दिन के 60 रुपए कमाने वाला खिलाड़ी, अब किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलेगा आईपीएल
जम्मू कश्मीर के मंजूर डार को किंग्स इलेवन पंजाब ने 20 लाख रुपए में खरीदा।
Published On Jan 30, 2018, 04:36 PM IST
Last UpdatedJan 30, 2018, 04:36 PM IST
मंजूर डार (फोटो साभार: ट्विटर/मंजूर पांडव)
पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीरेंदर सहवाग ने हाल में बयान दिया था कि आईपीएल ने कई अनजान खिलाड़ियों की किस्मत बदली है। अब कुछ ऐसा ही जम्मू कश्मीर के मंजूर डार के साथ होने जा रहा है। एक समय था जब मंजूर पूरा दिन मजदूरी कर केवल 60 रुपए कमाते थे लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें 20 लाख रुपये की बोली लगाकर खरीदा, जिसके बाद उनकी जिंदगी की अलग शुरुआत हो गई है। डार ने इस बारे में पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘मैं इस मौके लिए अल्लाह का शुक्रगुजार हूं, किंग्स इलेवन और प्रीति जिंटा का भी। मेरी जिंदगी संघर्ष से भरी हुई है और जब मुझे नीलामी में टीम मिली तो मैं उस दिन के बारे में सोच रहा था जब मैं गांव में मजदूरी कर रोजाना 60 रुपये कमाता था।’’
11वें आईपीएल सीजन की नीलामी में एकलौके जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर डार के चयन ने ना केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव काफी खुश है। इस बारे में उन्होंने कहा, ‘‘अभी थोड़ी देर पहले मैंने मां से बात कर रहा था। उन्होंने ने बताया कि लगभग 30,000 लोग हमें बधाई देने आए हैं। ऐसा प्यार पाना काफी खास है।’’ क्रिकेट खेलने का सपने पूरा करने के लिए डार वह रात में सुरक्षा गार्ड का काम करते थे और दिन में क्रिकेट खेलते थे।
[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/mohammad-azharuddin-its-ridiculous-to-compare-hardik-pandya-with-kapil-dev-682233″][/link-to-post]
साथी खिलाड़ियों के बीच पांडव के नाम से मशहूर वाले डार ने कहा, ‘‘सिर्फ यही एक तरीका था जिसके जरिए मैं खेल जारी रख सकता था। 2008 से 2012 तक मैं रात में सुरक्षा गार्ड का काम करता था लेकिन यही वो समय था जब मैंने क्लब क्रिकेट में जगह बनाई। मेरा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलना था क्योंकि इससे मैं ज्यादा पैसे कमा सकता था। मुझे अच्छी तरह याद है, जब पहली बार मैंने क्लब क्रिकेट खेला था तो मेरे पास ना तो जूते थे ना ही क्रिकेट किट।’’
डार किंग्स इलेवन पंजाब टीम में युवराज सिंह के साथ ड्रेंसिंग रूम शेयर करने को लेकर काफी उत्साहित हैं, हालांकि उन्होंने बताया कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘युवराज के साथ खेलना मेरे लिए बड़ी बात है। कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी भी मेरे आदर्श हैं। मैं हमेशा धोनी की तरह छक्के लगाना चाहता हूं।’’
मौजूदा दौर में 20 लाख रुपये ज्यादा नहीं होंगे लेकिन डार के लिए ये बेहतर जिंदगी की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पिछले तीन साल से घर बनावा रहा हूं जो अभी भी पूरा नहीं हुआ है। उम्मीद है अब उसे पूरा करवा पाउंगा। इस पैसे का इस्तेमाल मैं बीमार मां के इलाज के लिए करुंगा।’’
(पीटीआई के इनपुट के साथ)