Cricket Country Staff
Editorial team of CricketCountry.
Written by Cricket Country Staff
Last Published on - November 30, 2022 7:48 PM IST

महाराष्ट्र और सौराष्ट्र की टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 के फाइनल में जगह बना ली है. बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र ने असम को 12 रन से और सौराष्ट्र ने कर्नाटक को पांच विकेट से हरा दिया. फाइनल मुकाबला दो दिसंबर को खेला जाएगा.
रुतुराज गायकवाड़ और अंकित बावने के शतक से महाराष्ट्र की जीत:
फॉर्म में चल रहे रुतुराज गायकवाड़ और अंकित बावने के शतक से महाराष्ट्र ने बुधवार को यहां असम को 12 रन से हराकर पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई. खिताबी मुकाबले में शुक्रवार को महाराष्ट्र की भिड़ंत सौराष्ट्र से होगी.
बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर महाराष्ट्र ने बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कप्तान गायकवाड़ की 126 गेंद में 168 रन की पारी और बावने के 89 गेंद में 110 रन की बदौलत सात विकेट पर 350 रन का स्कोर खड़ा किया। गायकवाड़ और बावने ने 207 रन की साझेदारी भी की. बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रिषव दास (53), शिवशंकर रॉय (78) और स्वरूपम पुरकायस्थ (95) ने असम को दौड़ में बनाए रखा लेकिन अंतत: टीम निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 338 रन ही बना सकी.
लक्ष्य का पीछा करते हुए असम ने 16वें ओवर में 103 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे। शिवशंकर और स्वरूपम ने इसके बाद 133 रन जोड़कर पारी को संभाला. शिवशंकर 36वें ओवर में पवेलियन लौटे जिसके बाद असम ने कुछ और विकेट गंवाकर लय गंवा दी. राज्यवर्धन हेंगारगेकर महाराष्ट्र के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 65 रन देकर चार विकेट चटकाए. मनोज इनगाले ने 51 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के खिलाफ दो दिन पहले लिस्ट ए मैच में सात छक्कों की मदद से एक ओवर में विश्व रिकॉर्ड 43 रन बनाने वाले गायवाड़ ने उसी लय को बरकरार रखते हुए असम के गेंदबाजों के खिलाफ 18 चौके और छह छक्के मारे। यह चार मैच में उनका तीसरा शतक है. बावने ने भी टूर्नामेंट का अपना दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के मारे. एसएस बचाव ने भी 52 गेंद में 41 रन की पारी खेली. असम के सबसे सफल गेंदबाज मुख्तार हुसैन (42 रन पर तीन विकेट) रहे.
जयदेव उनादकट की धारदार गेंदबाजी से सौराष्ट्र ने कर्नाटक को दी मात:
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के चार विकेट और प्रेरक मांकड़ के ऑलराउंड प्रदर्शन से सौराष्ट्र ने बुधवार को यहां कर्नाटक को पांच विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई. उनादकट ने कप्तान मयंक अग्रवाल (01) और विकेटकीपर बल्लेबाज बीआर शरत (03) को सस्ते में आउट करके सौराष्ट्र को अच्छी शुरुआत दिलाई जिसके बाद मांकड़ ने निकिन जोस (12) और मनीष पांडे (00) को चार गेंद में आउट करके 19 ओवर में कर्नाटक का स्कोर चार विकेट पर 47 रन कर दिया।
कर्नाटक के सात बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए और पूरी टीम अंतत: 49.1 ओवर में 171 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र ने जय गोहिल की 82 गेंद में 61 रन की पारी की बदौलत 36.2 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन बनाकर जीत दर्ज की। गोहिल ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। मांकड़ ने 35 रन की पारी खेली जबकि समर्थ व्यास ने भी 33 रन का योगदान दिया।
मांकड़ ने गोहिल के साथ 53 रन की साझेदारी भी की. इससे पहले सलामी बल्लेबाज रविकुमार समर्थ ने 135 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 88 रन की पारी खेली लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। वह उनादकट के तीसरे शिकार बने.
इनपुट- पीटीआई भाषा
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
