- क्रिकेट न्यूज़
- News
- LSG vs MI we lost early wickets and were not able to recover says hardik pandya after lucknow super giants beat mumbai indians
LSG vs MI: हार्दिक पंड्या ने गिनाए हार के कारण, निहाल वढेरा के लिए कहा- इंडिया खेलेगा
मुंबई इंडियंस की टीम को आईपीएल 2024 में सातवीं हार का सामना करना पड़ा है. मुंबई के लिए अब आगे का सफर बहुत मुश्किल नजर आ रहा है.
Published On May 01, 2024, 07:59 AM IST
Last UpdatedMay 01, 2024, 07:59 AM IST
हार्दिक पंड्या ने हार के लिए जल्दी विकेट खोने को बताया कारण
लखनऊ: पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का इस बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल लग रहा है. मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में उसे लखनऊ सुपर जायंट्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा. चार विकेट से मिली इस हार के बाद मुंबई के लिए अंतिम चार में जगह बनाना लगभग नामुमकिन नजर आ रहा है. इस हार के बाद टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इसके लिए जल्दी विकेट खोने को बड़ा कारण बनाया.
मुंबई की टीम ने सात विकेट पर 144 रन बनाए. उसके चार विकेट सिर्फ 27 रन पर गिर गए थे. उसके बाद टीम वहां से उबर नहीं पाई. हार्दिक ने भी इसी बात से सहमति जताई. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि जल्दी विकेट खोने से आप थोड़ी मुश्किल परिस्थिति में फंस जाते हैं. और इसके बाद वहां से उबर पाना आसान नहीं होता. और आज ऐसा कर भी नहीं पाए. क्रिकेट में आपको गेंद को देखना और उसे हिट करना होता है. आज हमने कई ऐसी गेंद मिस कीं और आउट हो गए. और यह पूरा सीजन ही हमारे लिए इसी तरह का रहा है.’
निहाल वढेरा की तारीफ…
इस सीजन में मुंबई इंडियंस को 10 मैचों में सिर्फ तीन में ही जीत मिली है. और वह पॉइंट्स टेबल में नौवें नंबर पर है. पंड्या ने कहा, ‘मैं हमेशा अपनी पूरी ताकत झोंकने में यकीन रखता हूं. इस मैच से हम काफी कुछ सीख सकते हैं.’
मुंबई के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज निहाल वढेरा ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए. हार्दिक पंड्या अपने इस खिलाड़ी के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए. उन्होंन कहा, ‘वढेरा ने पिछले साल भी अच्छा किया था. उन्हें टूर्नमेंट में ज्यादा मौके नहीं मिले लेकिन भविष्य में वह बहुत आईपीएल मुकाबले खेलेंगे और एक दिन भारत का भी प्रतिनिधित्व करेंगे.’