लालचंद राजपूत बने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के अंतरिम हेड कोच

56 वर्ष के लालचंद राजपूत अफगानिस्‍तान क्रिकेट टीम को भी कोचिंग दे चुके हैं।

Edited By : Kamlesh Rai |May 17, 2018, 09:16 PM IST

Published On May 17, 2018, 09:16 PM IST

Last UpdatedMay 17, 2018, 09:16 PM IST

Lalchand Rajput © AFP

भारत के पूर्व ओपनर लालचंद राजपूत अब नई पारी की शुरुआत करेंगे। अफगानिस्‍तान क्रिकेट टीम को कोचिंग दे चुके राजपूत अब जिम्‍बाब्‍वे क्रिकेट टीम के अंतरिम हेड कोच के रूप में दिखाई देंगे। जिम्बाब्वे क्रिकेट (जेडसी) ने गुरुवार को राजपूत को अपना अंतरिम हेड कोच नियुक्‍त किया। खराब प्रदर्शन को देखते हुए बोर्ड ने मार्च में हीथ स्ट्रीक को टीम के मुख्य कोच पद से हटा दिया था। साथ ही पूरे सहयोगी स्टाफ को भी बर्खास्त कर दिया था। जेडसी ने बयान में कहा, ‘राजपूत पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज से पहले तत्काल प्रभाव से काम संभालेंगे।’

राजपूत 2007 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल थे। वह अफगानिस्तान के कोच भी रह चुके हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के कोच का भार भी संभाल चुके हैं। वह भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के कोच रह चुके हैं। राजपूत की पहली चुनौती हरारे में जुलाई में शुरू हो रही त्रिकोणीय टी-20 सीरीज है।

56 वर्ष के भारत के इस पूर्व ओपनर ने दो टेस्‍ट और चार वनडे मैच खेले हैं। राजपूत ने अपना आखिरी टेस्‍ट मैच 1985 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उन्‍होंने टेस्‍ट में कुल 105 रन बनाए हैं जबकि वनडे में सिर्फ नौ रन ही जोड़ सके हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2016 में लालचंद राजपूत को अफगानिस्तान का हेडकोच बनाया गया था। उन्हें पाकिस्‍तान के पूर्व बल्‍लेबाज इंजमाम उल हक की जगह ये कार्यभार सौंपा गया था। लालचंद राजपूत के कार्यकाल में अफगानिस्तान की टीम ने वेस्टइंडीज को उसी के घर में एक वनडे मैच में मात दी थी और इसके बाद इस टीम को वनडे का दर्जा मिला। हालांकि साल 2018 में लालचंद राजपूत का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया गया और वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी फिल सिमंस को ये जिम्मेदारी सौंपी गई।

Editor's Pick