×

IND vs SA: पहले उपकप्तान फिर कप्तान, लुंगी नगिडी ने लगातार ओवरों में किए 2 शिकार, बदल गया मैच का रुख

IND vs SA: शुभमन गिल कुछ वक्त बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे थे. लेकिन उनकी यह वापसी यादगार नहीं रही. वह अपनी दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद लुंगी नगिडी ने सूर्यकुमार यादव को भी आउट किया.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 9, 2025 7:43 PM IST

शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में कुछ खास नहीं कर सके. मंगलवार, 9 दिसंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है. साउथ अफ्रीका के कप्तान मार्को यानसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. गिल जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज किया. लेकिन अपनी पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद गिल चलते बने.

गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान चोट लग गई थी. उनकी गर्दन मे चोट लगी थी. इसके बाद उन्होंने उस टेस्ट मैच में शिरकत नहीं थी. और वह सीरीज के दूसरे मैच में भी नहीं खेले थे. गिल इसके बाद दोनों टीमों के बीच हुई तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का भी हिस्सा नहीं थे. गिल भारत के टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं. लेकिन टी20 इंटरनेशनल में वह उपकप्तान हैं. उनका टी20 सीरीज में खेलने पर सवाल था. हालांकि वह फिट होकर लौट आए.

शुभमन गिल को आज के मैच के लिए टीम में शामिल किया गया और इस वजह से संजू सैमसन अंतिम 11 का हिस्सा नहीं थे. गिल ने मैच की अनपी पहली गेंद पर चौका लगाया. लेकिन इसकी अगली ही गेंद पर वह फंस गए. दाएं हाथ के लंबे कद के गेंदबाज लुंगी नगिड़ी ने मिडल-लेग स्टंप पर लेंथ बॉल फेंकी. गिल ने खुद को थोड़ी जगह दी और आगे बढ़े. वह गेंद को मिड-ऑफ के ऊपर से खेलना चाहते थे. यहां तक ठीक था. लेकिन गिल गेंद को सही वक्त पर टाइम नहीं कर पाए. गेंद हवा में ऊंची चली गई. मर्को यानसन ने अपने दाएं ओर थोड़ी सी चहलकदमी करते हुए कैच लपक लिया. मिड-ऑफ पर यह आसान सा कैच था.

Shubman Gill Wicket- शुभमन गिल का विकेट

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज से भारत अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अभियान की शुरुआत कर रहा है. इस सीरीज में भारत को पांच मैच खेलने हैं. इसके बाद न्यूजीलैंड की मेजबानी करनी है और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं. टी20 वर्ल्ड कप अगले साल सात फरवरी से खेला जाएगा. इस बार वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में होना है.

TRENDING NOW

Suryakumar Yadav Wicket- सूर्यकुमार यादव का विकेट

लुंगी नगिडी ने इससे अगले ओवर में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी निशाना बनाया. सूर्या ने नगिडी की गेंद पर चौका लगाया और फिर अगली गेंद पर छक्का लगाया. ऐसा लगाया कि बीते कुछ अर्से से खराब फॉर्म में चल रहे सूर्या की रंग में वापसी हो रही है. लेकिन इसके बाद उन्होंने भी वही गलती की जो गिल ने की थी. फुल लेंथ गेंद पर उन्होंने फ्लिक करना चाहा. लेकिन वह शॉट को मिस-टाइम कर गए. गेंद हवा में ऊंची गई. और मिड-ऑन पर मार्करम ने उनका कैच कर लिया.