×

IPL 2023: कोलकाता को 1 रन से मात देकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने प्लेऑफ में बनाई जगह

LSG के 176 रन के जवाब में कोलकाता की टीम 175/7 रन का स्कोर ही बना सकी.

user-circle cricketcountry.com Written by Vanson Soral
Last Updated on - May 21, 2023 12:03 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 की तीसरी प्लेऑफ टीम का भी ऐलान हो गया है. गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद अब लखनऊ सुपर जायंट्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है. लखनऊ ने कोलकाता को हराकर टॉप-4 में अपनी जगह पक्की की.

IPL 2023 के 68वें मैच में लखनऊ ने निकोलस पूरन की 30 गेंद में 58 रन की पारी के साथ छठे विकेट के लिए आयुष बडोनी (25) के साथ 47 गेंद में 74 रन की साझेदारी के दम पर बीच के ओवरों में लड़खड़ाने के बाद शानदार वापसी करते हुए आठ विकेट पर 176 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. इसके जवाब में कोलकाता की टीम 175/7 रन का स्कोर ही बना सकी.

 

रिंकू सिंह की आतिशी पारी ने केकेआर को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया था लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला. रिंकू ने 33 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 67 रन बनाये. टीम अंतिम दो ओवर में जीत के लिए 41 रन चाहिये थे लेकिन रिंकू की आक्रामक पारी के बाद भी टीम लक्ष्य से एक रन दूर रह गयी.

लखनऊ की 14 मैचों में यह आठवी जीत रही और टीम ने 17 अंक के साथ तालिका में तीसरा स्थान पक्का किया. इतने ही अंक के साथ चेन्नई सुपरकिंग्स बेहतर नेट रन रेट के दूसरे स्थान पर है. केकेआर की यह 14 मैचों में आठवीं हार है। टीम का अभियान 12 अंक के साथ खत्म हुआ. प्लेऑफ की चौथी टीम की दौड़ में अब मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और राजस्थान रॉयल्स की टीमें बच गयी हैं.

इस सीजन प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला 21 मई को होगा. RCB का मैच गुजरात टाइटंस से होगा जबकि मुंबई की भिड़ंत हैदराबाद से होगी.

IPL 2023 पाइंट्स टेबल का हाल (68 मैच तक)

GT- 13 मैच- 18 अंक (Q)
CSK- 14 मैच- 17 अंक (Q)
LSG- 14 मैच- 15 अंक (Q)
RCB- 13 मैच- 14 अंक (+0.180)
RR- 14 मैच- 14 अंक +0.148
MI- 13 मैच- 14 अंक (-0.128)
KKR- बाहर
PBKS- बाहर
दिल्ली- बाहर
SRH- बाहर