IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल से पहले किया बड़ा फैसला, रिंकू सिंह को बनाया उपकप्तान
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले एक बड़ा फैसला लिया है. केकेआर ने युवा खिलाड़ी को अपनी टीम का उपकप्तान बनाया है.
Published On Mar 24, 2026, 07:52 PM IST
Last UpdatedMar 24, 2026, 07:52 PM IST
KKR
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले बड़ा फैसला किया है. टीम ने मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बनाने का ऐलान किया है. मंगलवार, 24 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बात की घोषणा की. टीम ने एक्स पर लिखा- ‘गॉड्स प्लान हेज ए न्यू चैप्टर’. रिंकू सिंह का ‘गॉड्स प्लान’ वाक्य काफी लोकप्रिय हुआ था.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम इस सीजन में काफी खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है. टीम के पेसर आकाश दीप सीजन से बाहर हो गए हैं. उनके स्थान पर सौरभ दूबे को शामिल किया गया है. वहीं हर्षित राणा भी अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हैं. उनके स्थान पर हालांकि अभी तक किसी को शामिल नहीं किया गया है. श्रीलंका के पेसर मतीशा पथिराना भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं. वह कब लौटेंगे इस बात की जानकारी नहीं है.
28 साल के रिंकू इस सीजन में अजिंक्य रहाणे के उपकप्तान होंगे. और वह वेंकटेश अय्यर की जगह लेंगे. अय्यर को इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7 करोड़ रुपये में खरीद लिया था.
रिंकू हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे. वह साल 2018 से केकेआर के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने 59 मैचों में 30.53 के औसत से 1099 रन बनाए हैं.
तीन बार की चैंपियन टीम ने यह बड़ा फैसला लिया है. साल 2024 में आईपीएल जीतने वाली टीम में रिंकू सिंह भी शामिल थे. और उन्होंने टीम के लिए कई उपयोगी पारियां खेली थीं.
केकेआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वेंकी मैसूर ने टीम के ‘नाइट्स अनप्लग्ड 3.0’ कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा करते हुए कहा, ‘रिंकू कप्तान के साथ करीबी तालमेल में काम करेंगे.’
मुख्य कोच अभिषेक नायर भी इस फैसले से खुश नजर आए. उन्होंने कहा कि टीम में रिंकू ने जिस तरह तरक्की की है उससे वह नेतृत्व की भूमिका के लिए स्वाभाविक विकल्प बन गए हैं.
नायर ने कहा, ‘मैंने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में एक नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित होते देखा है. टीम हमेशा उनसे उम्मीद रखती है, इसलिए हम उन्हें थोड़ी और जिम्मेदारी देना चाहते थे. मुझे लगता है कि टी20 विश्व कप जीतने के बाद यह बिल्कुल सही समय है.’
रिंकू सिंह का आईपीएल सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है. 2018 में 80 लाख रुपये में खरीदे जाने से लेकर आईपीएल 2025 से पहले 13 करोड़ रुपये में रिटेन किए जाने तक उनका कद लगातार बढ़ा है. अंतिम ओवर में लगातार पांच छक्के जड़ने की उनकी ऐतिहासिक पारी ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया और भारतीय टीम में जगह भी दिलाई.
कार्यक्रम के दौरान रहाणे और रिंकू को एक साथ मंच पर बुलाया गया, जहां रिंकू को दर्शकों से सबसे जोरदार समर्थन मिला. कई प्रशंसक ‘रिंकू को कप्तान बनाओ’ के नारे लगाते नजर आए, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है.
टीम में चोटिल खिलाड़ियों हर्षित राणा, मथीशा पथिराना और आकाश दीप को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ कार्यक्रम में मौजूद थे. आकाश दीप इस सत्र से बाहर हो चुके हैं. उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरव दूबे को टीम में शामिल किया गया है.
केकेआर की टीम 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले अपने पहले मुकाबले के लिए बुधवार को मुंबई रवाना होगी.
सैंतीस वर्षीय रहाणे पिछले सत्र में 390 रन के साथ टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. इसके बावजूद केकेआर केवल पांच जीत के साथ आठवें स्थान पर रही, जो 2009 के बाद उसका सबसे खराब प्रदर्शन था.
रहाणे परंपरागत क्रिकेट के बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. लेकिन वह आज के दौर के टी20 के मिजाज के बल्लेबाज नहीं माने जाते. लेकिन रिंकू को उपकप्तान बनाए जाने से यह संकेत मिलता है कि टीम भविष्य में उन्हें कप्तानी सौंप सकती है.
रहाणे से जब पिछले सीजन में टीम के खराब प्रदर्शन पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने नपा-तुला जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ी और कप्तान के रूप में हर साल अलग-अलग चुनौतियां आती हैं. मैंने अपने पूरे सफर में यही सीखा है कि चाहे कितनी भी चुनौतियां क्यों न हों, हर बार सकारात्मक रहना चाहिए.’
उन्होंने कहा, ‘मेरे पूरे करियर में मेरी सोच हमेशा से यही रही है कि अगर मुझे कोई चुनौती या कोई विशेष कठिनाई दिखाई देती है, तो मैं उसे सकारात्मक रूप से देखता हूं और एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं.’