• Home
  • News
  • Manav Suthar Statement after taking 3 wickets against Afghanistan on Day-2 of ONE-OFF Test

India vs Afghanistan One-Off Test: मानव सुथार ने बताई अपनी सबसे बड़ी ताकत, शुभमन गिल को दिया क्रेडिट

मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से अपने टेस्ट करियर का आगाज किया. उन्होंने गेंदबाजी में तीन विकेट हासिल किए. दिन का खेल खत्म करने के बाद उन्होने अपने प्लान के बारे में चर्चा की.

Edited By : Bharat Malhotra |Jun 08, 2026, 08:05 AM IST

Published On Jun 08, 2026, 08:05 AM IST

Last UpdatedJun 08, 2026, 08:05 AM IST

Manav Suthar took 3 Wickets against Afghanistan on day-2

मानव सुथान ने दूसरे दिन हासिल किए तीन विकेट. भारत ने अफगासनिस्तान टेस्ट में बनाई बढ़त (फोटो- आईएएनएस)

न्यू चंडीगढ़: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है. रविवार को मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत के 8 विकेट पर 564 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट पर 113 रन बनाए थे. भारत की ओर से डेब्यू कर रहे स्पिनर मानव सुथार ने तीन विकेट हासिल किए. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने कहा कि लगातार सही जगह पर गेंदबाजी करने से उन्हें टेस्ट में असर डालने में मदद मिली.

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद सुथार ने अपनी गेंदबाजी पर कहा कि उनकी योजना साफ थी. वह लगातार सही जगहों पर गेंदबाजी करते हुए पिच से मिल रही मदद का पूरा फायदा उठाना चाहते थे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

‘मैं बस सही जगह गेंदबाजी करना चाहता था’

उन्होंने कहा, ‘स्पेल के दौरान मेरा ध्यान सही जगहों पर गेंदबाजी करने और अपनी ताकत पर भरोसा करने पर था. विकेट से मदद मिल रही थी, इसलिए मेरी कोशिश सही जगहों पर गेंदबाजी करने और जितनी हो सके उतनी लगातार सही लेंथ पर गेंद डालने की थी.’

अपनी खूबियों के सवाल पर सुथार ने कहा, ‘विकेट से कुछ मदद मिल रही थी, और मेरी ताकत गेंद को टर्न कराना है. इसलिए मेरा मकसद ज्यादा से ज्यादा टर्न हासिल करना था क्योंकि पिच से मदद मिल रही थी. साथ ही, मैं अच्छी जगहों पर गेंदबाजी करना और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालना चाहता था, क्योंकि वहीं से मदद मिल रही थी. मेरा पूरा ध्यान इसी पर था.’

‘वह मेरे खेल को समझते हैं’, गिल को दिया क्रेडिट

सुथार ने अपनी सफलता का श्रेय कप्तान गिल को देते हुए कहा कि उनका मेरे खेल को समझना मेरे काम आया. बाएं हाथ के स्पिनर ने कहा, ‘हम साथ खेले हैं, इसलिए वह मेरी ताकत और मेरी गेंदबाजी को अच्छी तरह समझते हैं. उसी के आधार पर, वह मुझे फील्ड प्लेसमेंट, मैच की स्थितियों और मुझे किस लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करनी चाहिए, इस बारे में गाइड करते हैं.’

अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज कर रहे सुथार को गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया है. सुथार ने पहले ही टेस्ट में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से प्रभावित किया.

सुथार ने बल्लेबाजी में भी दिखाया दम

बल्लेबाजी के दौरान 8वें नंबर पर उतरते हुए सुथार ने 41 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली. वहीं गेंदबाजी में 15.5 ओवर में 7 मेडन फेंकते हुए मात्र 21 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं. सुथार के ऑलराउंड प्रदर्शन की पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी तारीफ की है.

रविवार को टेस्ट का दूसरा दिन था. दिन की समाप्ति के समय अफगानिस्तान 113 रन पर अपने 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी. भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick