IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने खोला जीत का खाता, पंजाब किंग्स को चटाई धूल
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ आठ विकेट पर 199 रन बनाए. पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी.
Published On Mar 30, 2024, 11:43 PM IST
Last UpdatedMar 30, 2024, 11:43 PM IST
(Image credit-IPLT20.Com)
लखनऊ. सलामी बल्लेबाज क्विंटोन डिकॉक के अर्धशतक, निकोलस पूरन और क्रुणाल पंड्या की आक्रामक बल्लेबाजी के बाद मयंक यादव की धारदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ सुपरजायंट्स ने आईपीएल 2024 में अपनी पहली जीत दर्ज की है. शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर खेले गए मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रन से हरा दिया. लखनऊ की टीम इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है.
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ आठ विकेट पर 199 रन बनाए. क्विंटोन डिकॉक ने 38 गेंद में 54 रन बनाये जबकि कार्यवाहक कप्तान निकोलस पूरन ने 21 गेंद में 42 रन की पारी खेली, क्रुणाल पांड्या ने दो छक्के और चार चौके लगाकर 22 गेंद में 43 रन बनाये और टीम को दो सौ के पास पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की टीम शिखर धवन के अर्धशतक (70) के बावजूद 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी. मयंक यादव ने तीन विकेट चटकाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. पंजाब किंग्स की इस सीजन यह दूसरी हार है.
डिकॉक ने जड़ा अर्धशतक, पूरन-क्रुणाल की तूफानी पारी
इससे पहले निकोलस पूरन को कप्तानी सौंपकर इस मैच में ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के रूप में खेल रहे केएल राहुल कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए और सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए. देवदत्त पड्डिकल (09) और मार्कस स्टोइनिस (19) ने भी निराश किया. डिकॉक ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. स्ट्रेटेजिक टाइम आउट के बाद डिकॉक को अर्शदीप ने विकेट के पीछे जितेश शर्मा के हाथों लपकवाया. आयुष बदोनी (08) भी अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके. निकोलस पूरन और आखिरी के ओवरों में क्रुणाल पांडया ने विस्फोटक पारी खेली, जिससे लखनऊ की टीम 200 रन के पास पहुंच गई.
मयंक यादव की धारदार गेंदबाजी
200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने धमाकेदार शुरुआत की. ओपनर शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो के बीच 102 रन की साझेदारी हुई. इस साझेदारी को लखनऊ के युवा गेंदबाज मयंक यादव ने तोड़ा. मयंक ने बेयरस्टो (29 गेंद में 42 रन) को पवेलियन भेजा. मयंक ने पंजाब की पारी के 12वें ओवर में टूर्नामेंट की सबसे तेज गेंद 155 . 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डाली.जॉनी बेयरस्टो के अलावा मयंक ने प्रभसिमरन सिंह और जितेश शर्मा को भी अपना शिकार बनाया. मयंक यादव ने चार ओवर के स्पेल में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
शिखर धवन ने 50 गेंद में 70 रन की पारी खेली, मगर वह टीम को जीत नहीं दिला सके. पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 178 रन ही बना सकी. लिविंगस्टोन 17 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रहे.