिन्नास्वामी स्टेडियम राहुल का होमग्राउंड भी है. केएल राहुल जीत के बाद अपने होमग्राउंड में खास अंदाज में जश्न भी मनाते हुए नजर आए. राहुल जीत के बाद पूरे जोश में दिखे और डगआउट की ओर जीत के बाद इशारा करते हुए बताया भी कि यह उनका घर है और यहां उनका जलवा चलता है. राहुल के जश्न मनाने का अंदाज फैंस को काफी पसंद आया और स्टेडियम में राहुल-राहुल के चैंट लगने शुरू हो गए. राहुल के जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.