• Home
  • News
  • Lalit Modi question on slow Indian Judicial Process in Godfrey Phillips case

तारीख पर तारीख... भारतीय न्यायिक प्रक्रिया पर छलका ललित मोदी का दर्द

आईपीएल के संस्थापक ने कहा, समस्या किसी की मंशा से नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में होने वाली देरी से जुड़ी है, जिसका असर निर्णय लेने और लंबे समय से चले आ रहे विवादों के समाधान पर पड़ता है.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jun 04, 2026, 05:03 PM IST

Published On Jun 04, 2026, 05:03 PM IST

Last UpdatedJun 04, 2026, 05:03 PM IST

Lalit Modi

Lalit Modi

आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी और गॉडफ्रे फिलिप्स से जुड़ा कानूनी विवाद लंबे समय से अदालत में लंबित है. 2019 से शुरू हुआ विवाद जारी है. अब इस मामले पर ललित मोदी का दर्द छलका है. उन्होंने भारत में लंबी कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ट्रस्ट समझौते को लागू कर दिया जाए तो इस मामले का समाधान तुरंत निकल सकता है.

ललित मोदी से जुड़ा “गॉडफ्रे फिलिप्स मामला” उद्योगपति के.के. मोदी के 2019 में निधन के बाद शुरू हुए विवाद से संबंधित है. के.के. मोदी के निधन के बाद ललित मोदी और उनके भाई समीर मोदी का अपनी मां बीना मोदी के साथ समूह की प्रमुख तंबाकू कंपनी पर नियंत्रण को लेकर लंबा कानूनी और बोर्डरूम विवाद चला. लंदन में एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में ललित मोदी ने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया जरूरत से ज्यादा लंबी खिंच गई है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है, मेरे पिता ने एक शानदार कंपनी बनाई थी, हम तीन भाई-बहन हैं और हमारी मां हैं। मामला अदालत में है और दुर्भाग्य से मेरी मां और मेरी सोच इस मुद्दे पर मेल नहीं खाती, यह मामला लगातार खिंचता जा रहा है, यदि इस ट्रस्ट समझौते को लागू कर दिया जाए, तो कल सुबह ही इसका समाधान निकल सकता है.

‘भारतीय न्यायपालिका पर पूरा भरोसा, मगर फैसले देरी से आते हैं’

62 साल के पूर्व आईपीएल चेयरमैन ने आगे कहा कि उन्हें भारतीय न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन भारत में मामलों के निपटारे की धीमी गति अक्सर कानूनी विवादों के परिणामों में देरी कर देती है. उन्होंने कहा, भारत में शानदार न्यायपालिका है और बेहतरीन न्यायाधीश हैं, लेकिन फैसलों तक पहुंचने में बहुत समय लगता है। यही सबसे बड़ी समस्या है. ललित मोदी ने कहा कि लंबे समय तक चलने वाली अदालती लड़ाइयां न केवल मामलों के समाधान में देरी करती हैं, बल्कि लोगों के व्यक्तिगत जीवन की प्रगति को भी प्रभावित करती हैं.

‘लगातार तारीख पर तारीख मिलती रहती है’

उन्होंने कहा, अगर आप देखें कि मैंने जो भी मामले अदालत में लड़े हैं, उनमें सच्चाई सामने आने में सालों लग जाते हैं, लगातार तारीख पर तारीख मिलती रहती है, दुनिया के अन्य देशों की तुलना में यहां निर्णय तो होते हैं, लेकिन बहुत धीरे और यह आपके जीवन की गति को भी धीमा कर देता है. उन्होंने आगे कहा कि समस्या किसी की मंशा से नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में होने वाली देरी से जुड़ी है, जिसका असर निर्णय लेने और लंबे समय से चले आ रहे विवादों के समाधान पर पड़ता है.

गॉडफ्रे फिलिप्स मजबूती से आगे बढ़ रही: ललित मोदी

ललित मोदी ने कहा, यह मुद्दा इस बात से जुड़ा नहीं है कि आप जीवन में क्या करना चाहते हैं, क्या हासिल करना चाहते हैं या आगे कैसे बढ़ना चाहते हैं. ललित मोदी ने कहा कि कंपनी ने बाजार में अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है. उन्होंने कहा, गॉडफ्रे फिलिप्स एक शानदार कंपनी है, यह लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है, संभवतः यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली तंबाकू कंपनियों में से एक है, मार्लबोरो का कारोबार तेजी से ऊपर जा रहा है, मेरा मतलब है कि इसने आईटीसी को भी कड़ी टक्कर दी है.

Editor's Pick