मानव सुथार का महाडेब्यू, पहले मैच में रिकॉर्ड का खोला खास 'पंजा'
मानव सुथार का टेस्ट डेब्यू काफी यादगार रहा. उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी और उसका पंजा खोल दिया है.
Published On Jun 09, 2026, 04:12 PM IST
Last UpdatedJun 09, 2026, 04:12 PM IST
Manav Suthar Records: टीम इंडिया के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही इतिहास रच दिया, उन्होंने इस मुकाबले में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 5 बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं. ऐसा करने वाले वे भारत के इकलौते युवा स्पिनर बन गए हैं. इस ऐतिहासिक मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से धूल चटाई, यह रनों के लिहाज़ से यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास की पारी के आधार पर सबसे बड़ी जीत है।
डेब्यू मैच में चमके
23 साल के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में 7 विकेट चटकाकर प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे. उन्होंने टेस्ट मैच के पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे. सुथार डेब्यू टेस्ट मैच में फाइफर लेने वाले भारत के 10 वें प्लेयर हैं. उनसे पहले यह कारनामा , अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, आर अश्विन, अमित मिश्रा, नरेंद्र हिरवानी, दिलीप दोशी, एस आबिद अली, वामन कुमार और मोहम्मद निसार ने किया है.
अश्विन और रोहित के क्लब में हुए शामिल
सुथार डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ मैच अवॉर्ड हासिल करने वाले भारत के नौवें क्रिकेटर हैं. उनके अलावा यह कारनामा प्रवीण आमरे, आरपी सिंह, रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, रोहित शर्मा, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल भी ऐसा कर चुके हैं.
2008 के बाद ऐसा देखने को मिला
डेब्यू टेस्ट मैच में पहली पारी में फाइफर लेने के मामले में मानव सुथार दूसरे भारतीय गेंदबाज बनें हैं. उनसे पहले अमित मिश्रा ने यह किया था. अमित ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में पहली पारी में 71 रन देकर पांच विकेट झटके थे.
21वीं सदी में टीनू योहानन के बाद दूसरे भारतीय बने सुथार
युवा स्पिनर सुथार ने टेस्ट डेब्यू के पहले ही ओवर में अफगानिस्तान के ओपनर अब्दुल मलिक का शिकार किया, सुथार 21वीं सदी में टीनू योहानन के बाद अपने पहले ही ओवर में विकेट लेने वाले वे दूसरे भारतीय हैं. टीनू ने 2001 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में किया था.
इकलौते भारतीय बन गए हैं सुथार
सुथार अफगानिस्तान से खेले गए मैच में सात विकेट लेने के अलावा 41 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली साथ ही साथ तीन शानदार कैच भी पकड़े, वह डेब्यू टेस्ट में 25 प्लस रन बनाने, पांच या उससे अधिक विकेट लेने और तीन या उससे ज्यादा कैच पकड़ने वाले इकलौते भारतीय बन गए हैं. उनसे पहले डेब्यू टेस्ट मैच में ऐसा करने वाले अल्बर्ट ट्रॉट, एलेक्स केनेडी और जोएल गार्नर ने किया है.