- Home
- News
- Madurai Panthers level ball-tampering charges against ravichandran Ashwin-led Dindigul Dragons in TNPL 2025
TNPL 2025 में गेंद से छेड़छाड़, अश्विन की टीम पर लगा गंभीर आरोप
14 जून को हुए मैच के दौरान ‘केमिकल (रसायन) लगे तौलिये का इस्तेमाल’ करके गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है.
Published On Jun 16, 2025, 08:09 PM IST
Last UpdatedJun 16, 2025, 08:09 PM IST
Ashwin
तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2025 (TNPL 2025) में आर अश्विन की अगुआई वाली डिंडीगुल ड्रैगन्स के खिलाफ सीचम मदुरै पैंथर्स ने गेंद से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं. आयोजकों ने ‘मैच खत्म होने के बाद और अटकलबाजी की तरह लग रहे’ आरोपों के लिए सबूत पेश करने का निर्देश दिया है।
पैंथर्स ने ड्रैगन्स पर 14 जून को सलेम में हुए मैच के दौरान ‘केमिकल (रसायन) लगे तौलिये का इस्तेमाल’ करके गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. यह समझा जाता है कि इन तौलियों को राज्य क्रिकेट संघ ने गेंद के गीला होने पर उसे पोंछने के लिए मुहैया कराया था, गेंद को सुखाने का काम मैदानी अंपायरों की मौजूदगी में किया गया.
पैंथर्स की टीम से मांगे गए सबूत
टीएनपीएल ने ऐसे में पैंथर्स से अपने आरोपों को ‘पुष्ट’ करने के लिए जल्द से जल्द सबूत पेश करने को कहा है. टीएनपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रसन्ना कन्नन ने पैंथर्स को भेजे ईमेल में लिखा, आरोप बाद में लगाए गए, यह बिना किसी सबूत के अटकलों पर आधारित लग रहे हैं, यह पूरी तरह से टीम के आंतरिक संचार पर आधारित प्रतीत होते हैं. कन्नन ने आगे कहा कि मैच के दौरान या बाद में मैदानी अंपायरों या मैच रेफरी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई. पता चला है कि टीएनपीएल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक आंतरिक समिति गठित करने जा रहा है.
पैंथर्स के सीईओ महेश एस ने टीएनपीएल को पत्र लिखकर गत चैंपियन ड्रैगन्स द्वारा गेंद से ‘स्पष्ट’ छेड़छाड़ का दावा किया. अपने पत्र में महेश ने टीएनपीएल के शीर्ष अधिकारियों से तौलिये के स्रोत की जांच करने को भी कहा. सलेम क्रिकेट फाउंडेशन ग्राउंड में हुए इस मैच में ड्रैगन्स ने पैंथर्स को नौ विकेट से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 150 रन बनाए, अश्विन को कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने अपने चार ओवर में 27 रन दिए, उन्होंने हालांकि सलामी बल्लेबाज के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 49 रन बनाए और ड्रैगन्स ने 12.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.
इनपुट- भाषा