इंडिया ए टीम में वैभव सूर्यवंशी के चयन से खुश हुए संजीव गोयनका, खास अंदाज में दी बधाई
इंडिया ए टीम में वैभव सूर्यवंशी को मिले मौके पर लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने उन्हें बधाई दी है.
Published On May 15, 2026, 12:45 PM IST
Last UpdatedMay 15, 2026, 12:45 PM IST
Vaibhav Suryavanshi
Sanjiv Goenka Congrats Vaibhav Suryavanshi: गुरुवार का दिन वैभव सूर्यवंशी के लिए बहुत खास रहा. 14 मई के इस दिन वैभव को इंडिया ए टीम का टिकट मिला और उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वैभव अब आईपीएल के बाद तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए के लिए श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरते हुए नजर आएंगे. वैभव के चयन के बाद से उन्हें हर ओर से लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं. इन्हीं संदेशों के बीच वैभव को लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने भी बधाई दी है. गोयनका ने वैभव के लिए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है.
संजीव गोयनका ने दी वैभव को बधाई
वैभव सूर्यवंशी के इंडिया ए टीम में चयन के बाद संजीव गोयनका काफी खुश नजर आए. उन्होंने उनके चयन के बाद सोशल मीडिया पर वैभव को बधाई देते हुए बहुत खास बातें कही हैं. गोयनका ने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम में चयन कई मायनों में खुशी की बात है, जिनमें सबसे अहम है इस युवा खिलाड़ी का इतने कम समय में इतनी बड़ी उपलब्धि. पिछले साल आईपीएल में पदार्पण से लेकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में 175 रन बनाने और टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने तक, पूरा देश उन्हें आश्चर्य से देखता रहा है. महज एक साल में उन्होंने अविश्वसनीय प्रतिभा, निडरता और लगातार बेहतर होने की ललक दिखाई है. आयुष बडोनी को भी टीम में देखकर बेहद खुशी हुई. दोनों को बधाई. भारत को गौरवान्वित करें.’
संजीव गोयनका ने अपने पोस्ट में वैभव के साथ-साथ आयुष बडोनी को भी बधाई दी है. आयुष बडोनी लखनऊ सुपर जायंट्स से ही खेलते हैं. आयुष को लेकर भी संजीव गोयनका काफी खुश नजर आए.
तिलक वर्मा करेंगे कप्तानी
वैभव सूर्यवंशी के अलावा इंडिया ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को दी गई है. तिलक वर्मा इस मौके को भुनाते हुए कप्तानी का हुनर भी सबके सामने दिखाना चाहेंगे. तिलक के अलावा रियान पराग भी इस टीम का हिस्सा हैं और उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है. आईपीएल के अन्य युवा सितारे की बात करें तो इसमें प्रियांश आर्या, निशांत संधू, श्रेयांश शेडगे जैसे कई प्रतिभावान खिलाड़ी को मौका दिया गया है.