VIDEO: मनीष पांडे का कैच देखकर यकीन करना मुश्किल, कोहली का मुंह भी खुला रह गया
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने जीत के लिए 193 रन का टारगेट रखा था, आरसीबी ने विराट कोहली के शतक से टारगेट को हासिल कर लिया.
Published On May 14, 2026, 04:58 PM IST
Last UpdatedMay 14, 2026, 04:58 PM IST
Manish pandey catch Video
आईपीएल 2026 में बुधवार को खेले गए मैच में आरसीबी की टीम के केकेआर को छह विकेट से हराकर प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया. केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने जीत के लिए 193 रन का टारगेट रखा था, आरसीबी ने विराट कोहली के शतक (60 बॉल में 105 रन) की मदद से टारगेट को 19.1 ओवर में हासिल कर लिया. इस मैच में केकेआर के फील्डर मनीष पांडे ने कमाल का कैच लपका. मनीष पांडे का कैच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मनीष ने अपनी बाईं ओर पूरी तरह से डाइव लगाई और एक हाथ से टिम डेविड ज़बरदस्त कैच पकड़ा. उनका यह कैच देखकर विराट कोहली- टिम डेविड के साथ- साथ गेंदबाज कार्तिक त्यागी भी हैरान रह गए. विराट कोहली का मुंह इस कैच को देखकर खुला रह गया. कोहली ने मनीष पांडे को खास अंदाज में बधाई भी दी.
यहां देखें वीडियो:
आरसीबी की पारी के 18वें ओवर की घटना
आरसीबी की पारी के 18वें ओवर में कार्तिक त्यागी गेंदबाजी कर रहे थे. इस ओवर की पांचवीं गेंद को कार्तिक त्यागी ने ऑफ स्टंप की लाइन में डाली. टिम डेविड ने शॉर्ट गेंद को बैकफुट पर जाकर कट किया. गेंद हवा में गई और मनीष पांडे ने बैकवर्ड प्वाइंट पर अपनी बाईं तरफ हवा में फुल डाइव लगाकर एक हाथ से कैच लपक लिया. टिम डेविड को यकीन ही नहीं हुआ कि उनका कैच लपक लिया गया है. गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने इस कैच को देखकर सिर पकड़ लिया, वहीं विराट कोहली भी कैच पर यकीन नहीं कर पाए.
आरसीबी जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 192 रन लगाए. अंगकृष रघुवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 71 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं रिंकू सिंह ने 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए. आरसीबी ने 193 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर हासिल किया. विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. कोहली 60 गेंदों में 105 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे, उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए. वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया.
इस जीत के साथ ही आरसीबी अंक तालिका में एक बार फिर पहले स्थान पर पहुंच गई है. आरसीबी की यह इस सीजन की आठवीं जीत रही और अब टीम के 12 मुकाबलों में 16 प्वाइंट हो गए हैं. आरसीबी की जीत से गुजरात टाइटंस का नुकसान हुआ है और वह दूसरे नंबर पर खिसक गई है. हालांकि गुजरात टाइटंस के भी आरसीबी के बराबर 16 प्वाइंट हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (+1.053) का नेट रन रेट गुजरात टाइटंस (+0.551) से बेहतर है.