- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Kohli might score cheap hundred in Zimbabwe but that won’t change things: Scott Styris
Virat Kohli News: शतक भी नहीं आएगा विराट कोहली के काम, पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान
न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज स्कॉट स्टायरिस ने कोहली की फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्कॉट स्टायरिस ने कहा है कि विराट भले ही जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक बना लें, लेकिन इससे उनकी फॉर्म में कोई ज्यादा बदलाव नहीं आएगा।
Published On Jul 29, 2022, 04:50 PM IST
Last UpdatedJul 29, 2022, 04:50 PM IST
टीम इंडिया इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर है और वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद T20I सीरीज में अपना दम दिखाने के लिए तैयार है। इस सीरीज में टीम इंडिया और भी ज्यादा ताकत के साथ उतरने के लिए तैयार है क्योंकि कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी हो चुकी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज की तरह T20I सीरीज में भी विराट कोहली नजर नहीं आएंगे। अब देखना होगा कि जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे का दौरा करेगी तो क्या कोहली को टीम में जगह मिलेगी या नहीं।
विराट कोहली दिसंबर 2019 से क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में एक भी शतक नहीं जड़ पाए हैं और पिछले कुछ महीनों में उनकी बल्लेबाजी में भी गिरावट आई है। इस बीच न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज स्कॉट स्टायरिस ने कोहली की फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्कॉट स्टायरिस ने कहा है कि विराट भले ही जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक बना लें, लेकिन इससे उनकी फॉर्म में कोई ज्यादा बदलाव नहीं आएगा।
स्टायरिस ने स्पोर्ट्स 18 के डेली स्पोर्ट्स न्यूज़ शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में कहा, “मैं कोहली को थोड़ी देर के लिए खेल से ब्रेक लेते और वापसी करते देखना पसंद करूंगा। कोहली चयनकर्ताओं और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के प्लान का एक बड़ा हिस्सा है, और उन्हें पता होगा कि इस साल T20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले आपको शत-प्रतिशत तैयारी के लिए कितना समय चाहिए, उसके हिसाब से वे कोहली के लिए शेड्यूल तैयार कर सकते है।”
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोहली जिम्बाब्वे दौरे पर वापसी करने से बहुत कुछ हासिल होगा। वह एक महत्वहीन शतक बना सकता है, जो उसके आत्मविश्वास के लिए बहुत अच्छा होगा, लेकिन जरूरी नहीं कि ये उसको आगे के मैचों में ज्यादा मदद करे। मुझे अभी भी पूरा भरोसा है कि वह भारतीय टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी है।”
गौरतलब है कि कोहली कह चुके हैं वह टीम इंडिया के लिए मैच खेलना चाहते हैं और उनका मुख्य उद्देश्य आगामी एशिया कप और T20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान अच्छा प्रदर्शन करना है। साथ ही वह टीम इंडिया को दोनों ट्रॉफियां जिताने में ज्यादा से ज्यादा योगदान देना चाहते हैं।