×

तीसरे टी20 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराया

लगातार तीन जीत के साथ भारतीय टीम ने 3-0 से कंगारूओं का सूपड़ा साफ किया

user-circle cricketcountry.com Written by Jay Jaiswal
Last Updated on - January 31, 2016 5:55 PM IST

भारतीय बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा टी20, सिडनी© Getty Images
भारतीय बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा टी20, सिडनी© Getty Images

नमस्कार, आदाब। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे तीसरे और अंतिम टी20 मैच का आंखों देखा हाल लेकर मैं जय जायसवाल आपकी ख़िदमत में हाज़िर हूं। सिडनी में खेले जा रहे तीसरे टी20 मैच की हर अपडेट और मैच से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबर को मैं आपतक हिंदी में पहुंचाऊंगा। पहला और दूसरा टी20 मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज अपने नाम कर चुकी है। भारतीय टीम सिडनी में भी जीत दर्ज कर सीरीज में कंगारूओं का सूपड़ा साफ करना चाहेगी। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जीत का सफर सिडनी से ही शुरू किया था जब भारत ने अंतिम वनडे मैच में कंगारू टीम को 6 विकेट से मात दी थी। भारतीय टीम सिडनी में एक बार फिर से जीत का परचम लहराते हुए कंगारू धरती को विदा कहना चाहेगी। उधर ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 सीरीज में अपनी नाक बचाने के लिए तीसरा टी20 हर हाल में जीतने का प्रयास करेगी। लेकिन फॉर्म में वापस आ चुकी भारतीय टीम को हराना इतना आसान भी नहीं होगा। फिलहाल दर्शकों को एक कड़े मुकाबले की उम्मीद रहेगी। ALSO READ: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा टी20फुल स्कोर कार्ड

भारतीय टीम को टी20 विश्व कप से पहले  दो और महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम पहले श्रीलंका से दो-दो हाथ करेगी तो इसके बाद भारतीय टीम एशिया कप के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। ऑस्ट्रेलिया को चारों खाने चित करने के बाद भारतीय टीम इन दोनों टूर्नामेंट में बढ़ें हुए आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लेगी।

श्रीलंका टीम 9 फरवरी को भारत के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। यह मुकाबला पुणे में खेला जाएगा। जबकि एशिया कप में 24 फरवरी को भारत बांग्लादेश के साथ अपना पहला मैच खेलेगा।

अभी वक्त है अलविदा कहने का, अपने दोस्त जय जाससवाल को इजाजत दीजिए। भारत और श्रीलंका मैच की अपडेट के साथ मैं एक बार फिर आपके सामने हाजिर होउंगा तब तक लिए गु़डबॉय,धन्यवाद, शुक्रिया।

विराट कोहली मैन ऑफ द सीरीज 

विराट कोहली ने इस सीरीज में गजब की बल्लेबाजी करते हुए तीनों मैचों में अर्धशतकीय पारी खेली। विराट ने तीन मैचों में 199 की जादुई औसत से 199 रन बनाए। कंगारू गेंदबाज टी20 सीरीज में सिर्फ 1 बार अंतिम टी20 मैच में आउट कर पाये।

शेन वाटसन मैन ऑफ द मैच 

शेन वाटसन को तीसरे टी20 मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वाटसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार शतक जमाते हुए 124 रनों की पारी खेली। वाटसन सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रहे।

भारत 7 विकेट से जीता

भारत ने टी20 सीरीज में लगातार तीसरी बार कंगारू टीम को मात देकर सीरीज में 3-0 से अपना कब्जा जमाया। भारत ऑस्ट्रेलिया को उन्ही की धरती पर क्लीन स्वीप करने वाला पहला देश बन गया है। इस सीरीज में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हर विभाग में पीछे छोड़ते हुए खुद को बेहतर साबित किया। भारत के लिए सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस सीरीज में गजब की बल्लेबाजी की। सुरेश रैना ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को टी20 टीम का भरोसेमंद खिलाड़ी साबित किया। गेंदबाजों ने भी वनडे सीरीज से सीख लेते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। बुमराह ने सीरीज में सबसे ज्यादा 6 विकेट चटकाए तो जडेजा 5 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर रहे।

लाइव स्कोर भारत 200/3, 20 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 15(12), सुरेश रैना 49(25) ऑस्ट्रेलिया 197/5। युवराज ने टाय की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा। भारत को अब 5 गेंद में 13 रन की और जरूरत। अगली गेंद पर युवराज ने शानदार छक्का जड़ दबाव टाय के ऊपर ला दिया। भारत को जीत के लिए 4 गेंद में 7 रन और चाहिये। तीसरी गेंद पर बाई के द्वारा एक रन आये। चौथी गेंद पर रैना ने दो रन लिये। भारत को अब 4 रन बनाने होेंगे। पांचवी गेंद पर रैना ने 2 रन लेकर मैच को रोमांच के चरम पर पहुंचा दिया है। क्या सुपर ओवर तक मुकाबला पहुंचेगा या रैना जीत दिलाएगे। अंतिम गेंद पर चौका जड़कर रैना ने भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी।

लाइव स्कोर भारत 181/3, 19 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 5(9), सुरेश रैना 41(22) ऑस्ट्रेलिया 197/5। वाटसन अपने कोटे का अंतिम ओवर लेकर आए हैं। पहली गेंद पर उन्होने युवराज को छकाते हुए रन बनाने का मौका नहीं दिया। दूसरी गेंद पर युवराज ने 1 रन लेकर स्ट्राइक रैना को दे दी। रैना ने तीसरी गेंद पर 1 रन लिया। दोनों बल्लेबाजों को इस ओवर में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे ताकि अंतिम ओवर में दबाव कम हो सके। युवराज ने एक और गेंद बिना किसी रन के खेल दी। अगली गेेंद पर युवराज ने 2 रन बनाये। अंतिम गेंद पर हर हाल में एक बाउंड्री चाहिए होगी वरना दबाव भारत पर होगा। भारत को जीत के लिए अब 6 गेंदों पर 17 रनों की जरूरत।

लाइव स्कोर भारत 176/3, 18 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 1(4), सुरेश रैना 40(21) ऑस्ट्रेलिया 197/5। टाय अपने कोटे का तीसरा ओवर लेकर आए हैं। पहली गेंद पर रैना कोई रन नहीं बना पाए। लेकिन दूसरी गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ खेल कर रैना ने दो रन बटोरे। चौथी गेंद पर रैना ने फिर से 2 रन लिये। लेकिन अब भारतीय टीम को बड़े शॉट की जरूरत है। रैना ने इस बात को समझा और पांचवी गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया। अंतिम गेंद पर एक और चौका जड़ने के साथ ही रैना ने इस ओवर से कुल 12 रन बटोर लिये। भारत को जीत के लिए अब 12 गेंदों पर 22 रनों की जरूरत।

लाइव स्कोर भारत 164/3, 17 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 1(4), सुरेश रैना 28(15) ऑस्ट्रेलिया 197/5। वाटसन की पहली ही गेंद पर रैना ने पुल करके शानदार चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर 1 रन लेकर उन्होने स्ट्राइक युवराज को दे दी। युवराज ने सिंगल के साथ अपना खाता खोला। अगली गेंद पर रैना ने एक रन लिया। अंतिम गेंद पर युवराज कोई रन नहीं बना सके। इस ओवर में कुल 8 रन बने।  भारत को अब जीत के लिए 18 गेंदों पर 34 रनों की दरकार।

लाइव स्कोर भारत 156/3, 16 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 0(2), सुरेश रैना 22(11) ऑस्ट्रेलिया 197/5। भारत को जीत के लिए 30 गेंदों पर 51 रनों की दरकार। टाय को दोबारा गेंदबाजी के लिए बुलाया गया है। रैना ने पहली ही गेंद पर 2 रन लेकर खुद का निजी स्कोर 15 कर लिया। तीसरी गेंद पर रैना ने फाइन लेग की दिशा में शानदार चौका जड़ने के बाद अगली गेंद पर फिर से 2 रन भाग लिये। पांचवी गेंद पर 1 रन लेकर रैना ने स्ट्राइक युवराज को दे दी। इस ओवर में कुल 9 रन बने। भारत को अब जीत के लिए 24 गेंदों पर 42 रनों की दरकार।

लाइव स्कोर भारत 147/3, 15 ओवर। बल्लेबाजी: युवराज सिंह 0(1), सुरेश रैना 13(6) ऑस्ट्रेलिया 197/5। अपने कोटे का अंतिम ओवर लेकर आए बायस पहली ही गेंद पर विराट ने शानदार चौका जड़ा। तीसरी गेंद पर 2 रन लेने के बाद विराट ने चौथी गेंद पर 2 रन लेकर सीरीज में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। लेकिन अगली ही गेंद पर बेनक्राफ्ट ने उन्हे स्टंप आउट कर दिया। विराट कोहली50(36) स्टंप बेनक्राफ्ट बो. बायस। 

लाइव स्कोर भारत 139/2, 14 ओवर। बल्लेबाजी: विराट कोहली 42(31), सुरेश रैना 13(6) ऑस्ट्रेलिया 197/5। टेट अपना अंतिम ओवर करने आए हैं। पहली दो गेंदों पर दोनों बल्लेबाजों ने एक-एक रन लिये। चौथी गेंद पर विराट ने एक रन लेकर स्ट्राइक रैना को दे दिया। रैना ने पांचवी गेंद पर शानदार चौका जड़ते हुए शानदार फॉर्म का सबूत दे दिया। अंतिम गेंद पर रैना ने 2 रन लिये। इस ओवर में कुल 9 रन बने।

लाइव स्कोर भारत 130/2, 13 ओवर। बल्लेबाजी: विराट कोहली 40(28), सुरेश रैना 6(3) ऑस्ट्रेलिया 197/5। बायस की पहली गेंद पर रोहित ने एक रन लिया। कोहली ने भी एक रन के साथ टीम का स्कोर 124 पहुंचा दिया। तीसरी गेंद पर बायस ने रोहित शर्मा को आउट कर कंगारू खेमें में खुशी ला दी। रोहित शर्मा कैच वाटसन बो. बायस 52(38)। सुरेश रैना बल्लेबाजी करने आए हैं। रैना ने आते ही बायस को छक्का जड़ कर अपना खाता खोला।

लाइव स्कोर भारत 122/1, 12 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 51(36), विराट कोहली 39(27), ऑस्ट्रेलिया 197/5। बोलैंड को एक बार फिर से गेंदबाजी पर लगाया गया है। रोहित ने बोलैंड की दूसरी गेंद पर चौका जड़ने के बाद सिंगल लेकर अपने पचास रन पूरे किये। रोहित शर्मा की यह नौवी अर्धशतकीय पारी है। विराट ने अगली गेंद पर 2 रन लिये। पांचवी गेंद पर 1 रन लेकर विराट ने स्ट्राइक रोहित को दे दी। रोहित ने अंतिम गेंद पर 1 रन लिया।

लाइव स्कोर भारत 112/1, 11 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 45(33), विराट कोहली 35(24), ऑस्ट्रेलिया 197/5। मैक्सवेल को गेंदबाजी के लिए लाया गया है। दोनों बल्लेबाजों ने पहली दो गेंदों पर आसानी से 1-1 रन लिये। रोहित ने मैक्सवेल की चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़ा। अगली गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक विराट को दे दिया। इस ओवर में भई दोनों बल्लेबाजों ने 10 रन बनाए।

लाइव स्कोर भारत 102/1, 10 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 37(29), विराट कोहली 33(22), ऑस्ट्रेलिया 197/5। टेट को एक बार फिर से गेंदबाजी के लिए बुलाया गया है। विराट ने पहली गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक रोहित को दे दिया। रोहित ने तीसरी गेंद को लांग ऑन की ओर खेलकर 1 रन लिया। टेट की स्पीज का भारतीय बल्लेबाजों पर कोई असर नहीं हो रहा। दोनों बल्लेबाज आसानी से रन बना रहे हैं। इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने 6 रन बनाये।

लाइव स्कोर भारत 96/1, 9 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 35(26), विराट कोहली 29(19), ऑस्ट्रेलिया 197/5। बायस के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर विराट ने एक रन लिये तो दूसरी गेंद पर रोहित ने 2 रन भाग कर पूरे किये। तीसरी और चौथी गेंद पर बायस ने रन बनाने का मौका नहीं दिया। अंतिम दो गेंदों पर दोनों बल्लेबाजों ने 1-1 रन लिये।

लाइव स्कोर भारत 91/1, 8 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 32(22), विराट कोहली 27(17), ऑस्ट्रेलिया 197/5। रोहित शर्मा ने वाटसन की पहली ही गेंद पर चौका जड़ने के बाद 1 रन लेकर विराट को स्ट्राइक दिया। विराट ने तीसरी गेंद पर 2 और चौथी गेंद पर 1 रन लिया। इस ओवर में कुल 10 रन बने।

लाइव स्कोर भारत 81/1, 7 ओवर।बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 26(19), विराट कोहली 23(14), ऑस्ट्रेलिया 197/5। कैमरून बायस गेंदबाजी करने आए है। रोहित ने पहली गेंद पर सिंगल लिया तो विराट ने दूसरी गेंद पर 2 रन लिये। चौथी गेंद पर विराट ने तीन रन लेकर स्ट्राइक रोहित को दे दिया। रोहित ने एक बार फिर 1 रन लेकर स्ट्राइक रोटेट किया। इस ओवर में कुल 7 रन बने।

लाइव स्कोर भारत 74/1, 6 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 24(17), विराट कोहली 18(10), ऑस्ट्रेलिया 197/5। एंड्रयू टाय को गेंदबाजी के लिए बुलाया गया है। टाय की तीसरी गेंद पर विराट ने 2 रन लेने के बाद चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय कंगारू टीम को दिया। अंतिम 2 गेंदों पर विराट ने 2-2 रन लिये। इस ओवर से कुल 12 रन आए।

लाइव स्कोर भारत 62/1, 5 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 24(17), विराट कोहली 6(4), ऑस्ट्रेलिया 197/5। विराट कोहली ने आते ही हाथ दिखाने शुरू कर दिये। बोलैंड की पहली ही गेंद पर विराट ने चौका जड़ने के बाद अगली 1 रन लेकर स्ट्राइक रोहित शर्मा को दे दिया। बोलैड ने इस ओवर में दिशाहीन गेंदबाजी करते हुए 2 वाइड गेंदे डाली। अंतिम गेंद पर रोहित ने लांग ऑफ की दिशा में शानदार चौका जड़ा। इस ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 13 रन बटोरे।

लाइव स्कोर भारत 49/1, 4 ओवर। बल्लेबाजी: रोहित शर्मा 18(13), विराट कोहली 1(2), ऑस्ट्रेलिया 197/5। गेंदबाजी करने आए कप्तान वाटसन का स्वागत धवन ने पहली ही गेंद चौका जड़कर किया। लेकिन दूसरी ही गेंद पर वाटसन ने धवन को आउट कर भारतीय टीम को पहला झटका दे दिया। शिखर धवन कैच बेनक्राफ्ट बो. वाटसन 26(9)। विराट कोहली धवन की जगह बल्लेबाजी करने आए हैं। कोहली ने एक रन लेकर अपना खाता खोला। अंतिम गेंद पर रोहित ने 2 रन लेकर इस ओवर में 7 रन बटोरे।

लाइव स्कोर भारत 42/0, 3 ओवर। बल्लेबाजी:  शिखर धवन 22(7), रोहित शर्मा 16(11), ऑस्ट्रेलिया 197/5। शॉन टेट अपनी लाइन भटक गए है। इस ओवर में भी उन्होने दूसरी गेंद वाइड डाली। अगली गेंद पर रोहित ने तीन रन दौड़ कर पूरे किये। तो टेट ने एक बार फिर से वाइड गेंद डाली। अगली गेंद पर धवन ने बल्ले की ताकत दिखाते हुए झन्नाटेदार चौका जड़ा। तो चौथी गेंद पर छक्का जड़ने के बाद पांचवी गेंद पर फिर से चौका जड़कर टेट की गेंदबाजी विश्लेषण को बिगाड़ दिया। इस ओवर में कुल 24 रन बने।

लाइव स्कोर भारत 18/0, 2 ओवर। बल्लेबाजी:  शिखर धवन 5(3), रोहित शर्मा 11(9), ऑस्ट्रेलिया 197/5। स्कॉट बोलैंड दूसरा ओवर करने आए हैं। रोहित ने पहली ही गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक धवन को दिया। धवन ने आते ही बोलैंड की पहली गेंद पर शानदार चौका जड़ा। अगली गेंद पर धवन ने सिंगल भागकर स्ट्राइक रोहित को दे दिया। पांचवी गेंद पर रोहित ने एक और चौका जड़ने के साथ अंतिम गेंद पर1 रन लेकर ओवर से कुल 11 रन बटोर लिये।

लाइव स्कोर भारत 7/0, 1 ओवर। बल्लेबाजी:  शिखर धवन 0(1), रोहित शर्मा 5(5), ऑस्ट्रेलिया 197/5। शॉन टेट कंगारू टीम की ओर से पहला ओवर लेकर आए हैं। पहले मैच में रोहित शर्मा ने टेट की गेंदों की काफी धुनाई की थी। इस मैच में भी दर्शकों को यही उम्मीद होगी। पहली दो गेंदों को रक्षात्मक तरीके से खेलने के बाद रोहित ने तीसरी गेंद पर बल्ले का मुंह खोलते हुए शानदार चौका जड़ा। अगली गेंद टेट ने वाइड डाली। पांचवी गेंद पर रोहित ने सिंगल लेकर स्ट्राइक धवन को दे दिया। धवन ने अंतिम गेंद रक्षात्मक अंदाज में खेला।

कंगारू टीम ने अंतिम टी20 मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। कप्तान वाटसन ने शानदार शतक जमाते हुए टी20 क्रिकेट का अपना पहला शतक जड़ा। कंगारू टीम ने 20 ओवर में 197 रन बनाकर, भारत के सामने जीत के लिए 198 रनों का मुश्किल लक्ष्य रखा है। भारतीय टीम को इस लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।

रोहित शर्मा और शिखर धवन से भारतीय टीम को एक बार फिर से मजबूत शुरूआत की उम्मीद होगी। जबकि विराट कोहली से हर क्रिकेट प्रेमी एक बार फिर से टीम को जीत दिलाने वाली जादुई बल्लेबाजी की उम्मीद लगाए बैठे है। युवराज, रैना, धोनी भारतीय बल्लेबाजी की गहराई को दिखाएंगे। तो हार्दिक पांड्या से फैंस ताबड़तोड़ पारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। एेसे में भारतीय टीम इस लक्ष्य का सफलता पूर्वक पीछा कर पाती है या नहीं ये देखने वाली बात होगी।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 197/5, 20 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 124(71), बेनक्राफ्ट 0(0)। बुमराह पारी का अंतिम ओवर डालने आए हैं। पहली गेद पर लिन ने लेग बाई के जरिये 1 रन लिया। वाटसन ने अगली गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक लिन को दी। लिन ने तीसरी गेंद पर चौका जड़ने के बाद चौथी गेंद पर जडेजा को कैच थमा बैठे। क्रिस लिन कैच जडेजा बो. बुमराह 13(9)। पांचवी और छठी गेंद पर वाटसन ने 2 रन लिये। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर को समाप्ति पर 5 विकेट खोकर 197 रन बनाए।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 187/4, 19 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 119(68), क्रिस लिन 9(6)। नेहरा पारी का 19वां ओवर करने आए हैं। नेहरा ने पहली तीन गेंदों पर तीन सिंगल दिये लेकिन चौथी गेंद पर वाटसन ने छक्का जड़ने के बाद पांचवी गेंद पर एक रन ले लिया।  क्रिस लिन ने अंतिम गेंद पर एक रन लिया।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 176/4, 18 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 111(65), क्रिस लिन 6(3)। बुमराह के इस ओवर की तीसरी गेंद पर चौका जड़ने के बाद लिन ने एक रन लिया। इस ओवर में बुमराह ने कंगारू बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। इस ओवर में कुल 8 रन बने जो 18वें ओवर के हिसाब से काफी अच्छा कहा जा सकता है।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 168/4, 17 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 109(62), क्रिस लिन 0(0)। जडेजा की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने के बाद वाटसन ने अगली गेंद पर 2 रन दौड़ लिये। तीसरी गेंद पर चौका जड़ने के साथ ही वाटसन ने अपना शतक भी पूरा कर लिया। यह शतक अंतराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पहला शतक है। शतक पूरा करने के बाद वाटसन और आक्रामक रूख अपना लिया है। अगली ही गेंद पर छक्का जड़ने के बाद एक रन ले लिया। लेकिन अंतिम गेंद पर जडेजा ने हेड को आउट कर हिसाब बराबर कर लिया। ट्रेविस हेड बोल्ड जडेजा 26(19)।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 149/3, 16 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 90(57), ट्रेविस हेड 26(18)। अश्विन की पहली गेंद पर सिंगल लेकर वाटसन 83 के निजी स्कोर पर पहुंच गए है। हेड ने भी अगली गेंद पर सिंगल लेकर नजरे जमा चुके वाटसन को स्ट्राइक दे दिया। वाटसन ने तीसरी गेंद पर फिर से शानदार छक्का जड़ दिया। इस ओवर में कुल 9 रन बने।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 140/3, 15 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 82(53), ट्रेविस हेड 25(16)। जडेजा को एक बार फिर से गेंदबाजी के लिए बुलाया गया है। वाटसन ने एक बार फिर पहली गेंद पर 2 रन लिये। दूसरी गेंद पर वाटसन ने मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ने के बाद एक रन लेकर स्ट्राइक हेड को दे दिया। हेड ने चौथी गेंद पर भागकर दो रन पूरे किये। पिछले दो ओवर में शानदार गेंदबाजी करने वाले जडेजा ने इस ओवर में 13 रन लुटाए।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 127/3, 14 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 72(49), ट्रेविस हेड 22(14)। अश्विन दोबारा गेंदबाजी करने आए हैं। हेड ने अश्विन की पहली गेंद पर 1 रन लिये। वाटसन ने दूसरी गेंद पर 2 रन भागने के बाद अगली गेंद पर सिंगल ले लिया। इस ओवर में कंगारू बल्लेबाज बड़े शॉट नहीं लगा सके लेकिन दौड़कर दोनों बल्लेबाजों ने ओवर में 9 रन बटोर लिये।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 118/3, 13 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 68(46), ट्रेविस हेड 18(11)। पिछले ओवर में 9 रन देने वाले पांड्या के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली ने वाटसन का कैच टपका दिया। जिसके बाद वाटसन ने तीसरी गेंद पर चौका जड़ दिया। इसके बाद पांड्या ने अगली दो गेंदें वाइड डाली। पांड्या के साथ वाइड गेंद डालने की समस्या देखी जा सकती है।पाड्या ने पिछले मैचों में भी वाइड गेंदे डाली थी। वाटसन ने पांचवी गेंद पर एक और चौका जड़ पांड्या का गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया है। इस ओवर में कुल 15 रन बने।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 103/3, 12 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 56(41), ट्रेविस हेड 17(10)। युवराज की पहली ही गेंद पर वाटसन ने दो रन लिये वाटसन रन आउट होते होते बचे। दूसरी गेंद पर एक रन लेकर वाटसन ने स्ट्राइक हेड को दे दिया। हेड ने युवराज की तीसरी गेंद पर शानदार छक्का और चौथी गेंद पर चौका जड़ कर कंगारू टीम के ऊपर से दबाव कम करने की कोशिश की। इस ओवर में दोनों कंगारू बल्लेबाजों ने 14 रन बटोरे।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 89/3, 11 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 53(39), ट्रेविस हेड 6(6)। हार्दिक पांड्या गेंदबाजी करने आए हैं, वाटसन ने पांड्या की दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ कर अपना अर्धशतक पूरा किया। अगली गेंद पर वाटसन ने सिंगल लेकर स्ट्राइक हेड को दे दिया। इस ओवर में कुल 9 रन बने।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 80/3, 10 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 47(36), ट्रेविस हेड 4(3)। युवराज सिंह ने आते ही मैक्सवेल को आउट कर कंगारू टीम को तीसरा झटका दे दिया है। भारतीय स्पिन गेंदबाजों के आते ही एक बार फिर से कंगारू बल्लेबाजी लड़खड़ाती नजर आ रही है। ट्रेविस हेड ने आते ही 2 रन दौड़ कर अपना खाता खोला। अगली गेंद पर 1 रन लेकर उन्होने स्ट्राइक अपने साथी बल्लेबाज वाटसन को दे दिया। वाटसन ने 1 रन लेकर टीम का स्कोर 79 पहुंचा दिया। ग्लेन मैक्सवेल कैच रैना बो. युवराज सिंह 3(5)।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 75/2, 9 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 46(34), ग्लेन मैक्सवेल 3 (4)। जडेजा ने दूसरे छोर से दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इस ओवर में जडेजा ने सिर्फ 3 रन दिये।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 72/2, 8 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 45(31), ग्लेन मैक्सवेल 1 (1)। मार्श भी अब बल्ले का मुंह खोलने का प्रयास कर रहे हैं। मार्श ने अश्विन की पहली ही गेंद पर चौका जड़ने के बाद 1 रन लिया। लेकिन अश्विन ने चौथी गेंंद पर मार्श को चकमा देकर बोल़्ड कर दिया। अश्विन ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। मैक्सवेल ने आते ही एक रन लेकर खाता खोला। शॉन मार्श बो. अश्विन 9(12)

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 63/1, 7 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 42(29), शॉन मार्श 4 (9)। रविन्द्र जडेजा को गेंदबाजी के लिए बुलाया गया है। जडेजा ने आते ही कंगारू बल्लेबाजों को बांधना शुरू कर दिया। लेकिन अंतिम गेंद पर  वाटसन ने चौका जड़ जडेजा के इस ओवर से 6 रन ले लिये।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 57/1, 6 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 37(27), शॉन मार्श 3 (5)। अश्विन को पहले परिवर्तन के तौर पर लाया गया है। वाटसन ने पहली गेंद पर 2 रन लेने के बाद तीसरी गेंद को फिर से सीमारेखा के बाहर भेज दिया है। पांचवी गेंद पर 3 रन लेने के साथ वाटसन ने ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 57 रन पहुंचा दिया।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 48/1, 5 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 28(22), शॉन मार्श 3 (4)। वाटसन आज काफी खतरनाक मूड में लग रहे है। नेहरा की पहली दो गेंदों पर वाटसन ने चौका जड़ने के बाद पांचवी गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक मार्श को दे दिया। मार्श ने अंतिम गेंद पर 2 रन लिये। इस ओवर में कुल 9 रन आए।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 37/1, 4 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 19(17), शॉन मार्श 1 (3)। कंगारू टीम पर एक विकेट गिरने का कोई दबाव नहीं पड़ा है। दोनों बल्लेबाजों ने इस ओवर में भी 13 रन बटोरे। वाटसन ने बुमराह की तीसरी गेंद जो नो बॉल थी पर चौका जड़ा अगली गेंद पर फिर से एक चौका जड़ बुमराह को सोचने पर मजबूर कर दिया।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 24/1, 3 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 9(10), शॉन मार्श 1 (2)। नेहरा ने अपने दूसरे ही ओवर में कंगारू टीम को झटका दिया। नेहरा ने दूसरी गेंद पर ख्वाजा को आउट कर भारत को पहली सफलता दिला दी। लेकिन वाटसन ने पांचवी गेंद पर छक्का जड़ कर भारतीय टीम को अपने इरादे जता दिये। उस्मान ख्वाजा कैच धोनी बो. नेहरा 14(6)।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 15/0, 2 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 1(7), उस्मान ख्वाजा 14 (5)। दूसरा ओवर बुमराह लेकर आए हैं। पहली गेंद पर तीन रन लेने के बाद ख्वाजा ने बुमराह की चौथी और पांचवी गेंद पर चौका जड़ा। इस ओवर में कुल 14 रन बने।

लाइव क्रिकेट स्कोर ऑस्ट्रेलिया 1/0, 1 ओवर। बल्लेबाजी:  शेन वाटसन 0(5), उस्मान ख्वाजा 1 (1)। भारत के लिए आशीष नेहरा गेंदबाजी की शुरूआत करेेंगे जबकि कंगारू टीम के लिए सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी शेन वाटसन और उस्मान ख्वाजा निभा रहे है। नेहरा ने पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 1 रन दिये। पहली गेंद पर ख्वाजा ने एक रन लेकर वाटसन को स्ट्राइक पर भेजा। वाटसन ने अगली 5 गेंदों पर रक्षात्मक शॉट खेला।

टॉस अपडेटः ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, पहले बल्लेबाजी करने का फैसला

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान शेन वाटसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।  ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 5 चेंज किये हैं, इस मैच में कंगारू टीम में उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, कैमरून बेनक्राफ्ट, शॉन टेट और कैमरून बायस को अंतिम ग्यारह में जगह दिया गया है। जबकि भारतीय टीम ने अंतिम ग्यारह में कोई बदलाव नहीं किया है।

दोनों टीमे की अंतिम एकादश इस प्रकार है।

भारत (अंतिम XI): शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, एमएस धोनी(कप्तान और विकेटकीपर), सुरेश रैना, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह।

ऑस्ट्रेलिया(अंतिम XI): उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, शेन वाटसन(कप्तान), कैमरून बेनक्राफ्ट, ट्रेविस हेड, एंड्रयू टाय, स्कॉट बोलैंड, शॉन टेट।

भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी इस मैच में टीम में कुछ परिवर्तन कर सकते हैं। पिछले दो मैचों में बेंच की शोभा बढ़ा रहे हरभजन सिंह को मौका दे सकते हैं ऐसे में रविन्द्र जडेजा या रविचन्द्रन अश्विन में किसी एक को आराम दिया जा सकता है। धोनी बल्लेबाजी क्रम में भी परिवर्तन कर सकते हैं। पिछले दो मैचों में ऊपर बल्लेबाजी करने उतरे धोनी इस मैच में युवराज सिंह को चौथे नंबर पर उतार सकते हैं। युवराज को पिछले दो टी20 मैचों में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका है। पहली तीन पोजीशन के लिए रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली फिक्स हैं। पेस अटैक की जिम्मेदारी एक बार फिर से आशीष नेहरा और जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी।

एरन फिंच के चोटिल होने के बाद शेन वाटसन को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। वाटसन इस मैच में कंगारू टीम को जीत दिलाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। फिंच की जगह टीम में शामिल किये गए सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा से कंगारू टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी। क्रिस लिन और ट्रेविस हेड इस सीरीज में बिग बैश का जादू नहीं दिखा सके हैं। मैक्सवेल पर टीम के मध्य क्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी। कंगारू गेंदबाज इस सीरीज में बुरी तरह नाकाम रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों से निपटना कंगारू गेंदबाजों के लिए चुनौती होगी। ALSO READ: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा टी20फुल स्कोर कार्ड

TRENDING NOW