गुजरात ने पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब, रचा इतिहास
फाइनल मुकाबले में गुजरात ने मुंबई को पांच विकेट से शिकस्त दी
Published On Jan 14, 2017, 09:47 AM IST
Last UpdatedJan 14, 2017, 09:47 AM IST

नमस्कार, आदाब क्रिकेटकंट्री हिंदी के रणजी ट्रॉफी 2016-17 फाइनल मैच के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज इंदौर के होल्कर स्टेडियम में मुंबई बनाम गुजरात फाइनल मैच का पांचवां और निर्णायक दिन है। मुंबई ने अब तक सबसे अधिक 41 बार रणजी ट्रॉफी पर कब्जा किया है और इस साल वह अपने खिताब को बचाने के लिए जी जान से जुटी हुई है। वहीं गुजरात अपने पहले रणजी खिताब के लिए लड़ रही है। ऐसे में आज देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई की टीम रणजी ट्रॉफी पर अपनी बादशाहत बरकरार रख पाती है या फिर गुजरात उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देगी।
मुंबई बनाम गुजरात रणजी ट्रॉफी फाइनल मैच अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। मुंबई ने चौथे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 411 रन बनाए और गुजरात के सामने 312 रनों का लक्ष्य रखा। गुजरात ने दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए थे। मुंबई की ओर से अभिषेक नायर ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। अभिषेक ने मुश्किल स्थिति में पारी को संभाला और स्कोर को 300 के पार ले गए। वहीं गुजरात के चिंतन गजा एक बार फिर अपनी टीम के लिए संकटमोचन बनकर उभरे। उन्होंने उम्दा गेंदबाजी करते हुए छह विकेट चटकाए और मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगाने का काम किया।
चौथे दिन के खेल की शुरुआत मुंबई ने 212 पर तीन विकेट के स्कोर से की। गुजरात को दिन की पहली सफलता जल्द ही मिली और सूर्यकुमार यादव 45 रन पर आउट होकर अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद कप्तान आदित्य तरे के साथ सिद्धेश लाड ने पारी को आगे बढ़ाया। लाड हालांकि ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और 274 के स्कोर पर मुंबई ने अपना पांचवां विकेट खो दिया। तरे ने कप्तानी पारी खेलते हुए 69 रन जड़े लेकिन वह भी शतक से चूक गए और हार्दिक पटेल की गेंद पर एलबीडबल्यू हो गए। इसके बाद भी नायर ने एक छोर से रन बनाना जारी रखा और स्कोर को 411 तक पहुंचाया। गुजरात की ओर से चिंतन गजा ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। वहीं आर पी सिंह ने भी 83 रन देकर दो विकेट चटकाए। हार्दिक पटेल ने भी कप्तान आदित्य तरे को आउट कर अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई।