LSG vs PBKS के बीच जानें क्या है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पीबीकेएस को हर हाल में एलएसजी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
Published On May 22, 2026, 07:41 PM IST
Last UpdatedMay 22, 2026, 07:41 PM IST
LSG vs PBKS Head to Head Record
आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत शनिवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ होगी। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पीबीकेएस को हर हाल में एलएसजी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
अच्छी शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स की फॉर्म खराब
आईपीएल 2026 में अच्छी शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स की फॉर्म मानो छूमंतर हो गई है। पीबीकेएस को पिछले छह मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर को छोड़कर पिछले कुछ मुकाबलों में पीबीकेएस के बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं। आरसीबी के खिलाफ हुए आखिरी मैच में टीम का टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह से फेल रहा था। वहीं, गेंदबाजी पीबीकेएस के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। अर्शदीप सिंह लय से भटके हुए नजर आ रहे हैं, तो लॉकी फर्ग्यूसन पिछले मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए थे।
दूसरी तरफ, प्लेऑफ की रेस से पहले से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम पिछले दो मुकाबलों में शानदार फॉर्म में दिखाई दिया है। मिचेल मार्श ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रनों का योगदान दिया था। निकोलस पूरन भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के गेंदबाज 221 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। आकाश महाराज सिंह ने 3 ओवर में 54 रन खर्च किए थे, जबकि मयंक यादव ने 4 ओवर में 50 रन दिए थे। प्रिंस यादव भी काफी महंगे रहे थे।
इकाना स्टेडियम में गेंदबाजों को मिलेगी मदद
इकाना स्टेडियम की पिच को गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। खासतौर पर यहां पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है, जिसके कारण बल्लेबाजों के लिए शॉट्स लगाना आसान नहीं रहता है। पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच पीबीकेएस ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में एलएसजी को जीत नसीब हुई है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को लखनऊ में तेज धूप खिली रहेगी और बारिश होने की आशंका न के बराबर है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।