LSG vs KKR Final Over: लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच बुधवार को मुकाबला खेला गया। मैच में जीत तो केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ को मिली लेकिन आखिर तक रोमांच बना हुआ था। आखिरी ओवर में मैच का पलड़ा कई बार इधर-उधर हुआ। जानते हैं क्या हुआ था उस ओवर में…
कोलकाता की पारी का आखिरी ओवर। जीत के लिए 21 रनों की दरकार। रिंकू सिंह 10 गेंद पर 22 और सुनील नरेन सिर्फ 7 गेंद पर 21 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद। यूं तो लखनऊ का पलड़ा भारी लग रहा था लेकिन ये दोनों बल्लेबाज जिस अंदाज में खेल रहे थे उससे केएल राहुल की धड़कंने बढ़ी हुई थीं। चूक प्लेऑफ का पड़ाव लंबा कर सकती थी। और जीत सीट पक्की। तो राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के इस ऑलराउंडर पर भरोसा जताया।
स्टॉयनिस 20वें ओवर की पहली गेंद लेकर ओवर द विकेट दौड़े। और रिंकू सिंह ने धमाकेदार चौका जड़ दिया। लखनऊ को यह नहीं चाहिए था और कोलकाता को इसकी दरकार थी। रिंकू सिंह दिखा रहे थे कि कोलकाता का उन पर भरोसा करना गलत नहीं था। 119 किलोमीटर की रफ्तार की यह स्लो गेंद ऑफ स्टंप से बाहर थी। करीब छठे स्टंप के करीब। रिंकू को हाथ खोलने का पूरा मौका मिला। उन्होंने गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के पास से धमाकेदार प्रहार किया। लॉन्ग ऑफ फील्डर के पास उसे रोकने का कोई मौका नहीं था।
अगली गेंद
फाइन लेग को अंदर बुलाया गया और डीप थर्ड मैन को पीछे भेजा गया। यानी नजरिया साफ था। इस बार भी ऑफ स्टंप के बाहर ही लाइन रखी जाएगी। स्टॉयनिस ने इस बार 127 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद फेंकी। गेंद की रफ्तार पहले से ज्यादा और रन भी ज्यादा। रिंकू ने इस पर सिक्स लगा दिया। गेंद मिडल स्टंप पर थी। रिंकू ने एक कदम आगे बढ़ाया और गेंद को दमदार तरीके से पुल कर दिया। गेंदबाज परेशान , केएल के चेहरे पर शिकन साफ देखी जा सकती है।
19.3- एक और छक्का
यहां रिंकू सिंह ने लखनऊ का धुआं-धुआं कर दिया है। स्टॉयनिस ऑफ स्टंप के बाहर रन खा चुके थे और मिडल स्टंप पर भी। इस बार उन्होंने यॉर्कर फेंकने की कोशिश की। लेकिन यॉर्कर में अगर गेंदबाज अपनी लेंथ चूक जाए तो बल्लेबाज के पास बेहतरीन मौका होता है कि वह उस पर दमदार शॉट खेले। रिंकू ने वही किया। रिंकू ने इस बार गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से सिक्स के भेजा। ऑफ स्टंप के बाहर फुल गेंद और रिंकू ने उसे बिना देर किया साइटस्क्रीन पर भेजा।
अब मैच कोलकाता का था। तीन गेंद परपा पांच रन। बल्लेबाज फॉर्म में और गेंदबाज बैकफुट पर।
19.4- दो रन। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थी। रिंकू ने उस पर क्रॉस बैट शॉट खेला। वह बहुत तेज दौड़ रहे थे। ऐसा लग रहा था कि तीन रन भी पूरे कर सकते हैं।
अब दो गेंद पर तीन रन
19.5- यह गेंद बहुत अहम थी। और स्टॉयनिस को साथ मिला फील्डर का। रिंकू सिंह आउट। रिंकू ने गेंद को ड्राइव किया। गेंद बल्ले पर पूरी तरह नहीं आई। हवा मे ऊंची गई लेकिन दूर नहीं। फिर भी ऐसा लग रहा था कि वह खाली जगह पर गिर जाएगी। लेकिन एविन लुईस के इरादे अलग थे। वह कवर्स से भागे और करीब 30 गज दौड़ने के बाद आगे डाइव लगाते हुए बाएं हाथ से शानदार कैच लपका। इसे आईपीएल 2022 का बेस्ट कैच गिना जा सकता है। रिंकू 15 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट।
अब एक गेंद पर दो रन चाहिए। एक रना यानी सुपर ओवर। सीजन का पहला। क्रीज पर उमेश यादव।
19.6- कोई रन नहीं। उमेश यादव बोल्ड। स्टॉयनिस के हौसले बुलंद हैं। इस बार यॉर्कर सही जगह पड़ी। ऑफ स्टंप के बिलकुल नीचे। उमेश इसे नहीं समझ पाए। गेंद जाकर विकेटों से लगी। पहली चार गेंदों के सदमे से उबर गए होंगे स्टॉयनिस। आखिर में जीत लखनऊ की हुई। कोलकाता के खेमे में जीत के करीब आकर फिसलने की निराशा तो रही होगी।
इस हार के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।