Devbrat Bajpai
देवब्रत वाजपेयी क्रिकेटकंट्री हिंदी के साथ senior correspondent के पद पर कार्यरत हैं
Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - February 14, 2016 4:18 PM IST


केसी कार्टी के अर्धशतक(52) और कीमो पॉल के 40 रनों की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत को अंडर-19 विश्व कप फाइनल 2016 में 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। बहरहाल वेस्टइंडीज टीम को भारत के द्वारा दिए गए 146 रनों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। लेकिन 50वें ओवर की तीसरे गेंद पर एक रन लेकर कीमो पॉल ने इतिहास रच दिया। इससे पहले टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अल्जारी जोसेफ के नेतृत्व में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की और भारतीय शीर्ष क्रम को झकझोर कर रख दिया। शीर्ष क्रम में सरफराज खान के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। भारत की ओर से सरफराज खान ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। वहीं राहुल बाथम ने 21 व महिपाल लॉमरर ने 19 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ और रेयान जॉन ने 3-3 विकेट लिए। इस तरह भारतीय टीम 45.1 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत-19 बनाम वेस्टइंडीज-19 फाइनल लाइव स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें…
भारत के द्वारा दिए गए 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत खराब रही और उन्होंने अपने दो विकेट 28 रनों पर ही गंवा दिए। लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने आए केसी कार्टर एक छोर पर जैसे अड़ गए और छठे विकेट के लिए कीमो पॉल(40) के साथ 79 रन जोड़ते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।
मैन ऑफ द सीरीज: मेहंदी हसन
मैन ऑफ द मैच: केसी कार्टी
वेस्टइंडीज अंडर-19 ने भारत अंडर-19 को पांच विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-19 विश्व कप ट्रॉफी जीती
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 146/5, 49.3 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 52(125), कीमो पॉल 40(68)। आखिरकार वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कीमो पॉल ने खलील अहमद की गेंद पर एक रन लेते हुए वेस्टइंडीज अंडर-19 को भारत अंडर-19 पर 5 विकेट से विजयी बना दिया। इसी के साथ वेस्टइंडीज पहली बार अंडर-19 विश्व कप विजेता बन गया है।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 142/5, 49 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 51(124), कीमो पॉल 38(66)। केसी कार्टर ने महिपाल लॉमरर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं अन्य गेंदों पर जमकर सिंगल्स लिए। लॉमरर के ओवर से 6 रन। अब वेस्टइंडीज को 6 गेंदों में 3 रनों की दरकार।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 122/5, 45 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 48(119), कीमो पॉल 33(61)। मैच अधर में लटका हुआ। वेस्टइंडीज को अंतिम 18 गेंदों में 14 रनों की जरूरत। क्या भारतीय टीम यहां से मैच जीत पाएगी?
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 122/5, 45 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 42(105), कीमो पॉल 28(54)। भारत 145। डेथ ओवरों में लॉमरर की बढ़िया गेंदबाजी और बल्लेबाजों को रन के लिए तरसाए रखा। ओवर से सिर्फ एक रन। वेस्टइंडीज को अंतिम 30 गेंदों में 24 रनों की दरकार।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 115/5, 43 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 38(102), कीमो पॉल 27(53)। भारत 145। भारतीय गेंदबाज लगातार कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मयंक डागर की गेंद पर कीमो पॉल ने एक छक्का जड़कर मैच में फिर से संस्पेश छोड़ दिया है। भारत को एक विकेट की जल्दी जरूरत। अंतिम 42 गेंदों पर वेस्टइंडीज को 31 रनों की दरकार।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 102/5, 40 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 35(94), कीमो पॉल 21(43)। भारत 145। आज मयंक डागर की गेंदबाजी की तारीफ जितनी की जाए उतनी कम है। मयंक का आज गेंदबाजी विश्लेषण 9-1-18-3 विकेट रहा है। दूसरे छोर से खलील अहमद भी लगातार मेडेन ओवर डाल रहे हैं। अब वेस्टइंडीज टीम 60 गेंदों में 44 रन की दरकार है।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 99/5, 37 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 34(86), कीमो पॉल 13(32)। भारत 145। जितनी तेजी से मैच अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, मैच उतना रोचक होता जा रहा है। भारतीय गेंदबाज लगातार रनों का बहाव रोकने में सफल हो रहे हैं, लेकिन विकेट लेने के मामले में थोड़ा पीछे रहे हैं। अगर वह अगले कुछ ओवरों में एक-दो विकेट और निकाल लेते हैं तो शायद भारतीय टीम इस मैच में पूरी तरह से पकड़ बना सके। अभी भी वेस्टइंडीज को 78 गेंदों में 47 रनों की दरकार।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 95/5, 34 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 33(74), कीमो पॉल 10(19)। भारत 145। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए मैच अधर में लटका हुआ। यहां से मैच किसी भी तरफ करवट ले सकता है। वेस्टइंडीज को 96 गेंदों में 51 रनों की जरूरत। मैच कांटे का। भारत को कार्टी को आउट करना बेहद जरूरी।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 82/5, 31 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 29(74), कीमो पॉल 2(7)। भारत 145। भारतीय टीम की गेंदबाजी एक समय चमक खोती नजर आ रही थी, लेकिन मयंक डागर ने तो जैसे आते ही काया पलट दी और फटाफट विकेट निकालते हुए वेस्टइंडीज टीम जो पहले से ही रनों के सूखे से जूझ रही थी उसे पिछले कदमों पर खड़ा करने को मजबूर कर दिया। मयंक ने अपने चौथे ओवर में एक और विकेट निकाला और नए बल्लेबाज जेड गोली(3) को अपनी ही गेंद पर लपकते हुए पवेलियन की राह दिखाई। अब वेस्टइंडीज टीम को 114 गेंदों पर 62 रनों की दरकार।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 75/4, 28 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 25(62), जेड गूली 2(4)। भारत 145। पिछले कुछ ओवरों में गजब के उतार-चढ़ाव देखने को मिले और मैच दोनों पालों के बीच झूलता नजर आया। बहरहाल पारी के 27वें ओवर में मयंक डागर ने भारतीय टीम को चौथा ब्रेक थ्रू दिलवाया और शमर स्प्रिंगर को पवेलियन की राह दिखाई। इसके कुछ देर पहले मयंक ने ही हेटमेर को भी पवेलियन की राह दिखाई थी। खैर, भारतीय टीम अब यहां से फिर से मैच में वापसी कर सकती है, लेकिन अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 62/2, 20 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 20(45), शिमरॉन हेटमेयर 20(48)। भारत 145। भारत के लिए परेशानी बढ़ती हुई। तीसरे विकेट के लिए इन दोनों बल्लेबाजों ने अब तक 32 रन जोड़ लिए हैं। भार को अगर यहां से मैच जीतना है तो निश्चित रूप से एक और विकेट जल्दी ही निकालना होगा।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 50/2, 17 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 12(36), शिमरॉन हेटमेयर 16(33)। भारत 145। भारतीय टीम के गेंदबाज अभी तक लगातार दबाव बना रहे थे और रनों के बहाव रोकने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पिछले ओवर में कार्टी ने चौका लगाकर यह जता दिया कि वह अब रन रेट को बढ़ाने को तवज्जो देना चाहते हैं। ऐसे में भारतीय टीम को रन बचाने की बजाय विकेट निकालने पर ध्यान देना चाहिए। वरना मैच को बचाना इतना भी आसान नहीं है, क्योंकि गेंदें बहुत सी शेष हैं। भारतीय टीम अभी तक चार गेंदबाजों का इस्तेमाल कर चुकी है। अब वेस्टइंडीज को 198 गेंदों में मात्र 96 रन बनाने हैं।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 36/2, 14 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 2(23), शिमरॉन हेटमेयर 14(28)। भारत 145। भारतीय गेंदबाज लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंदें पटक रहे हैं और बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दे रहे हैं। पिछले तीन ओवरों में सिर्फ 5 रन बने हैं। साथ ही आस्किंग रेट भी 3 के पार पहुंच चुका है जो भारतीय खेमे के लिए एक खुशी की बात है।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 31/2, 11 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 1(12), शिमरॉन हेटमेयर 10(21)। भारत 145। खलील अहमद लगातार बढ़िया गेंदबाजी कर रहे हैं। उनका पिछला ओवर मेडेन रहा। दूसरे छोर से अवेश खान भी लगातार बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। अगर भारत यहां से एक और विकेट निकालने में सफल होता है तो निश्चित तौर पर वेस्टइंडीज टीम पर शिकंजा कस पाएगा। वेस्टइंडीज टीम को बाकी बचे 39 ओवरों में अभी भी 115 रनों की आवश्यकता।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 28/2, 8 ओवर। बल्लेबाजी: केसी कार्टी 0(3), शिमरॉन हेटमेयर 9(13)। भारत 145। कहते हैं भले देर आए लेकिन दुरुस्त आए। भारत को दूसरी सफलता। खतरनाक दिख रहे टेविन को खलील अहमद ने लॉमरर के हाथों झिलवाते हुए पवेलियन भेजा। अब मैच में भारतीय टीम वापस करती दिखाई दे रही है। वेस्टइंडीज को अभी भी 42 ओवरों में 118 रन बनाने हैं। टेविन c लॉमरर b अहमद 15(20)
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 23/1, 7 ओवर। बल्लेबाजी: टेविन इमलाच 15(19), शिमरॉन हेटमेयर 3(10)। भारत 145। पिछले कुछ ओवरों में वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने संभलकर शॉट्स खेले हैं। टेविन लगातार सिंगल्स-डबल्स ले रहे हैं और जब भी उन्हें मौका मिलता है वह चौका भी लगा देते हैं। भारतीय गेंदबाजों को इन पर जल्दी ही अंकुश लगाना होगा। पिछले 5 ओवरों में 15 रन आए हैं और एक विकेट गिरा है।
लाइव स्कोर वेस्टइंडीज 9/1, 4 ओवर। बल्लेबाजी: टेविन इमलाच 1(8), शिमरॉन हेटमेयर 0(1)। भारत 145। भारत के द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम को अवेश खान ने पारी के तीसरे ओवर में पहला झटका दिया। अवेश ने गिडरान पोप को खलील अहमद के हाथों झिलवाया। भारतीय टीम अब इस क्रम को बरकरार रखना चाहेगी और एकाध-दो और झटकते हुए वेस्टइंडीज टीम को पिछले कदमों पर धकेलना चाहेगी।
भारत 45.1 ओवरों में 145 रनों पर ऑलआउट। वेस्टइंडीज को 146 रन बनाने का लक्ष्य मिला
आज सुबह टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने आनन फानन में 50 रनों पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। लेकिन अच्छी बात यह रही कि सरफराज खान ने एक छोर संभाले रखा और लगातार स्ट्रोक्स खेले। भारतीय टीम की ओर से 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। सरफराज ने भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक 51 रन बनाए। वहीं महिपाल लॉमरर ने 19 व राहुल बाथम ने 21 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ ने तीन, रेयान जॉन ने तीन व कीमो पॉल ने दो विकेट लिए। इनके अलावा केमर होल्डर व शमर स्प्रिंगर को एक-एक विकेट मिला। भारतीय टीम 45.1 ओवर खेलकर 145 रनों पर ऑळआउट हो गई। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि कैसे वेस्टइंडीज टीम भारतीय टीम के द्वारा दिए गए लक्ष्य को प्राप्त कर पाती है।
लाइव स्कोर भारत 145, 45.1 ओवर। बल्लेबाजी: खलील अहमद 2(12)। आखिरकार बाथम के संघर्ष का अंत होता हुआ और भारतीय टीम ऑल आउट। बाथम भारतीय टीम के अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें पॉल ने टेविन के हाथों झिलवाया। बाथम c टेविन b पॉल 21(31)
लाइव स्कोर भारत 145/9, 45 ओवर। बल्लेबाजी: खलील अहमद 2(12), राहुल बाथम 21(30)। बाथम ने आखिरकार झिझक को किनारे करते हुए स्प्रिंगर के ओवर की लगातार दो गेंदों पर दो चौके लगाए। अगर यह जोड़ी अंत तक जमी रही तो स्कोर 160 के पार जाएगा और तब शायद भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को घेर पाएं। अभी भी 5 ओवरों का खेल शेष। भारत का रन रेट 3.22 चल रहा है।
लाइव स्कोर भारत 134/9, 43 ओवर। बल्लेबाजी: खलील अहमद 2(8), राहुल बाथम 11(22)। अब यही देखना बाकी रह गया है कि भारत की अंतिम जोड़ी कितना ज्यादा से ज्यादा स्कोर बना पाती है। बहरहाल बाथम इस कोशिश में लगे हुए कि वह अंत तक बल्लेबाजी करते हुए पूरे 50 ओवर खेलें ताकि वेस्टइंडीज के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया जा सके।
लाइव स्कोर भारत 129/9, 41 ओवर। बल्लेबाजी: खलील अहमद 1(2), राहुल बाथम 9(16)। भारतीय पारी औंधे मुंह गिरती हुई। भारत का नौंवा विकेट गिरा। अवेश खान को जॉन ने पॉल के हाथों झिलवाया। भारत अगर 150 के आसपास पहुंच जाता है तो शायद भारतीय गेंदबाजों के पास कुछ करने को बचे अन्यथा भारतीय टीम का चौथी बार विश्व कप जीतने का सपना लगभग चकनाचूर होता नजर आता हुआ। अवेश खान c पॉल b जॉन 1(7)
लाइव स्कोर भारत 122/8, 39 ओवर। बल्लेबाजी: अवेश खान 1(1), राहुल बाथम 3(11)। भारतीय टीम का आठवां विकेट गिरा। सरफराज खान आउट। सरफराज जो अब तक वेस्टइंडीज टीम के लिए सिरदर्द बने हुए थे वह आउट हुए। उन्हें रेयान जॉन ने पगबाधा(LBW) आउट किया। क्या अब भारत 150 के पार पहुंच पाएगा? ये अब सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सरफराज lbw रेयान जॉन 51(89)
लाइव स्कोर भारत 120/7, 38 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 51(88), राहुल बाथम 2(8)। भारत का सातवां विकेट गिरता हुआ। अब मयंक डागर आउट। डागर को जॉन ने केसी कार्टी के हाथों झिलवाया। भारतीय टीम के विकेट एक छोर से लगातार गिर रहे हैं जो चिंता की बात है। बहरहाल, सरफराज खान एक छोर पर डटे हुए। मयंक डागर c कार्टी b जॉन 8(18)
लाइव स्कोर भारत 116/6, 36 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 50(86), मयंक डागर 8(18)। सरफराज खान अब मूड में नजर आते हुए। उन्होंने रेयान जॉन की गेंद पर लॉन्ग ऑन का एक बड़ा छक्का लगाया और जता दिया कि अब वह हिटिंग करेंगे। अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने अर्धशतक भी पूरा किया। दोनों बल्लेबाज अभी तक 41 गेंदों में 29 रन जोड़ चुके हैं। पिछले पांच ओवरों में 26 रन बने हैं। भारतीय टीम का करंट रन रेट 3.22 का है।
लाइव स्कोर भारत 102/6, 33 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 37(72), मयंक डागर 7(14)। क्या यह साझेदारी पनप पाएगी? बहरहाल ये तो आगे आने वाले ओवरों में ही तय होगा। लेकिन सरफराज ने जैसे एक छोर पर खूंटा गाड़ लिया है। पिछले ओवर में सरफराज ने जबरदस्त चौका लगाया। भारत का रन रेट 3 के पार है अब इसे चार के पार ले जाना होगा। जाहिर तौर पर सरफराज के कंधो पर बड़ी जिम्मेदारी है।
लाइव स्कोर भारत 87/6, 30 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 29(63), मयंक डागर 0(5)। ओहोहो…भारत को छठा झटका लगता हुआ। महिपाल लॉमरर आउट। इसी के साथ भारतीय टीम की एक अहम साझेदारी को तोड़ने में केमर होल्डर ने सफलता अर्जित की। अब सारी उम्मीदें सरफराज खान पर निहित। भारतीय टीम को अगर यहां से 200 के आस-पास पहुंचना है तो सरफराज खान का बचे रहना बेहद जरूरी। लॉमरर c टेविन b होल्डर 19(43)
लाइव स्कोर भारत 85/5, 28 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 28(60), महिपाल लॉमरर 18(39)। दोनों भारतीय बल्लेबाजी अब तक 64 गेंदों में 35 रन जोड़ चुके हैं जो इस मैच में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। साथ ही गौर करने वाली बात यह भी है कि इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा किसी अन्य भारतीय बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ। बहरहाल दोनों संभलकर बल्लेबाजी करते हुए। पिछले दो ओवरों में तीन रन बने। लेकिन रन रेट में पहले से सुधार नजर आता हुआ अब 3.04 का। पिछले 5 ओवरों में 15 रन बने हैं।
लाइव स्कोर भारत 82/5, 26 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 26(54), महिपाल लॉमरर 17(33)। दोनों बल्लेबाज एक सोची समझी रणनीति के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और हर दूसरे ओवर में बाउंड्री लगा रहे हैं। यह अच्छी रणनीति है। वे जानते हैं कि अगर वे दोनों एक साथ 40 ओवर तक खेलने में सफल हो जाते हैं तो टीम इंडिया को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचा पाएंगे। सरफराज ने जोसेफ के ओवर में चौका लगाया और ओवर से 7 रन आए। अगले ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने सिंगल्स पर भरोसा जताया और कुल 3 रन बने।
लाइव स्कोर भारत 72/5, 24 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 20(49), महिपाल लॉमरर 15(26)। पिछले ओवर में लॉमरर ने चौका लगाया और ओवर से कुल 6 रन बटोरे। वहीं इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने सिंगल्स पर भरोसा दिखाया और ओवर से कुल 2 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज अब तक 40 गेंदों में 22 रन जोड़ चुके हैं। वहीं पिछले पांच ओवरों में 16 रन बने हैं। भारत का करंट रन रेट 2.98 है।
लाइव स्कोर भारत 64/5, 22 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 19(45), महिपाल लॉमरर 8(18)। धीरे-धीरे सरफराज खान भी अपने हाथ खोल रहे हैं और रन रेट को बढ़ाने को तवज्जो दे रहे हैं। 21वें ओवर में उन्होंने अल्जारी जोसेफ की हाई फुल टॉस गेंद को खूबसूरती से पुल कर दिया और गेंद सीधे सीमा रेखा के पार चली गई। इस ओवर से कुल 7 रन बने। अगले ओवर में सिर्फ एक रन बना। पिछले 5 ओवरों में 1 विकेट गिरा और 14 रन बने है।
लाइव स्कोर भारत 56/5, 20 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 14(39), महिपाल लॉमरर 6(12)। नए बल्लेबाज महिपाल लॉमरर ने आते ही जॉन की गेंद पर अपने घुटनों पर बैठते हुए कवर-प्वाइंट के बीच से बेहतरीन चौका लगाया। मोटे तौर पर यह भारतीय टीम की अंतिम बल्लेबाजी जोड़ी है। इनके बाद टेलैंडर्स आने बाकी हैं। ऐसे में अगर ये अच्छी बल्लेबाजी जारी रखते हैं तो उम्मीद की जा सकती है कि भारतीय टीम एक बार फिर से अच्छी परिस्थिति में पहुंच जाए। भारतीय टीम का करंट रन रेट 2.8 का है। पिछले 5 ओवरों में 11 रन बने हैं वहीं एक विकेट गिरा है।
लाइव स्कोर भारत 51/5, 18 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 14(36), महिपाल लॉमरर 1(3)। भारत को पांचवा झटका लगता हुआ। अब अरमान जाफर आउट होते हुए। अब यहां से भारतीय टीम को संभालना कतई आसान नजर नहीं आ रहा है। भारतीय टीम निश्चित अंतराल पर विकेट गंवा रही है। गौर करने वाली बात यह है कि भारतीय टीम के पांच आउट होने वाले बल्लेबाजों में से किसी ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ जो बताता है कि भारतीय बल्लेबाजों ने कि तरह की लचर बल्लेबाजी की है। शुरुआत में जहां जोसेफ ने गदर मचाया था तो अब जॉन और स्प्रिंगर भारतीय बल्लेबाजी की नींव को झकझोरने में लगे हुए हैं। जाफर c पॉल b स्प्रिंगर 5
लाइव स्कोर भारत 47/4, 16 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 12(33), अरमान जाफर 4(1)। भारतीय टीम अब गहरे संकट में फंस चुकी है। नए नवेले गेंदबाज रेयान जोसेफ ने बहुत देर से जूझ रहे सुंदर को अल्जारी जोसेफ के हाथों झिलवाते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया। भारतीय टीम एक निश्चित अंतराल में अपने विकेट गंवा रही है जो चिंता की बात है। बहरहाल क्रीज पर नए बल्लेबाज अरमान जाफर आए हैं। जाफर ने आते ही जॉन की अंतिम गेंद पर चौका लगाया। अगले ओवर में केमर होल्डर ने लगातार दो वाइड गेंदें फेंकी और इस तरह ओवर से दो रन आए। सुंदर c अल्जारी b जॉन 7(41)
लाइव स्कोर भारत 41/3, 14 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 12(27), वॉशिंगटन सुदंर 7(36)। सरफराज खान और सुंदर के बीच अभी तक 47 गेंदों में 14 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सरफराज लगातार टीम को उबारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पिछले ओवर में रेयान जॉन की गेंद पर चौका भी लगाया। बहरहाल, भारतीय टीम का करंट रन रेट 2.99 है जिसे जल्दी ही सुधारना होगा।
लाइव स्कोर भारत 36/3, 12 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 8(16), वॉशिंगटन सुदंर 6(35)। भारतीय टीम अभी भी बेहद दबाव में हैं। दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे सुंदर ने अंतिम 27 गेंदों में कोई भी रन नहीं बनाया है। वहीं भारतीय टीम का रन रेट भी रसातल में जाता नजर आ रहा है। पिछले पांच ओवरों में भारतीय टीम ने मात्र 9 रन बनाए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय बल्लेबाज कितने दबाव में खेल रहे हैं। अब सरफराज खान से ही उम्मीदें हैं कि वह कुछ हाथ दिखाएं।
लाइव स्कोर भारत 34/3, 10 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 6(12), वॉशिंगटन सुदंर 6(27)। वेस्टइंडीज टीम ने अब तक सिर्फ दो गेंदबाजों का इस्तेमाल किया है और वे लगातार भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बना रहे हैं। हालांकि पिछले ओवर में एक चौका लगाकर सरफराज खान ने दबाव को कम करने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन यहां से अभी बहुत लंबा सफर तय करना बाकी है। ऐसे में सुंदर और सरफराज दोनों को संभलकर बल्लेबाजी की जरूरत है। भारतीय टीम ने इस विश्व कप में अपने बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव किए हैं। इस मैच में परिवर्तन के तौर पर अनमोलप्रीत सिंह को वन डाऊन पर भेजा गया, लेकिन वह बुरी तरह से असफल रहे।
लाइव स्कोर भारत 27/3, 8 ओवर। बल्लेबाजी: सरफराज खान 0(5), वॉशिंगटन सुदंर 6(22)। भारत निश्चित तौर पर अल्जारी जोसेफ के आगे जूझता नजर आ रहा है। जोसेफ ने पारी के 7वें ओवर की पहली गेंद पर ईशान किशान को 4 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर एल्बीडब्ल्यू आउट कर दिया। अब सरफराज खान क्रीज पर आ चुके हैं। सरफराज इसके पहले भी टूर्नामेंट में ऐसी परिस्थिति में बल्लेबाजी करने आ चुके हैं और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को संकट से उबारा है। ऐसे में उनपर फिर से एक बड़ी जिम्मेदारी। अल्जारी जोसेफ का अब तक गेंदबाजी विश्लेषण 4-0-11-3
लाइव स्कोर भारत 18/2, 4 ओवर। बल्लेबाजी: ईशान किशान 3(8), वॉशिंगटन सुदंर 4(5)। अंडर-19 विश्व कप फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में अल्जारी जोसेफ ने भारत के सलामी बल्लेबाज रिषभ पंत को स्टंप्ड आउट करवाते हुए पहला झटका दिया। इसके पहले कि भारतीय टीम संभल पाती पारी के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अल्जारी ने अनमोलप्रीत सिंह को पवेलियन भेजकर भारत को दूसरा बड़ा झटका दिया। बहरहाल, अच्छी बात यह है कि कप्तान ईशान किशान अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं और वह टीम को संभालने की भरपूर कोशिश करेंगे ये तो तय है।
भारत(अंतिम एकादश): ऋषभ पंत (विकेटकीपर), इशान किशन (कप्तान), अनमोलप्रीत सिंह, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर, अरमान जाफर, महिपाल लॉमरर, मयंक डागर, राहुल बाथम, अवेश खान, खलील अहमद
वेस्टइंडीज(अंतिम एकादश): गिड्रोन पोप, टेविन इमलाच (विकेटकीपर), शिम्रोन हेटमेर (कप्तान), केसी कार्टे, शामार स्प्रिंगर, जेड कोली, कीमो पॉल, माइकल फ्रयु, रयान जॉन, अल्जारी यूसुफ, चेमर धारक
टॉस अपडेट: वेस्टइंडीज ने टॉस जीता पहले गेंदबाजी का फैसला
बात करें दोनों टीमों की तो दोनों टीम के खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं। भारतीय बल्लेबाजी का दारोमदार इस बार भी ऋषभ पंत, ईशान किशन, अनमोलप्रीत सिंह, सरफराज खान पर होगा। कप्तान ईशान की फॉर्म जरूर भारत के लिए चिंता का विषय है लेकिन सरफराज खान के बल्ले से रनों की बरसात हो रही है। सरफराज टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। भारतीय तेज गेंदबाजी का दारोमदार आवेश खान और खलील अहमद पर होगा तो स्पिन अटैक की जिम्मेदारी मयंक डागर और महिपाल लोमरोर पर होगी।
वेस्टइंडीज के शामर स्प्रिंगर भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती होंगे। स्प्रिंगर ने टूर्नामेंट में 282 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में स्प्रिंगर पांचवे नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज की टीम में गेंदबाजी की कमान अल्जारी जोसेफ संभालेंगे। जोसेफ ने अब तक पांच मैचों में 10 विकेट चटकाए हैं।
भारत-19 बनाम वेस्टइंडीज-19 फाइनल लाइव स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें…
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
